Snapchat: अब एआई बेस्ड फीचर्स से यूजर्स को आकर्षित करेगा स्नैपचैट
स्नैपचैट ने अपने ऐप के लिए कई नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बेस्ड फीचर्स जोड़े हैं। ये फीचर्स यूजर्स को अपनी ओर आकर्षित करेंगे। कंपनी ने कैलिफोर्निया में आयोजित स्नैप पार्टनर समिट 2023 में इन फीचर्स की घोषणा की है।

Snapchat: इंस्टाग्राम की तरह ही लोकप्रिय फोटो शेयरिंग ऐप स्नैपचैट ने नया आर्टिफिशिलय इंटेलिजेंस टूल माई एआई (My AI) लॉन्च किया है। 19 अप्रैल को आयोजित हुए स्नैप पार्टनर समिट 2023 में इस नये आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल की घोषणा की गई। यह एआई टूल ओपनएआई के सेल्फ जनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म चैटजीपीटी पर बेस्ड होगा। चैटजीपीटी के लॉन्च होने के बाद से कई टेक्नोलॉजी कंपनियां अपने ऐप में आर्टफिशियल इंटेलिजेंस टूल इस्तेमाल करने में लगी है।
स्नैप ने ऐप के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बेस्ड नए फीचर्स की भी घोषणा की है, जिनमें सिग्नेचर स्टोरी फॉर्मेट और स्नैप मैप शामिल हैं। यही नहीं, इनके अलावा कई और फीचर्स भी जोड़े गए हैं, जो यूजर्स के लिए उपयोगी साबित होंगे। स्नैपचैट के इस समय ग्लोबली 750 मिलियन यानी 75 करोड़ से ज्यादा मंथली एक्टिव यूजर्स हैं।
स्नैपचैट के नए फीचर्स
स्नैपचैट में माई एआई टूल के साथ-साथ ऑग्मेंटेड रियलिटी इनेबल्ड शॉपिंग सूट, लाइव म्यूजिक एक्सपीरियंस, लाइव लोकेशन फीचर्स मिलेंगे। इसके अलावा कंपनी ऐप पर मौजूद क्रिएटर्स के लिए नया स्टोरी मॉनेटाइजेशन प्रोग्राम भी लॉन्च करेगी। अमेरिका के कैलिफॉर्निया में आयोजित यह समिट इसलिए भी खास है, क्योंकि मेटा के इंस्टाग्राम और चीनी कंपनी बाइटडांस के टिक-टॉक की तरह ही स्नैपचैट के ज्यादातर यूजर्स युवा हैं। यह फोटो शेयरिंग ऐप नए स्टीकर्स, फिल्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बेस्ड इमेज करेक्शन टूल्स की वजह से युवाओं को पसंद हैं।
1. स्नैपचैट ने यूजर्स के लिए एआर मिरर्स नाम का नया फीचर जोड़ा है, जो ऑग्मेंटेड रियलिटी बेस्ड है। यह फीचर खास तौर पर क्रिएटर्स को आकर्षित करने के लिए लाया गया है। जो क्रिएटर्स स्नैपचैट ऐप पर कोई कंटेंट क्रिएट करके शेयर करना चाहते हैं वो इस टूल का इस्तेमाल करके अपने प्रोडक्ट्स का वर्चुअल डेमो दे सकेंगे।
2. स्नैपचैट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बेस्ड एआई टूल जोड़ा गया है, जो चैटजीपीटी की तरह जेनरेटिव एआई पर काम करता है। स्नैपचैट यूजर्स इस टूल का इस्तेमाल करके खुद को ट्रांसफॉर्म करके किसी साइंस मूवीज की तरह एनिमेटेड कैरेक्टर्स में बदल सकेंगे। इसके लिए कॉस्मिक लेंस फीचर मिलेगा।
3. स्नैपचैट ने एक और नया फीचर जोड़ा है, जिसमें यूजर्स अपने स्नैपचैट की पुरानी यादों को अपने कन्वर्सेशन में इस्तेमाल कर सकेंगे। यह फीचर फेसबुक की मेमोरी फीचर की तरह ही काम करेगा। यूजर्स अपने फ्रेंड्स के साथ इस मेमोरी को शेयर करके पुरानी यादों को जी सकेंगे।
नुकसान में स्नैपचैट
पिछले साल कई टेक कंपनियों की तरह स्नैपचैट को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है। कंपनी को पिछले साल करीब $1,430 मिलियन का भारी घाटा हुआ है। पिछले दो साल से सोशल मीडिया कंपनी घाटे में चल रही है। 2021 में कंपनी को $488 मिलियन का नुकसान हुआ था। हालांकि, कंपनी ने इस समिट में दावा किया है कि उनके डेली एक्टिव यूजर्स 375 मिलियन को पार कर गए हैं, लेकिन कंपनी के रेवेन्यू को भारी नुकसान हुआ है।
स्नैपचैट ने ट्विटर ब्लू की तरह ही पिछले साल स्नैपचैट प्लस सब्सक्रिप्शन सर्विस भी लॉन्च किया था। जून 2022 से लेकर अब तक इस ऐप के तीन मिलियन यानी 30 लाख पेड यूजर्स बने हैं। स्नैप ने ऐप का यूजर बेस बढ़ाने और ज्यादा रेवेन्यू जेनरेशन के लिए क्रिएटर्स को अपनी ओर आकर्षित करने का फैसला किया है। जिन क्रिएटर्स के पास 50 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स और 25 मिलियन से ज्यादा स्नैप व्यूज हैं वो कंपनी के रेवेन्यू शेयरिंग प्रोग्राम से जुड़ सकेंगे। इसमें भाग लेने के लिए स्नैपचैट ने क्रिएटर्स के लिए गाइडलाइंस जारी की है। इसके लिए स्नैपचेट ने क्रिएटर्स हब बनाया है, जिसमें क्रिएटर्स जुड़कर कमाई कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें: Apple Store in India: एप्पल स्टोर को लेकर भारत में क्यों है इतना क्रेज? जानें खास बातें












Click it and Unblock the Notifications