छत्तीसगढ़: स्कूल में छात्रों से बॉडी मसाज करा रहा था टीचर, VIDEO वायरल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक स्कूल टीचर की हैरान कर देने वाली करतूत सामने आई है। सोशल मीडिया में वायरल हुए वीडियो से खुलासा हुआ है कि टीचर लंच ब्रेक में कॉपी चेक कराने आने वाले छात्रों से बॉडी मसाज कराता था।

करीब 20 दिन पुराना वीडियो सोशल मीडिया में अब सामने आया है। जशपुर के फरसाबहार क्षेत्र में स्थित टुमला हाईस्कूल में तीन छात्र जमीन पर लेटे टीचर के सिर और पैरों पर मसाज कर रहे हैं।
यह भी कहा जा रहा है कि अंग्रेजी टीचर अनूप मिंज ने बाकी टीचर्स के सामने छात्रों को मसाज के लिए कहा था, लेकिन किसी ने भी इस बात का विरोध नहीं किया।
टीचर सस्पेंड, जांच के आदेश
जशपुर के एसपी जीएस जयसवाल ने कहा कि मामले की शिकायत नहीं की गई है, लेकिन यह छात्रों से जुड़ा संवेदनशील मुद्दा है और जिला शिक्षा अधिकारी को इस संबंध में तुरंत शिकायत दर्ज करानी चाहिए। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी एसएन पांडा ने कहा कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। आरोपी टीचर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
टीचर ने दी सफाई
आरोपी टीचर ने कहा कि घटना वाले दिन वह बुखार और बदन दर्द से परेशान था। उसने छात्रों से कुछ नहीं कहा, वे अपनी मर्जी से ऐसा कर रहे थे।
कुछ महीने पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
बता दें कि कुछ महीने पहले जशपुर जिले में ही एक स्कूल टीचर पर छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप लगा था। टीचर पर आरोप था कि वह छात्राओं से जबरन कॉपी पर I LOVE YOU लिखवाता था।












Click it and Unblock the Notifications