Long Life: यदि सौ साल जीना हो तो अपनाइए ये आदतें
Long Life: लंबी उम्र की चाहत किसको नहीं होती, पर दीर्घायु जीवन हमारे स्वास्थ्य के साथ साथ हमारी सामाजिक और मानसिक सन्तुष्टियों पर भी निर्भर करता है। चिकित्सा अनुसंधान के सबसे प्रमुख प्रश्नों में से एक है कि मानव शतायु कैसे हों और स्वस्थ जीवन कैसे जीया जाए। इस प्रश्न का जवाब मनुष्य सदियों से औषधि निर्माण और जीवन शैलियों में खोजने में निरंतर लगा हुआ है। फिर भी 100 प्लस के क्लब में पूरी दुनिया में कुछ लाख लोग ही शामिल हैं, क्योंकि इस उम्र तक गिने चुने लोग ही जीवित रह पाते हैं। हाल ही में कुछ वैज्ञानिकों ने लंबी उम्र जीने के रहस्य का पता लगाया है। आखिर क्या है शतायु जीवन जीने का रहस्य ?
कुछ साल पहले नेशनल ज्योग्राफिक में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार दुनिया के पांच ऐसे विशिष्ट क्षेत्रों की पहचान की गयी है, जिन क्षेत्रों में 100 वर्ष से अधिक उम्र के लोग रहते हैं। ये क्षेत्र हैं: सार्डिनिया (इटली), इकारिया (ग्रीस), निकोया (कोस्टारिका), लोमा लिंडा (कैलिफ़ोर्निया), एवं ओकिनावा (जापान)। इन पांचों क्षेत्रों को "ब्लू जोन" नाम दिया गया। नेशनल ज्योग्राफिक के अनुसार ये वे स्थान हैं जहां मनुष्य स्पष्ट रूप से सबसे लंबे समय तक जीवित रहे हैं और उनके जीवन के अध्ययन से प्रमाणित हुआ कि इन लोगों की जीवनशैली और उनके आस पास के वातावरण को अपना कर हम अपने जीवन को लंबा कर सकते हैं।

दीर्घायु जीवन के लिए कोई शॉर्टकट नहीं
दुनियाभर में लंबी आयु प्राप्त करने के लिए निरंतर शोध हो रहा है। शतायु जीवन जीने वाले मनुष्यों की दिनचर्या, खान पान एवं उनकी गतिविधियों पर रिसर्च के बाद एक्सपर्ट्स ने एकमत होकर माना है कि शतायु अथवा लंबे जीवन के लिए कोई झटपट वाली औषधि नहीं है। लंबी आयु तक जीने वाले मनुष्य एक खास प्रक्रिया के अनुसार अपना जीवन जीते हैं। उनके कार्यकलाप दीर्घकालिक होते हैं, जिन्हें पावर 9 कहा जाता है, इसमें सम्मिलित होते हैं।
स्वाभाविक जीवन, जीवन में एक विशेष उद्देश्य, तनाव रहित जिंदगी, भूख का 80 प्रतिशत ही भोजन, शाकाहारी भोजन की मात्रा ज्यादा, कम शराब का सेवन, स्वस्थ कम्युनिटी में रहना, परिवार को महत्व देना, अकेलेपन से बचना एवं अपने सामाजिक दायरे का निर्माण करना इस पावर 9 के अंग हैं।
दीर्घायु जीवन के लिए लें सर्वोत्तम आहार
यदि आप यह जानना चाहते हैं कि एक शतायु व्यक्ति ने 100 वर्ष का होने तक क्या किया, तो आपको यह जानना होगा कि उन्होंने अपने पूरे जीवन में क्या खाया और क्या नहीं खाया। एक रिसर्च रिपोर्ट के अनुसार 100 वर्षों तक जीवित रहने वाले व्यक्ति अपने भोजन में क्षेत्रीय और पारंपरिक आहार ही लेते हैं, जिसका 90 प्रतिशत से अधिक हिस्सा वनस्पति-आधारित स्रोतों से आता है।
दुनिया में हर दीर्घायु आहार का आधार मुख्यतः साबुत अनाज, फल, ड्राई फ्रूट्स, हरी सब्जियाँ, कंद और जलीय जीव होते हैं। उम्र और शरीर के अनुपात में प्रोटीन, वसा, कैलोरी, विटामिन, कार्ब, फाइबर, पोटेशियम, केल्शियम, आयोडीन और पानी आदि की आवश्यकता होती है। भोजन उगाने, भोजन बनाने एवं भोजन चबाने में स्वच्छता और स्वास्थ्य दोनों का ध्यान रखते हैं। स्वस्थ आहार उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को नियंत्रित करते हैं उन जीनों को भी नियंत्रित कर सकते हैं जो कोशिकाओं के क्षतिग्रस्त करने के लिए जिम्मेदार हैं।
सक्रिय रहना बहुत जरुरी
लंबी आयु के लिए सक्रिय और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाना बहुत जरूरी है। यह मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है। अधिक उम्र हो जाने के बाद व्यायाम के बदले गार्डेनिंग, प्राणायाम, ध्यान, पदचलन एक सही विकल्प के तौर पर आजमा सकते हैं। सक्रिय रहने के लिए आप दूसरों की सहायता भी कर सकते हैं। छोटे बच्चों को पढ़ाना, अपने अनुभवों द्वारा दूसरों की मदद करना, काउंसलिंग करना भी इसमें शामिल हो सकता है। इससे शरीर एक्टिव रहता है।
तनाव को कम करें
तनाव हमारे स्वास्थ्य को कई तरह से प्रभावित कर सकता है। यह हमारे हृदय स्वास्थ्य, पाचन तंत्र और प्रतिरक्षा प्रणाली को नुकसान पहुंचा सकता है। तनाव को कम करने के लिए योग, ध्यान या अन्य आराम तकनीकों का अभ्यास किया जा सकता है। तनाव कम करने के लिए आप मित्रों और परिजनों के साथ भी समय व्यतीत कर सकते हैं।
बुरी आदतों से बचें
लंबा जीवन जीने के लिए बुरी आदतों से बचें। सोच समझकर खाए पीएं और धूम्रपान तो बिलकुल ना करें। धूम्रपान स्वास्थ्य को जोखिम में डालने वाला एक प्रमुख कारक है। यह फेफड़ों के कैंसर, दिल के रोग और स्ट्रोक के जोखिम को बढ़ाता है। वहीं शराब का सेवन ठंडे प्रदेशों में स्वास्थ्य के लिए कुछ लाभ दे सकता है, लेकिन शराब का अधिक मात्रा में सेवन हानिकारक हो सकता है। पुरुषों के लिए प्रति दिन दो पेय और महिलाओं के लिए प्रति दिन एक पेय से अधिक शराब का सेवन नहीं करना चाहिए।
पर्याप्त नींद लें
नींद हमारे शरीर और दिमाग के लिए आवश्यक है। पर्याप्त नींद न लेने से थकान, ध्यान की कमी और हृदय रोग का खतरा बढ़ सकता है। वयस्कों को हर रात 7-8 घंटे की नींद लेनी चाहिए। एक अच्छी नींद कई बीमारियों को दूर करती है।
नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच करवाएं
स्वस्थ और लंबे जीवन हेतु हमें नियमित स्वास्थ्य जांच करवाना चाहिए, इससे हम किसी भी संभावित स्वास्थ्य समस्याओं का जल्दी पता लगा सकते हैं और उनका इलाज कर सकते हैं।
हर कोई लंबा और स्वस्थ जीवन जीना चाहता है। सौ साल जीना एक चुनौती हो सकती है, लेकिन यह असंभव नहीं है। इन आदतों को अपनाकर बीमारियों के जोखिम को कम कर सकते हैं, अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं और अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देकर हम अपने जीवनकाल को बढ़ा सकते हैं और एक लंबा और स्वस्थ जीवन जी सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications