Carlos Alcaraz: छोटी उम्र में टेनिस के नंबर वन खिलाड़ी बने स्पेन के कार्लोस अल्कारेज
Carlos Alcaraz: लंदन में चल रहे टेनिस के 100 साल से ज्यादा पुराने टूर्नामेंट विम्बलडन में स्पेन के कार्लोस अल्कारेज चिली के निकोलाज जैरी को हराकर पुरुष सिंगल्स के चौथे दौर में पहुंच गये है। अल्कारेज का यह दूसरा विम्बल्डन टूर्नामेंट है और पिछले साल वह दूसरे दौर में हार कर बाहर हो गये थे। अल्कारेज और जैरी के बीच यह टेनिस का मुकाबला करीब चार घंटों तक चला। अगर अल्कारेज विम्बलडन का यह खिताब जीत जाते हैं तो इस ग्रैंड स्लैम को पाने वाले वह तीसरे सबसे युवा खिलाड़ी होंगे। बता दें कि बोरिस बेकर (17 वर्ष) और ब्योन बोर्ग (20 वर्ष) सबसे कम उम्र में यह खिताब अपने नाम कर चुके हैं।
कार्लोस अल्कारेज का शुरुआती जीवन
5 मई 2003 को स्पेन के मर्सिया में जन्में कार्लोस अल्कारेज ने छोटी सी उम्र में ही बड़ा नाम हासिल कर लिया था। 14 साल की उम्र में अपना टेनिस करियर शुरु करने के उपरांत उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। साल 2021 में अल्कारेज ने रियो ओपन में अल्बर्ट रामोस-विनोलस को हराकर अपना पहला एटीपी टूर मैच जीता। इस जीत के बाद वे राफेल नडाल के बाद एटीपी टूर मैच जीतने वाले स्पेन के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गये थे। इन्हें प्यार से कार्लिटोस के नाम से भी संबोधित किया जाता है। एसोसिएशन ऑफ टेनिस प्रोफेशनल्स द्वारा उन्हें एकल टेनिस में विश्व नंबर 1 का स्थान दिया गया है। अल्कारेज ने ग्यारह एटीपी टूर-स्तरीय एकल खिताब जीते हैं जिसमें 2022 यूएस ओपन और चार मास्टर्स 1000 खिताब शामिल हैं।

19 साल की उम्र में बने विश्व के नंबर वन
यूएस ओपन टेनिस चैंपियनशिप के दौरान फाइनल में नॉर्वे के कैस्पर रूड को हराकर महज 19 साल की उम्र में अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था। इस जीत के साथ ही वह दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी बन गये। चैंपियन बनने के बाद अल्कारेज ने एक इंटरव्यू में कहा था कि यह एक ऐसी चीज है जिसका मैंने बचपन से सपना देखा था। दुनिया में नंबर वन बनना, ग्रैंड स्लैम का चैंपियन बनना ये कुछ ऐसा है जिसके लिए मैंने कड़ी मेहनत की है। मैं अभी 19 साल का हूं और सारे कड़े फैसले मेरे माता-पिता और मेरी टीम ने लिए हैं।
कमाई के मामले में भी आगे
फोर्ब्स के अनुसार अगस्त 2022 में अल्कारेज की ऑन-कोर्ट कमाई $5.9 मिलियन है। वहीं ऑफ-कोर्ट कमाई $5 मिलियन रही। जो कुल $10.9 मिलियन थी। एटीपी टूर पर उनके करियर की अब तक की कमाई $16,660,732 है। वहीं 2023 के मौजूदा समय में अलकारेज ने अभी तक विंबलडन और यूएस ओपन के साथ-साथ एटीपी टूर फाइनल में प्रमुख स्लैम के साथ $4,831,089 जीते हैं।
अल्कारेज ने जनवरी में ऑस्ट्रेलियन ओपन से अपना नाम वापस ले लिया था। इसके बाद उन्होंने पांच एटीपी टूर खिताब के साथ विंबलडन में प्रवेश किया है। इसके अलावा अल्कारेज को लॉरियस वर्ल्ड ब्रेकथ्रू ऑफ द ईयर का अवॉर्ड भी मिला है। standard.co.uk नामक वेबसाइट के अनुसार उन्होंने बाबोलाट (Babolat) और नाइके (Nike) जैसी कंपनियों के साथ भी करार किया हुआ है। वहीं 2022 में रोलेक्स, बीएमडब्ल्यू के साथ डील की। इस साल 2023 में केल्विन क्लाइन और लुई वुइटन जैसी नामी कंपनियों के साथ अल्कारेज ने करार किया है। सोशल मीडिया की बात की जाए तो वहां भी इनकी फॉलोइंग काफी ज्यादा है। इसमें इंस्टाग्राम में इनके 2.6 मिलियन, ट्विटर पर 511.6 हजार, फेसबुक पर 234 हजार फॉलोअर्स हैं।












Click it and Unblock the Notifications