WPL 2024: इन महिला खिलाड़ियों ने मचाया ‘ग़दर’ तो इन्होंने किया निराश; कुछ हो गईं मालामाल!
WPL 2024: इंडियन प्रीमियर लीग की तर्ज पर शुरू हुई वूमेन प्रीमियर लीग 2024 का दूसरा सीजन समाप्त हो गया है। फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने शानदार प्रदर्शन के दम पर दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हरा दिया।
इसी के साथ साल 2024 में आरसीबी ने डब्ल्यूपीएल की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। इस पूरे सीजन की बात करें तो कई महिला खिलाड़ी ऐसी रहीं जिनका प्रदर्शन कमाल का रहा तो कई खिलाड़ी ऐसी भी थी जिनके 'नाम बड़े और दर्शन छोटे' यानी अपने नाम के हिसाब से परफॉर्म नहीं कर पाईं। जबकि कई खिलाड़ियों ने अपनी काबिलियत साबित कर मालामाल हो गईं। आइए WPL में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर आंकड़ों के साथ एक नजर डालते हैं।

इन महिला खिलाड़ियों ने किया कमाल
एलिस पेरी
आरसीबी की एलिस पेरी ने इस सीजन में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों से धमाल मचा दिया। इस सीजन में एलिस पेरी ने सर्वाधिक रन बनाए और ऑरेंज कैप की हकदार बनीं। उन्होंने 9 पारियों में 69.4 की औसत के साथ 347 रन बनाए। पेरी का सर्वश्रेष्ठ स्कोर मुंबई के खिलाफ 66 रन की पारी थी। साथ ही इस सीजन में उन्होंने 102 रन देकर 7 विकेट भी चटकाए। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन मुंबई के खिलाफ 15 रन देकर 6 विकेट था।
शेफाली वर्मा
इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने भी कमाल का प्रदर्शन किया। वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज रहीं। उन्होंने 9 मैच की 9 पारियों में 309 रन बनाए। इस खिलाड़ी की औसत 38.62 और स्ट्राइक रेट 156.85 की रही। पूरे सीजन में 3 अर्धशतक लगाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 71 रन रहा। फाइनल मैच में शेफाली ने 27 गेदों में 44 रन की पारी खेली थी। शेफाली ने इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 20 छक्के भी लगाए।
दीप्ति शर्मा
यूपी वॉरियर्स टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने सच में ऑलराउंडर प्रदर्शन किया। उन्होंने 8 मैचों में 5 बार नाबाद रहते हुए 98.33 की औसत से 295 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 88 रन रहा। साथ ही दीप्ति शर्मा ने 8 मैचों में 21.7 की औसत से 10 विकेट भी लिए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/19 का रहा था।
श्रेयंका पाटिल
आरसीबी की स्पिन गेंदबाज श्रेयंका पाटिल ने भी इस सीजन में उम्दा प्रदर्शन किया। वे इस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज और पर्पल कैप की हकदार बनीं। उन्होंने 8 मैच की 8 पारियों में 12.07 की शानदार औसत के साथ 13 विकेट अपने नाम किए। उनका इकॉनमी रेट 7.30 का रहा। उन्होंने 2 बार 4-4 विकेट लिए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/12 का रहा। टूर्नामेंट के फाइनल मैच में श्रेयंका ने 12 रन देकर 4 विकेट निकाले।
आशा शोभना
आरसीबी की ही आशा शोभना ने भी शानदार प्रदर्शन किया और टूर्नामेंट में दूसरी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी रहीं। पूरे सीजन के 10 मैचों में 15.41 की औसत के साथ 12 विकेट झटके। उनका इकॉनमी रेट 7.11 का रहा। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/22 का रहा। दिल्ली के खिलाफ फाइनल में शोभना ने 14 रन देकर 2 विकेट लिए।
बल्लेबाजी और गेंदबाजी में इन्होंने बनाया खास रिकॉर्ड्स
बल्लेबाजी की बात करें तो दिल्ली की कप्तान मेग लैनिंग ने इस सीजन में सर्वाधिक 4 अर्धशतक लगाए। उनके अलावा दीप्ति शर्मा, शेफाली वर्मा और बेथ मूनी ने 3-3 अर्धशतक लगाए। जबकि इस सीजन में सबसे ज्यादा छक्के (20) भी शेफाली के बल्ले से निकले। इसके अलावा ऋचा घोष और हरमनप्रीत ने 10-10 छक्के लगाए। हालांकि, सबसे बड़ी पारी इस सीजन में हरमनप्रीत कौर (95 रन नाबाद) के नाम रही।
इस सीजन में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन की बात करें तो एलिस पेरी के नाम रही। उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में 15 रन देते हुए 6 विकेट चटकाए। इसके अलावा आरसीबी की आशा शोभना ने यूपी वॉरियर्स के खिलाफ 22 रन देकर 5 विकेट झटके थे। जबकि इस सीजन मैरिज़ान कैप इकलौती ऐसी खिलाड़ी रहीं जिन्होंने 7 मैचों में 2 मेडन ओवर किए।
इस सीजन में फिसड्डी साबित हुईं ये नामी महिला खिलाड़ी
एनाबेल सदरलैंड
टाटा डब्ल्यूपीएल 2024 की नीलामी में बड़ी बोली हासिल करने वाली दिल्ली कैपिटल्स की एनाबेल सदरलैंड ने बहुत ही निराश किया। उन्हें 2 करोड़ रुपये की बोली लगाकर दिल्ली ने खरीदा था। वह इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से 4 मैच खेलीं। बल्लेबाजी में उन्होंने सिर्फ 27 रन ही बनाएं जबकि गेंदबाजी की बात करें तो 4 मैचों में 102 रन लुटाकर सिर्फ 1 विकेट झटका।
चमारी अथापथु
श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम की कप्तान और टी20 में शतक बनाने वाली एकमात्र लंकाई महिला खिलाड़ी रहीं चमारी अथापथु डब्ल्यूपीएल में फेल हो गईं। यूपी वारियर्स की ओर से उन्होंने इस टूर्नामेंट के 4 मैचों में केवल 28 रन बनाए। साथ ही गेंदबाजी में भी कुछ खास नहीं कर पाईं। पूरे सीजन में उन्होंने सिर्फ 3 विकेट ही झटके।
पूजा वस्त्राकर
मुंबई इंडियंस की तेज गेंदबाज पूजा वस्त्राकर इस सीजन में अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रही। इस सीजन 9 मैच खेलें लेकिन सिर्फ 5 विकेट ही अपने नाम कर पाई। पूजा वस्त्राकर ने गुजरात जायंट्स के खिलाफ 4 ओवर में 45 रन लुटा दिए थे और सिर्फ एक विकेट हासिल किया था। यही नहीं आरसीबी के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में एक विकेट तक नहीं ले पाईं।
नेट साइवर-ब्रंट
नेट सीवर-ब्रंट का प्रदर्शन महिला प्रीमियर लीग 2023 में तो काफी धमाकेदार था लेकिन इस सीजन उतना ही खराब था। नेट सीवर-ब्रंट इस सीजन में बल्ले से बिल्कुल कमाल नहीं कर पाईं। इस सीजन के 9 मैच में सीवर-ब्रंट ने 19.11 की औसत से केवल 172 रन बनाये। सीजन में उनका सर्वाधिक स्कोर 45 रन था जो उन्होंने यूपी वारियर्स के खिलाफ बनाया था। हालांकि, गेंदबाजी में उन्होंने 9 पारियों में 10 विकेट झटके हैं।
हेली मैथ्यूज
महिला प्रीमियर लीग 2023 में हरफनमौला खिलाड़ी हेली मैथ्यूज ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन किया था। हालांकि, इस सीजन में वो अपनी छाप नहीं छोड़ पाई। इस सीजन में हेली मैथ्यूज ने 9 पारी में 20 के साधारण औसत से सिर्फ 180 रन बनाए। उन्होंने इस सीजन में सिर्फ एक अर्धशतक जड़ा। गेंदबाजी में बात की जाए तो उन्होंने 7 विकेट हासिल किए।
रेणुका सिंह
भारतीय क्रिकेट टीम की टॉप गेंदबाज रेणुका सिंह ने महिला प्रीमियर लीग 2024 में बेहद खराब प्रदर्शन किया। आरसीबी की इस खिलाड़ी ने टूर्नामेंट के 10 मैच में सिर्फ 2 विकेट झटके। साथ ही 8.07 की इकॉनोमी रेट से इस सीजन में 168 गेंदों (फेंकी) पर 226 रन लुटाए।
WPL 2024 में कौन सी टीम और किस खिलाड़ी को कितना मिला?
क्रम डब्ल्यूपीएल 2024 पुरस्कार पुरस्कार विजेता पुरस्कार राशि
1. विजेता रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 6 करोड़ रुपये
2. उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स 3 करोड़ रुपये
3. ऑरेंज कैप एलिस पेरी 5 लाख रुपये
4. पर्पल कैप श्रेयंका पाटिल 5 लाख रुपये
5. मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर दीप्ति शर्मा 5 लाख रुपये
6. इमर्जिंन प्लेयर ऑफ द सीजन श्रेयंका पाटिल 5 लाख रुपये
7. पॉवरफुल स्ट्राइकर ऑफ द सीजन जार्जिय वेयरहैम 5 लाख रुपये
8. सबसे ज्याद सिक्स शेफाली वर्मा 5 लाख रुपये
9. प्लेयर ऑफ द फाइनल सोफी मोलिनक्स 2.5 लाख रुपये
10. पॉवरफुल स्ट्राइकर ऑफ द फाइनल शेफाली वर्मा 1 लाख रुपये












Click it and Unblock the Notifications