Strange Records: अपनों के लिए क्या-क्या कर गुजरते हैं लोग
Strange Records: अपने परिवारजनों के लिए इंसान क्या कुछ नहीं कर जाता है। दुनिया में ऐसे कई उदाहरण हैं, जिनमें लोगों ने अपने परिवार के सदस्यों के लिए ऐसे - ऐसे काम कर दिए कि लोग उन्हें देख या उनके बारे में सुन कर दातों तले अंगुली दबा लेते हैं। ऐसे लोग सारी दुनिया में फेमस हो जाते हैं। कुछ ऐसे ही लोगों के बारे में हम आपको बताएंगे जिन्होंने अपने परिवार के लिए कुछ अलग ही रिकॉर्ड बना डाले और दुनियाभर में नाम भी कमाया।
बेटी के प्यार में पापा ने बनवाए टैटू, बना दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड
ब्रिटेन के इवांस नाम के व्यक्ति ने अपनी बेटी लुसा का नाम 667 बार गुदवाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले साल 2017 में भी इवांस ने शरीर पर टैटू बनवाने का रिकॉर्ड बनाया था। उस समय उन्होंने अपनी बेटी लुसी का नाम अपनी पीठ पर 267 बार गुदवाया था। पर, 2020 में ये रिकॉर्ड टूट गया था जब अमेरिकी डिएड्रा विजिल ने अपने नाम का 300 बार टैटू बनवाकर नया रिकॉर्ड बना लिया था। अब 2023 में फिर एक बार इवांस ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड फिर से हासिल कर लिया है। इवांस ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स डॉट कॉम को अपने इंटरव्यू में बताया कि उसे ये टैटू को पूरा करने में साढ़े पांच साल लगे हैं। उनके दोनों पैरों पर भी 200-200 टैटू हैं।

पत्नी और बच्चों की याद में बन गया करोड़पति
पूर्वी चीन के झेजियांग प्रांत की राजधानी हांगझू का रहने वाला एक शख्स काम के सिलसिले में घर से बाहर रह रहा था। उसे लॉटरी की टिकट खरीदने की आदत थी। ऐसे में एक दिन उसने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की याद में उन सबकी जन्मतिथि वाले अंकों की सीरीज पर दांव लगाकर लॉटरी की टिकट खरीद ली। और उसकी किस्मत ऐसी चमकी कि उसने 77 मिलियन-युआन (लगभग 90 करोड़ रुपये) लॉटरी का जैकपॉट जीत लिया। इस शख्स की कहानी पर एक चीनी सोशल मीडिया यूजर ने कहा था कि जो व्यक्ति अपने परिवार से प्यार करता है वह बदकिस्मत नहीं होगा। दूसरे ने लिखा था कि यह भगवान का दिया उपहार है। तो वहीं तीसरे ने लिखा कि किस्मत कब चमक जाए कह नहीं सकते।
भाई-बहनों ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड
कनाडा में रहने वाले 12 भाई-बहनों के एक परिवार ने सबसे अधिक संयुक्त आयु के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। इन सभी की संयुक्त आयु 1042 वर्ष और 315 दिन है। कनाडा में रहने वाले 12 भाई-बहनों के परिवार में 9 बहनें जबकि 3 भाई हैं । इस परिवार के एक सदस्य जॉइस डिसूजा की मानें तो ये उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। आपको बता दें कि इन सभी भाई-बहनों की उम्र 75 से 97 के बीच है। इस परिवार में सबसे छोटे सदस्य की उम्र 75 वर्ष है। जबकि सबसे बड़े सदस्य की उम्र 97 वर्ष है।
बहन ने भाई को लिखी चिट्ठी
अब आप सोच रहे होंगे कि चिट्ठी लिखने से क्या मतलब है। चिट्ठी तो आए दिन हर कोई लिखता है। पर ये ऐसी-वैसी चिट्ठी नहीं है। चलिए बताते हैं। दरअसल, केरल के इद्दुकी में रहने वाली कृष्णाप्रिया ने अपने 21 साल के भाई कृष्णप्रसाद के लिए वर्ल्ड ब्रदर्स डे के मौके पर चिट्ठी के जरिए अपनी बात लिखी जो वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गई। इस चिट्ठी का वजन 5.27 किलो और लंबाई 434 मीटर निकली। पार्सल में चिट्ठी देखने के बाद भाई दंग रह गया। उसने जब कोलकाता के यूनिवर्सल रिकॉर्ड फोरम को लेटर भेजा, तो इसके रिकॉर्ड बनने की पुष्टि हुई।












Click it and Unblock the Notifications