Spanish Woman Jharkhand: झारखंड में स्पेनिश महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म, पहले भी हुए हैं ऐसे कई अपराध
बीते दिनों झारखंड के दुमका जिले में अपने पति के साथ बाइक यात्रा पर निकली एक स्पेनिश महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। यह घटना तब घटी जब दंपति हंसडीहा बाजार के पास एक सुनसान इलाके में एक अस्थायी तंबू में रात बिताने के लिए रुका। महिला ने बताया कि 7-8 स्थानीय युवकों के एक समूह ने तंबू में प्रवेश किया, उनके साथ मारपीट की, लूटपाट की और सामूहिक बलात्कार किया।
आपको बता दें कि भारत में विदेशी महिलाओं के साथ बलात्कार का यह पहला मामला नहीं है। बीते 5 वर्षों में भारत में विदेशी महिलाओं के साथ बलात्कार के कई मामले घटित हो चुके हैं। आइए ऐसे ही कुछ मामलों पर नजर डालते हैं।

गोवा में ब्रिटिश महिला के साथ बलात्कार
जून 2022 में, गोवा में एक बेहद घिनौनी घटना घटी, जहां अरामबोल स्वीट वॉटर बीच पर एक ब्रिटिश महिला के साथ बलात्कार किया गया। 42-वर्षीय पीड़िता अपने पति के साथ गोवा में छुट्टियां मना रही थी। जब महिला समुद्र तट पर आराम कर रही थी, तो 32-वर्षीय एक स्थानीय व्यक्ति ने उसके साथ बलात्कार किया।
बलात्कार 2 जून को हुआ और पीड़िता ने 6 जून को पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को उसी दिन पकड़ लिया। आरोपी की पहचान जोएल डिसूजा के रूप में हुई। पुलिस जांच में पता चला कि दंपति समुद्र तट पर गए थे, जहां पति ने आरोपी से उसकी पत्नी की मुल्तानी मिट्टी से मालिश करने के लिए अनुरोध किया। इसके बाद यह पूरी घटना घटी।
शादी का झांसा देकर अमेरिकी महिला के साथ बलात्कार
मई 2023 में आगरा के एक 32-वर्षीय व्यक्ति, गगनदीप को शादी के बहाने एक अमेरिकी महिला का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पीड़िता, जो एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर थी, 2017 में भारत यात्रा के दौरान गगनदीप से मिली। गगनदीप ने शादी का झांसा देकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस की जांच में यह भी पता चला कि गगनदीप ने महिला की ड्रिंक में नशीला पदार्थ भी मिलाया था। यह पूरी घटना 2020 में सामने आई जब पीड़िता को आगरा में गगनदीप के कई रिश्तों और शादी के बारे में पता चला। दिल्ली पुलिस ने 6 मई 2023 को गगनदीप को आईपीसी की धारा 376 (बलात्कार) और 328 (जहर के जरिए चोट पहुंचाना) के तहत गिरफ्तार किया था।
ऑटो रिक्शा चालक और उसके साथी ने किया विदेशी महिला का बलात्कार
जुलाई 2019 में हरियाणा के गुरुग्राम में एक ऑटो रिक्शा चालक और उसके दोस्त द्वारा 24-वर्षीय विदेशी महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया था। पीड़िता, जो एक हेयर स्टाइलिस्ट थी, ने एक नाइट क्लब में जाने के बाद गुरु द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए सहारा मॉल के बाहर से ऑटो रिक्शा किया।
जब महिला ऑटो रिक्शा में सवार हुई तो ड्राइवर का दोस्त उसमें मौजूद था। रिक्शा चालक और उसका साथी महिला को शीतला माता कॉलोनी स्थित एक कमरे में ले गए और उसके साथ बलात्कार किया। गनीमत से, महिला भागने में सफल रही और पुलिस को घटना की सूचना दी। गुरुग्राम पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
अमेरिकी महिला के साथ सामूहिक बलात्कार
अगस्त 2023 में केरल के कोल्लम जिले में 44-वर्षीय अमेरिकी महिला के साथ बलात्कार करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया था। यह घटना 31 जुलाई को कोल्लम के माता अमृतानंदमायी मठ के पास घटित हुई। पीड़िता की आरोपियों से दोस्ती थी, जिन्होंने उसे पहले शराब पिलाई, फिर उसे एक बंद घर में ले गए, जहां उन्होंने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया।
आरोपियों की पहचान निखिल और जयन के रूप में की गई थी और उनके खिलाफ धारा 308 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास) के तहत पहले भी मामला दर्ज था। पीड़ित महिला कैलिफोर्निया से थी और 22 जुलाई को भारत आई थी और 5 अगस्त को रवाना होने वाली थी।
ब्रिटेन की तीन महिलाओं के साथ बलात्कार
अक्टूबर 2020 में जयपुर और दिल्ली में ब्रिटेन की तीन महिलाओं के साथ बलात्कार करने के आरोप में 37-वर्षीय व्यक्ति रूपक चटर्जी को गिरफ्तार किया गया था। 25-28 साल की उम्र की तीनों महिलाएं आरोपी से फेसबुक पर मिली। आरोपी ने महिलाओं के साथ होटल के अंदर मारपीट की। खुद को व्यवसायी और एनजीओ मलिक बताने वाले चटर्जी का यौन उत्पीड़न का इतिहास रहा है।
पीड़ितों में से एक ने बताया कि कैसे चटर्जी ने एसिड अटैक पीड़ितों और शरणार्थियों की मदद करने वाले वीडियो दिखाकर उसे धोखा दिया और उसके साथ बलात्कार किया। पीड़ितों ने दिल्ली और जयपुर में पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद चटर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई।
रूसी नाबालिग लड़की का यौन उत्पीड़न
मार्च 2022 में गोवा के एक रिसॉर्ट में 15-वर्षीय रूसी लड़की के साथ यौन उत्पीड़न से जुड़ी एक घटना में कर्नाटक के एक मूल निवासी को गिरफ्तार किया गया था। पीड़िता स्कूली छात्रा थी और सालिगाओ में रह रही थी। आरोपी सुनील राठौर ने दिसंबर 2021 में युवती के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से संबंध बनाए और 18 फरवरी 2022 को उसका यौन उत्पीड़न किया।
सुनील द्वारा किए गए यौन उत्पीड़न के बाद युवती गर्भवती हो गई। जब युवती के माता-पिता को उसकी हालत के बारे में पता चला तो उन्होंने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई। जब गोवा पुलिस सुनील को गिरफ्तार करने कर्नाटक पहुंची तो वह भाग निकला। हालांकि, बाद में उसे गोवा के कलंगुट में दबोच लिया गया।
31-वर्षीय विदेशी महिला के साथ रेस्टोरेंट में रेप
18 दिसंबर 2021 को एक 31-वर्षीय विदेशी महिला का पूर्वी गोवा के सिओलिम के एक बहुत ही मशहूर बार और रेस्टोरेंट में दो युवकों ने रेप किया। महिला रात्रि भोजन करने के लिए बार और रेस्टोरेंट पहुंची थी। महिला जब टॉयलेट की ओर गई, तब दोनों ने उसे देखा, फिर दोनों युवकों ने महिला को बाथरूम के अंदर धकेला और उसका रेप किया। पूरी घटना पर कार्रवाई करते हुए गोवा की पणजी महिला पुलिस ने दोनों आरोपियों, राकेश थापा और मुस्कान प्रधान की पहचान की और दोनों को 21 दिसंबर, 2021 को गिरफ्तार किया।
मदद के बहाने लिथुआनियाई महिला के साथ रेप की कोशिश
मार्च 2022 में आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के एक वन क्षेत्र में लिथुआनिया की एक महिला पर्यटक के साथ बलात्कार का प्रयास करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। यह घटना अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हुई, जब लिथुआनियाई महिला को गोवा पहुंचने में मदद करने के बहाने एक आरोपी इंगिलाला साई कुमार ने फुसलाया।
इसके बाद आरोपी ने अपने दोस्त सैयद आबिद को बुलाया और दोनों ने मिलकर एक सुनसान जंगल में उसका यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की। इसके बाद महिला बहुत जोर से चिल्लाई, जिससे डर कर दोनों आरोपी भाग निकले। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications