Kashi of China: चीन में भी है एक काशी, जहां लगा है बड़ा मेला
Kashi of China: पड़ोसी देश चीन में भी है एक प्राचीन नगरी, जिसका नाम है काशी। इस काशी को लेकर लोगों की दिलचस्पी इन दिनों काफी बढ़ गई है।
चीन की यह ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगरी काशी उत्तर-पश्चिमी चीन के उइगुर मुस्लिम बहुल प्रांत शिनजियांग में स्थित है और यहाँ इस समय स्प्रिंग फेस्टिवल गाला (वसंत महोत्सव पर्व) चल रहा है। पिछले रविवार को इस काशी की लोकप्रियता में 270 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई।

भारत की काशी का चीन की काशी से है कैसा रिश्ता
चौथी शताब्दी में भारत के बौद्ध भिक्षु कश्मीर के कुमारजीव की चीन यात्रा वहां शिनजियांग के काशगर या काशी को समृद्ध करने वाली रही। काशी के पास जियान में कुमारजीव की 'समाधि' स्थित है। भारतीय बौद्ध भिक्षुओं की विद्वतापूर्ण चर्चाओं और शास्त्रों के अध्ययन के कारण शिनजियांग के काशगर को मध्य एशिया की काशी के रूप में जाना जाता था।
ऐतिहासिक सिल्क रूट पर स्थित काशगर को अभी भी काशी के रूप में जाना जाता है। आज तक काशगर के हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन, सिटी बस स्टेशन को केवल 'काशी' के नाम से जाना जाता है। साल 2019 में एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने चीन की काशी में कुमारजीव मंदिर में स्वर्ण बुद्ध प्रतिमा के साथ सारनाथ की पवित्र मिट्टी और काशी का गंगा जल अर्पित किया था।
चाइना सेंट्रल टेलीविजन स्प्रिंग फेस्टिवल गाला-2024 में काशी का डेब्यू
चाइना सेंट्रल टेलीविजन स्प्रिंग फेस्टिवल गाला-2024 के लिए चीन के प्राचीन शहर काशी को वेन्यू के तौर पर मेहमानों के लिए खोला गया है। स्प्रिंग फेस्टिवल गाला को चीनी नव वर्ष की पूर्व संध्या (शुक्रवार) से स्प्रिंग फेस्टिवल (शनिवार) की सुबह तक सरकारी ब्रॉडकास्टर चाइना सेंट्रल टीवी पर लाइव प्रसारित किया गया था। इसके बाद पूरे चीन में लोगों के बीच काशी शहर और ज्यादा मशहूर हो गया।
ट्रिप डॉट कॉम के टूरिज्म डेटा एनालिसिस से पता चलता है कि स्प्रिंग फेस्टिवल के स्थल के तौर पर शीआन, काशी, चांग्शा और शेनयांग की यात्रा आयोजित की गई। इनमें से काशी की लोकप्रियता 270 प्रतिशत और शीआन की 294 प्रतिशत बढ़ी। इस मामले में काशी शहर दूसरे पायदान पर रहा।
हवाई टिकट और होटलों की बुकिंग में बेतहाशा बढ़त
चीन की सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स के अनुसार ट्रैवल प्लेटफॉर्म कुनार डॉट कॉम के डेटा से यही पता चलता है कि फेस्टिवल के चारों वेन्यू ने चीनी नागरिकों का खूब ध्यान आकर्षित किया है और लोकप्रियता में 50 फीसदी से ज्यादा की वृद्धि हुई है। एक अन्य एजेंसी कुनार के आंकड़ों के मुताबिक, चीनी नव वर्ष के लिए छूटियाँ मनाने जाने वालों में काशी के लिए हवाई टिकटों की बुकिंग की संख्या 2023 के स्तर से दोगुनी से अधिक बढ़ गई और औसत भुगतान 835 युआन तक पहुंच गया। यह अन्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक है।
लाखों सैलानी काशी आए
स्थानीय मीडिया के अनुसार शिनजियांग पर्यटन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में काशी ने हाल के वर्षों में काफी सैलानियों को अपनी ओर खींचा है। साल 2023 में काशी में 33.22 मिलियन से अधिक टूरिस्ट आए। इससे शहर ने 27.3 बिलियन युआन (3.79 बिलियन यूएस डॉलर) से अधिक की आमदनी की। इस वर्ष काशी पर्यटन का अनुमानित लक्ष्य 38 मिलियन टूरिस्ट और इससे करीब 33 बिलियन युआन की आमदनी जुटाना है।
स्प्रिंग फेस्टिवल गाला- 2024 में क्या था खास
स्प्रिंग फेस्टिवल गाला-2024 के काशी वेन्यू पर आयोजित सिंगिंग और डांस ने शिनजियांग के प्रति चीनी लोगों को मोहित कर लिया। रंगारंग प्रदर्शन ने दर्शकों के सामने शिनजियांग का एक और समृद्ध स्नैपशॉट पेश किया। काशी में एक-दूसरे को काटती छतों वाली हवा में तैरती और चमकदार रोशनी से जगमगाती बारह इमारतों ने जैसे लोगों को एक काल्पनिक दुनिया का दीदार करवा दिया।
लाइव ब्रॉडकास्टिंग के बाद कई स्थानीय लोग काशी के दीवाने हो गए। एक चीनी नागरिक ने मीडिया से कहा, "काशी के स्प्रिंग फेस्टिवल गाला के वेन्यू के दृश्यों ने मुझे सच में प्रभावित किया और मैं वहां की यात्रा करना चाहता हूं!" इसके अलावा, जब चीनी उइगुर एक्ट्रेस दिलराबा ने काशी समारोह में सुर्ख लाल ड्रेस में जलवा बिखेरा, तो इस स्पेशल ड्रेस की डिमांड काफी बढ़ गई। कई टूरिस्टों ने इस खास ड्रेस की तलाश में पुराने शहर काशी की यात्रा के लिए ऑनलाइन बुकिंग की।
रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के प्राचीन शहर काशी में यात्रा सेवाएं और जातीय शैली के कपड़े किराए पर देने के लिए 50 से भी अधिक दुकानें हैं। स्प्रिंग फेस्टिवल के लिए अपने होम टाउन काशी लौटे एक स्थानीय निवासी ने बताया कि बड़ी संख्या में टूरिस्ट अपने लिए चीनी नव वर्ष के उपहार के रूप में जातीय शैली की ड्रेस में तस्वीरों का एक सेट बनवाना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications