India vs Bangladesh: हमेशा याद रहेंगे वो क्रिकेट मैच, जब इंडिया पर भारी पड़ा बांग्लादेश!
भारत-बांग्लादेश की क्रिकेट टीमें वनडे में 36 बार और टी20 में 11 बार आमने-सामने आई हैं। इन मैचों में ज्यादातर भारत ही बांग्लादेश पर हावी रहा लेकिन, जब भी भारत ने बांग्लादेश को कमजोर समझा, तभी बांग्लादेश ने पटखनी भी दी है।

रोहित शर्मा की अगुआई वाली भारतीय क्रिकेट टीम 4 दिसंबर से बांग्लादेश (IND vs BAN) के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलने उतरेगी। दोनों टीमों के बीच शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा। गौर करने वाली बात ये है कि इस सीरीज के पहले जब आखिरी बार भारत-बांग्लादेश वनडे सीरीज हुई थी तब बांग्लादेश ने भारत को 2-1 से हराकर सीरीज अपने नाम की थी।
भारत और बांग्लादेश की टीमें वनडे क्रिकेट में 36 बार आमने- सामने हुई हैं। इस दौरान टीम इंडिया ने 30 मैच जीते, जबकि बांग्लादेश ने 5 वनडे में जीत हासिल की। वहीं एक मुकाबला बेनतीजा रहा था। जबकि भारत और बांग्लादेश ने अभी तक टी-20 फॉर्मेट में कुल 11 मैच खेले हैं और बांग्लादेश इनमें से केवल एक ही जीता है। ऐसे में आज हम आपको बताएंगे वनडे और टी20 में भारत और बांग्लादेश के वे रोमांचक मुकाबले जहां बांग्लादेश भारत पर हावी रहा है, और वे मैच भी जिनमें भारत ने हिसाब चुकाया।
टीम इंडिया को करवाया वर्ल्ड कप से बाहर
2007 विश्व कप का भारत-बांग्लादेश मैच: 17 मार्च 2007 को वर्ल्ड कप में ही भारत और बांग्लादेश के खिलाफ एक मैच खेला गया था, जिसे क्रिकेट फैंस हमेशा याद रखेंगे। यह वो मैच था, जिसमें बांग्लादेश ने भारत को वर्ल्ड कप से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। भारतीय टीम टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 191 रन पर सिमट गई। इस मैच में सौरव गांगुली ने सर्वाधिक 66 रन और युवराज सिंह ने 47 रन बनाए थे। जबकि मशरफे मुर्तजा ने चार विकेट लिए थे। वहीं जवाब में उतरी बांग्लादेश की टीम के मुशफिकुर रहीम के 56 और शाकिब अल हसन के 53 रन की बदौलत 48.3 ओवर में ही पांच विकेट पर 192 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया था।
वर्ल्ड कप 2011 में भारत ने लिया 'बदला'
इस मैच को 'भारत का बदला' लेने वाला मैच के तौर पर भारतीय क्रिकेट प्रशंसक याद करते हैं। साल 2011 के वर्ल्डकप के ग्रुप स्टेज मैच में ओपनर वीरेंद्र सहवाग और उस समय के युवा स्टार विराट कोहली की तूफानी बल्लेबाजी देखने को मिली थी। भारत ने 50 ओवर में 4 विकेट पर 370 रन बनाए थे। वीरेंद्र सहवाग ने 140 गेंदों में 175 की विस्फोटक बल्लेबाजी की थी, जबकि युवा विराट कोहली ने 83 गेंदों पर शानदार शतक लगाया था। इसके जवाब में उतरी बांग्लादेश टीम भी काफी मजबूत लग रही था लेकिन अतत: 50 ओवर में नौ विकेट पर 283 रन ही बना पाई। इस मैच में तमीम इकबाल ने 70 और शाकिब अल हसन ने 55 रन बनाए थे। मुनाफ पटेल ने चार विकेट लिए थे। कहते हैं कि 2011 में भारत ने 2007 वर्ल्ड कप में मिली हार का बदला लिया था।
जब 58 रन पर सिमट गई थी बांग्लादेश
साल 2014 में भारतीय टीम 3 मैचों की सीरीज के लिए बांग्लादेश के दौरे पर थी। सीरीज का दूसरा मुकाबला ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर गेंदबाजी ली। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम सिर्फ 25.3 ओवर में 105 रनों पर सिमट गई। इस मैच में सिर्फ सुरेश रैना ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए थे। वहीं तस्कीन अहमद ने पांच विकेट झटके थे। भारत की हार तय मानी जा रही थी और उधर बांग्लादेश की टीम शायद ओवर कॉन्फिडेंस हो गई थी। लेकिन इस मैच में स्टुअर्ट बिन्नी ने कमाल कर दिया। बिन्नी ने 4.4 ओवर में महज चार रन देकर छह विकेट हासिल कर लिए थे। जबकि मोहित शर्मा को भी चार सफलता मिली थी। आश्चर्य की बात ये है कि बांग्लादेश की टीम लो-स्कोरिंग मैच में 17.4 ओवर में 58 रन पर सिमट गई थी। वहीं इस मैच बारिश हो गई थी इसलिए टीम इंडिया यह मैच डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 47 रन से जीत गई थी।
बांग्लादेश ने T20 जीत की इकलौती स्क्रिप्ट लिखी
3 नवंबर 2019 को खेले गए एक टी20 मुकाबले में बांग्लादेश को हल्के में लेना भारत को भारी पड़ गया था। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 6 विकेट पर 148 रन बनाए थे। इस मैच में रोहित और राहुल दोनों बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे थे। अब बांग्लादेश के सामने 149 रन का लक्ष्य था, जिसे मुस्फिकर रहीम की 60 रनों की पारी की बदौलत टीम बांग्लादेश ने 3 गेंद पहले ही 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया था और इसी के साथ भारत के खिलाफ बांग्लादेश ने दिल्ली में खेला वो मैच 7 विकेट से जीत लिया। साथ ही इतिहास भी रचा क्योंकि वो टी20 में बांग्लादेश की भारत के खिलाफ पहली जीत थी।
भारत के लिए चमत्कार बनी बारिश
साल 2022 के टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भारत और बांग्लादेश के मैच में बारिश भारत के लिए चमत्कार बन गई। भारतीय टीम ने रोमांचक मैच में बांग्लादेश को पांच रन से हराया था। यहां गौर करने वाली बात ये है कि 185 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम के लिए शुरुआत बेहद शानदार रही। 7 ओवर तक टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 66 रन बना लिए थे। तभी सातवें ओवर में तेजी से बारिश होने लगी और मैच को रोक दिया गया। तब नजमुल हुसैन शांतो 16 गेंदों में सात रन और लिटन दास 26 गेंदों में 59 रन बनाकर तूफानी बल्लेबाजी कर रहे थे। करीब एक घंटे बाद बारिश रुकी। बारिश के कारण डकवर्थ लुईस नियम के मुताबिक, बांग्लादेश को 16 ओवर में जीत के लिए 151 रन का लक्ष्य मिला। ऐसे में उसे अब नौ ओवर में 85 रनों की और जरुरत थी। तब बांग्लादेश के हाथों में 10 विकेट थे, लेकिन टीम इंडिया ने वापसी कर मैच पलट दिया और बांग्लादेश को 5 रन से हराया।












Click it and Unblock the Notifications