Harassment by Celebrity: देश-दुनिया की इन नामी हस्तियों पर लग चुके हैं यौन उत्पीड़न के आरोप
दुनिया भर में हिट हुई दक्षिण कोरियाई वेब सीरीज स्क्विड गेम्स के 79-वर्षीय अभिनेता ओह यंग सू, हाल ही में यौन उत्पीड़न के मामले में दोषी करार दिए जा चुके हैं।
उन्हें 2017 में डेगू में एक महिला को गलत तरीके से छूने और उसके गाल पर किस करने के लिए दोषी ठहराया गया है। ओह को दिसंबर 2021 में पीड़ित महिला द्वारा उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा था। अदालत ने उन्हें 15 मार्च को इन आरोपों का दोषी पाया और उन्हें 40 घंटे 'सेक्सुअल वायलेंस ट्रीटमेंट प्रोग्राम' में हिस्सा लेने की सजा सुनाई, जिसमें उन्हें 8 महीने की सजा भी सुनाई जा सकती है।

विन डीजल
दिसंबर 2023 में मशहूर अमेरिकी एक्टर और फिल्म प्रोड्यूसर विन डीजल पर एस्टा जॉनसन नाम की एक पूर्व असिस्टेंट ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। लॉस एंजेलिस में दायर मुकदमे में जॉनसन ने आरोप लगाया कि डीजल ने 2010 में फिल्म 'फास्ट फाइव' की शूटिंग के दौरान उनका यौन उत्पीड़न किया था।
मुकदमे में दावा किया गया था कि डीजल ने जबरन उनके गुप्तांगो को छुआ, उन्हें चूमा और उन्हें अपना गुप्तांग छूने के लिए मजबूर किया, यहां तक कि उन्होंने उनके सामने हस्तमैथुन भी किया। जॉनसन ने मुकदमे में बताया कि उनके रोकने के बावजूद डीजल ने उन्हें दीवार की ओर धक्का दिया और उनके साथ मारपीट की। उत्पीड़न के कुछ घंटों बाद ही जॉनसन को नौकरी से निकाल दिया गया था।
जितेंद्र कपूर
दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता जितेंद्र के खिलाफ यौन शोषण का आरोप उनकी चचेरी बहन ने 2018 में दर्ज कराया था। जितेंद्र की बहन ने उन पर 1971 में शिमला में उनके साथ मारपीट करने और यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था, जब वह मात्र 18 साल की थी और जितेंद्र 28 साल के थे।
पीड़ित महिला ने शिमला पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि जब वो लोग शिमला में थे, तब जितेंद्र नशे की हालत में उनके कमरे में घुसे और उनके अलग-अलग बिस्तरों को एक साथ जोड़ दिया और फिर उनका यौन शोषण किया। हालांकि, बाद में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने जितेंद्र के खिलाफ एफआईआर को 'अस्पष्ट' और 'बेतुका' बताते हुए खारिज किया क्योंकि आरोपों को साबित करने के लिए उनके पास ठोस सबूत नहीं थे।
अनु मलिक
म्यूजिक कंपोजर और गायक अनु मलिक पर गायिका सोना मोहपात्रा, श्वेता पंडित और नेहा भसीन सहित कई महिलाओं ने 2018 में #MeToo कैंपेन के दौरान यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। मलिक के खिलाफ आरोपों में महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां, अनुचित व्यवहार और यौन उत्पीड़न के मामले शामिल थे।
अनु मलिक ने इन सभी आरोपों से इनकार किया और कहा कि दो बेटियों के पिता होने के नाते वो ऐसी हरकत करने के बारे में सोच भी नहीं सकते। हालांकि 17 जनवरी, 2020 को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने पुख्ता सबूतों की कमी के कारण ये मामला बंद कर दिया लेकिन यह भी कहा कि अगर भविष्य में भी उनके खिलाफ कोई सबूत मिलते हैं, तो ये कार्यवाही फिर से शुरू की जाएगी।
मॉर्गन फ्रीमैन
मई 2018 में अमेरिकी एक्टर और फिल्म प्रोड्यूसर मॉर्गन फ्रीमैन पर 8 महिलाओं ने यौन उत्पीड़न, दुर्व्यवहार और 'अनवांटेड टचिंग' के आरोप लगाए, जो मूवी सेट पर उनकी कंपनी रिवीलेशन एंटरटेनमेंट में और इंटरव्यू के दौरान हुए। आरोपों में फ्रीमैन द्वारा भेदभाव करने वाली बातें बोलने, महिलाओं के शरीर के बारे में अभद्र बात कहने और गलत तरीके से उनके शरीर छूने के बारे में बताया गया।
इन महिलाओं के आरोपों के बाद, रिवीलेशन एंटरटेनमेंट में काम कर चुकी कई पूर्व महिला कर्मचारी भी फ्रीमैन के ऐसे व्यवहार पर खुलकर सामने आई। आरोपों के बाद फ्रीमैन ने एक माफी जारी की, जिसमें उन्होंने कहा कि उनका कभी भी किसी को अपमानित करने या असुरक्षित महसूस कराने का इरादा नहीं था।
नाना पाटेकर
भारतीय अभिनेता नाना पाटेकर पर यौन उत्पीड़न मामले में अभिनेत्री तनुश्री दत्ता द्वारा आरोप लगाए थे। तनुश्री ने नाना पाटेकर पर 2008 में एक फिल्म के सेट पर उनका यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। तनुश्री दत्ता ने अक्टूबर 2018 में नाना पाटेकर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें दावा किया गया कि उन्होंने फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' के एक गाने की शूटिंग के दौरान उनके साथ अनुचित व्यवहार किया था। हालांकि, एक जांच के बाद मुंबई पुलिस ने अपनी रिपोर्ट दायर की, जिसमें कहा गया कि उन्हें तनुश्री दत्ता के दावों का कोई ठोस सबूत नहीं मिला। इसके कारण नाना पाटेकर को पुलिस ने यौन उत्पीड़न के आरोपों से मुक्त करते हुए क्लीन चिट दे दी थी।
डोनाल्ड ट्रंप
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप दशकों से चले आ रहे हैं और उनमें कई महिलाएं शामिल हैं। आपको बता दें कि 70 के दशक से लेकर अब तक डोनाल्ड ट्रंप पर कम से कम 25 महिलाओं ने बिना सहमति चूमने, छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप लगाए हैं।
कुछ प्रमुख पीड़ित महिलाओं में जेसिका लीड्स शामिल है, जिन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंप ने 70 के दशक के अंत में एक हवाई जहाज पर उनके साथ छेड़छाड़ की थी। इवाना ट्रंप, जो उनकी पहली पत्नी, उन्होंने 1989 में उनकी शादी के दौरान उन पर बलात्कार करने का आरोप लगाया था। क्रिस्टिन एंडरसन, एमी डोरिस और केरेना वर्जीनिया जैसी अन्य महिलाओं ने भी ट्रंप पर यौन उत्पीड़न सहित मारपीट के आरोप लगाए हैं।
माइकल जैक्सन
वर्ष 2003 में अमेरिकी सिंगर और डांसर माइकल जैक्सन पर बच्चों के यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए गए थे। उन पर बच्चों के साथ छेड़छाड़ के सात मामलों और दुर्व्यवहार के मकसद से नशीले पदार्थ देने के दो मामलों के आरोप लगाए गए थे।
ये आरोप 13-वर्षीय लड़के, गैविन अरविज़ो द्वारा लगाए गए थे, जिसने जैक्सन पर कैलिफोर्निया में अपने नेवरलैंड रेंच स्टेट में उनके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। माइकल जैक्सन के खिलाफ इस मामले में मुकदमा 2005 में शुरू हुआ था। इस मुकदमे ने दुनिया भर की मीडिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया, हालांकि 13 जून 2005 को माइकल को छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार के सभी मामलों से बरी कर दिया गया था।
कोबी ब्रायंट
कोबी ब्रायंट यौन उत्पीड़न मामला जुलाई 2003 का है, जब पेशेवर बास्केटबॉल खिलाड़ी ब्रायंट को 19-वर्षीय होटल कर्मचारी द्वारा यौन उत्पीड़न की शिकायत की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। आरोप लगाने वाली महिला ने ब्रायंट पर अपने होटल के कमरे में उसके साथ बलात्कार करने का आरोप लगाया, जिसके बाद ब्रायंट ने यौन संबंध बनाने की बात स्वीकार की, लेकिन दावा किया कि यह सहमति से हुआ था।
इस मामले ने मीडिया का काफी ध्यान आकर्षित किया और जब आरोप लगाने वाली महिला ने गवाही देने से इनकार कर दिया तो आपराधिक मामला हटा दिया गया और सिविल मुकदमे का निपटारा अदालत के बाहर कर दिया गया। ब्रायंट ने आरोपों से इनकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।












Click it and Unblock the Notifications