2022 से पहले शिवपाल ने सपा से गठबंधन के दिए संकेत, बोले- पार्टी अलग परिवार तो एक ही
फिरोजाबाद। 2022 विधानसभा चुनावों से पहले प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, 'हमारे परिवार में कोई खटपट नहीं है, सिर्फ राजनीतिक दल अलग-अलग हैं।' उन्होंने फिरोजाबाद में मीडिया से बात करते हुए कहा, हमारा प्रयास है कि हम 2022 में समाजवादी पार्टी से तालमेल करेंगे, लेकिन हमारी पार्टी रहेगी और चुनाव चिह्न हमारा चाबी ही रहेगा।

प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव शुक्रवार को फिरोजाबाद पहुंचे। उन्होंने यहां जिला कारागार में सजा काट कर रहे पूर्व विधायक अजीम भाई से मुलाकात की। इसके बाद शिवपाल मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के साथ होली मनाने के सवाल पर शिवपाल ने कहा कि परिवार एक है, कोई खटपट नहीं है। अभी तक परिवार में कोई बंटवारा भी नहीं हुआ है। सभी का एक ही घर है फिर खटपट कैसी।
सपा से गठबंधन के दिए संकेत
शिवपाल यादव ने कहा कि हमारी पार्टी अलग है। हमारा प्रयास है कि हम 2022 में समाजवादी पार्टी से तालमेल करेंगे, लेकिन हमारी पार्टी रहेगी और चुनाव चिह्न हमारा चाबी ही रहेगा। इस दौरान यस बैंक के मामले पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा, इस सरकार में परेशानियां ही परेशानियां हैं। पहले नोटबंदी हुई, फिर जीएसटी। पूरे देश की जनता इनसे परेशान हैं। जब से भारतीय जनता पार्टी सरकार में आई है परेशानी ही परेशानी है।
जेल में हो रहा है कैदियों का उत्पीड़न
फिरोजाबाद जिला जेल में अव्यवस्था को लेकर प्रसपा प्रमुख ने आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यहां कैदियों का उत्पीडऩ हो रहा है। उन्होंने खाना ठीक से न मिलने और पैसों की वसूली के आरोप भी लगाए। पूर्व विधायक को जेल में सुविधा मिलनी चाहिए, लेकिन इनका भी उत्पीडऩ किया जा रहा है। उनके साथ विधायक हरिओम यादव तथा मीरा राजपूत, डॉ शहरयार अली, रघुराज सविता व छुट्टन भाई थे।












Click it and Unblock the Notifications