ONDC: क्या है ओएनडीसी जिसने फ्लिपकार्ट और स्विगी जैसे एप्स की बढ़ाई समस्या!
ONDC: कोच्चि मेट्रो रेल ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी) नेटवर्क में शामिल हो गई है, जिससे यह चेन्नई मेट्रो के बाद ऐसा करने वाली दूसरी मेट्रो सेवा बन गई है। कोच्चि मेट्रो के ओएनडीसी पर उपलब्ध होने की वजह से अब यात्री, पेटीएम, रैपिडो और रेडबस जैसे एप्स के माध्यम से सिंगल और रिटर्न सफर करने के लिए टिकट खरीद सकेंगे।
क्या है ओएनडीसी
ओएनडीसी का मतलब है ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स, जो भारत में डिजिटल कॉमर्स इकोसिस्टम को बदलने के लिए एक बहुत ही गज़ब तकनीकी पहल है। इस प्लेटफॉर्म को भारत सरकार द्वारा शुरू किया गया है जो देश के बड़े से बड़े उद्योग से लेकर छोटे से छोटे व्यापार को जोड़ने का काम करता है।

आसान शब्दों में समझें तो ओएनडीसी एक प्लेटफार्म है, जो यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआइ) के जैसा ही है, जो विभिन्न ई-कॉमर्स मर्चेंट्स को जोड़ता है, और बहुत कम कमीशन चार्ज करता है। ओएनडीसी व्यापारियों, ग्राहकों और डिलीवरी पार्टनर को एक साथ लाता है और बीच में एग्रिगेटर्स जैसे फ्लिपकार्ट, जोमेटो, स्विगी, मेक माय ट्रिप, आदि की जरूरत को खत्म करता है। ओएनडीसी की स्थापना मिनिस्ट्री ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा 31 दिसंबर, 2021 को की गई थी। वर्तमान में इसके चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) थम्पी कोशी है।
क्या है ओएनडीसी का उद्देश्य
ओएनडीसी का उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर गुड्स और सर्विसेज के लेन-देन के लिए ओपन नेटवर्क को बढ़ावा देकर एक फेयर और इंक्लूसिव डिजिटल शॉपिंग इकोसिस्टम बनाना है। ओएनडीसी एक प्लेटफॉर्म-सेंट्रिक मॉडल से ओपन नेटवर्क तक जाकर ई-कॉमर्स और एग्रीगेटर जैसे फ्लिपकार्ट, मिंत्रा, अमेज़न, स्विगी, ज़ोमाटो के बढ़ते राज को सीमित करता है, जिससे व्यापारियों को डेटा बचाने, क्रेडिट हिस्ट्री बनाने और ग्राहकों तक पहुंचने में आसानी होती है। इसका उद्देश्य छोटे व्यापारों और बड़े उद्यमों को बराबरी पर लाना है। ओएनडीसी विभिन्न ई-कॉमर्स व्यापारियों और ग्राहकों को साथ लाकर अधिक विकल्प, कम कीमत, छूट प्रदान करता है।
कैसे इस्तेमाल करें ओएनडीसी
ओएनडीसी का उपयोग करने के लिए यूजर को सबसे पहले ओएनडीसी सपोर्ट करने वाले एप्स जैसे कि पेटीएम, पिनकोड बाय फोनपे, क्राफ्ट्सविला, मैजिकपिन, मायस्टोर डाउनलोड करना होता है। एक बार जब यूजर एप डाउनलोड कर लेता है, तो उसे एप पर खुद को रजिस्टर करना होता है। रजिस्टर करने के बाद, यूजर लिस्ट किए गए गुड्स और सर्विसेज को ब्राउज़ कर सकता है।
यूजर ओएनडीसी एप का उपयोग करके उन प्रोडक्ट्स को सर्च कर सकता है जिन्हें वो खरीदना चाहता है। फिर यूजर प्रोडक्ट को कार्ट में ऐड करके ऑर्डर कर सकता है। फिर यूजर यूपीआइ या क्रेडिट कार्ड से भुगतान कर सकता है। उस ऑर्डर के लिए एक डिलीवरी पार्टनर को विशेष रूप से नियुक्त किया जाएगा और फिर यूजर ओएनडीसी एप के माध्यम से अपने ऑर्डर को ट्रैक कर सकता है।
ओएनडीसी आपके लिए कैसे फायदेमंद
इसे समझने के लिए हमें एक उदाहरण का सहारा लेना होगा। मान लीजिए आपके घर के पास 'दिल्ली दरबार' रेस्टोरेंट है। आपको एक रात भूख लगी तो आपने सोचा कि मैं उस रेस्टोरेंट से खाना मंगाता हूं। आप पेटीएम, पिनकोड बाय फोनपे, आदि के माध्यम से ओएनडीसी पर गए, वहां पर आपने खाने का ऑर्डर दिया जिस पर टैक्स लग जाने के बाद कीमत ₹300 हो जाती है। अब इस पर ओएनडीसी अपना लगभग 3% कमीशन काटेगा, जिससे आपका बिल लगभग ₹309 हो जायेगा। और इस कीमत में आपकी खाने की कीमत, ओएनडीसी का कमीशन, डिलीवरी की लागत और टैक्स, आदि सब शामिल हैं।
अब इसी उदाहरण के साथ किसी फूड डिलीवरी एप जैसे ज़ोमाटो या स्विगी के मॉडल के बारे में समझते हैं। आपके ऑर्डर का मूल्य टैक्स सहित लगभग ₹300 हुआ। अब फूड डिलीवरी एप्स खाने की कीमत के ऊपर अपना लगभग 15 से 25% कमीशन लेते हैं। तो जब टैक्स और खाने की कीमत को मिलाकर आपका बिल हो रहा है ₹300, तो उसके ऊपर इन एप्स द्वारा अपना कमीशन जोड़ने के बाद आपके खाने की कीमत लगभग ₹345 से ₹375 हो जाती है। तो आपको इस उदाहरण से साफ पता चल गया होगा कि ओएनडीसी से खाना मंगवाना आपके लिए ज्यादा फायदेमंद है या फूड डिलीवरी एप्स से!
वर्तमान में कितने शहरों में मौजूद ओएनडीसी
ओएनडीसी वर्तमान में देश भर के कई बड़े शहरों में उपलब्ध है, जिसमें दिल्ली एनसीआर (गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, फरीदाबाद), महाराष्ट्र (पुणे, मुंबई, थाने, नवी मुंबई, नासिक), कोलकाता, बैंगलोर, चेन्नई, कांचीपुरम, हैदराबाद, बागलकोट और लखनऊ शामिल हैं।
ओएनडीसी, टियर 2 और टियर 3 शहरों और उससे आगे तक अपनी पहुंच का विस्तार करने की भी योजना बना रहा है, जिसमें 14 से 18 भाषाओं में व्यापारियों के लिए एक ऑनलाइन कोर्स और खरीदारों को ओएनडीसी के बारे में समझाने के लिए दूरदर्शन पर प्रोग्रामिंग शामिल है। नेटवर्क को 620 शहरों से ऑर्डर मिले हैं, जिनमें से कम से कम 24 शहरों में पिछले कुछ महीनों में सप्ताह में दो बार 100 से अधिक ऑर्डर मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications