Sergey Brin Divorce: अब सर्गेई- निकोल का तलाक, हाई प्रोफाइल लोगों की राहें क्यों हो रहीं हैं जुदा
दुनिया के सबसे प्रभावशाली तकनीकी दिग्गजों में से एक और सर्च इंजन कंपनी गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन ने अपनी पत्नी निकोल शानाहान से आपसी सहमति के बाद तलाक ले लिया है। निकोल उनकी दूसरी पत्नी थी और तलाक की प्रक्रिया इस साल मई में पूरी हुई। कोर्ट के रिकॉर्ड्स के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि सर्गेई ब्रिन ने 2022 में तलाक के लिए आवेदन दिया था, लेकिन मीडिया में इनकी तलाक की खबरें अब आई हैं। विवाह के मात्र तीन वर्षों के बाद ही ब्रिन और निकोल अलग हो गए।

योग रिट्रीट कार्यक्रम में मुलाकात के बाद शुरू हुई डेटिंग
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गूगल को-फाउंडर सर्गेई ब्रिन ने 2015 में अपनी पहली पत्नी 'अनी वोजसिकी' को तलाक दे दिया था। उसी वर्ष 2015 में योगा रिट्रीट कार्यक्रम में सर्गेई ब्रिन की मुलाकात निकोल शानाहान से हो गई। उसके बाद दोनो एक दूसरे के साथ डेटिंग करने लगे। 3 वर्ष की डेटिंग के बाद अंततः 2018 में दोनों ने शादी कर ली। उनके एक बेटी भी हुई जो अभी 4 वर्ष की है, जिसकी कानूनी और शारीरिक कस्टडी को दोनों आपस में साझा करेंगे। इस तलाक के दौरान आपसी सहमति और भरोसेमंद व्यक्तियों के साथ मिलकर आर्थिक समझौते हुए हैं जिसे कहीं उजागर नही किया गया है।
एलन मस्क से अफेयर के चर्चे
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार निकोला का टेस्ला और X (पहले ट्विटर) के प्रमुख एलन मस्क के साथ अफेयर चल था। इस जानकारी के बाद ही सर्गेई ने तलाक के लिए अर्जी दी थी। हालांकि मस्क और निकोल दोनो ने इस रिपोर्ट का खंडन किया है। मस्क ने सर्गेई ब्रिन को निकोल से सिर्फ अपनी दोस्ती बताते हुए ट्वीट किया कि मैंने निकोल को तीन साल में केवल दो बार देखा है, दोनों बार उसके आसपास के कई अन्य लोग भी साथ थे। हम दोनो के बीच रोमांटिक जैसा कुछ भी नही है।" निकोल ने भी मस्क के साथ अपने अफेयर को नकारते हुए इसे झूठ का पुलिंदा करार दिया है।
दुनियां के 9वें सबसे अमीर हैं सर्गेई ब्रिन
दुनिया के सबसे प्रभावशाली तकनीकी दिग्गजों में से एक सर्गेई ब्रिन रूस मूल के अमेरिकन अरबपति हैं। वह लैरी पेज के साथ गूगल की मूल कंपनी, अल्फाबेट के सीईओ और अध्यक्ष हैं। वे कंप्यूटर विज्ञान में पीएचडी की पढ़ाई के दौरान स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय में मिले और और लैरी पेज के साथ मिलकर 1998 में गूगल लॉन्च किया था। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार सर्गेई ब्रिन दुनिया के 9वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं, जिनकी अनुमानित कुल संपत्ति 11,060 करोड़ अमेरिकन डॉलर है।
निकोल शानाहन कैलिफोर्निया के ओकलैंड में एक चीनी अप्रवासी नौकरानी की बेटी के रूप में आर्थिक संघर्षों का सामना करते हुए पली-बढ़ीं। उन्होंने वाशिंगटन राज्य के पुगेट साउंड विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र, एशियाई अध्ययन और मंदारिन भाषा में स्नातक करने के बाद सांता क्लारा विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री हासिल की। अपने कानूनी करियर के दौरान शानाहन ने एक कानून-तकनीक कंपनी, क्लियर एक्सेस आईपी की स्थापना की। यह कंपनी पेटेंट फाइलिंग को प्रबंधित करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का उपयोग करती थी।
जेफ बेजोस और मैकेंजी बेजोस भी हुए थे अलग
अमेजन इंक के संस्थापक व अध्यक्ष जेफ बेजोस और मैकेंजी बेजोस के बीच का तलाक विश्व के सबसे महंगे तलाकों में से एक माना गया था। मेकैंजी को तलाक के मुआवजे के रूप में 2.62 लाख करोड़ रुपए मिले और वह फोर्ब्स की अरबपति महिला की सूची में दुनिया की चौथी सबसे अमीर महिला बन गई।
बिल गेट्स और मेलिंडा गेट्स की भी राहें जुदा
प्रसिद्ध कंप्यूटर सॉफ्टवेयर माइक्रोसॉफ्ट कम्पनी के सह संस्थापक तथा अध्यक्ष बिल गेट्स ने शादी के 30 साल के बाद अपनी पत्नी मेलिंडा गेट्स के साथ मई 2021 में तलाक की घोषणा की थी और अगस्त 2021 में वे अलग हो गए। लेकिन दोनों ने इसके बावजूद घोषणा की कि बिल और मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन को साझा रूप से संचालित रखेंगे। बिल गेट्स ने मेलिंडा गेट्स को लगभग 73 बिलियन अमेरिकी डॉलर की धनराशि दी थी। इस तलाक के बाद मेलिंडा दुनिया की सबसे धनी महिला बन गईं।
बर्नार्ड अर्नोल्ट और ऐनी डेव्रिन
बर्नार्ड अरनॉल्ट 74 साल के अरबपति फ्रांसीसी बिजनेस टाइकून हैं। दिसंबर 2022 में एलन मस्क को पीछे छोड़कर दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने थे। अरनॉल्ट ने एलवीएमएच की स्थापना की थी, जिसके पास लुई वुइटन, फेंडी और हेनेसी सहित कई लक्जरी ब्रांड हैं। 1973 में, उन्होंने ऐनी डेव्रिन से शादी की थी और वर्ष 1990 में तलाक ले लिया था। 1991 में एक पियानोवादक हेलेन मर्सिएर से शादी की।
एलन मस्क की दो शादियां और दोनों से तलाक
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क एक बिजनेस मैग्नेट और खरबपति निवेशक हैं। टेस्ला, X, स्पेसएक्स, ओपन एआई, न्यूरलिंक जैसे कई टेक्नोलॉजी कंपनी के संस्थापक, अध्यक्ष और मालिक हैं। उन्होंने दो शादियां की पर अब दोनों से तलाक ले चुके हैं। पहली शादी उन्होंने 'जस्टिन विल्सन' से सन 2000 में की और 8 वर्ष बाद 2008 में तलाक ले लिया। फिर 'तलुलाह रिले' से 2010 में विवाह किया और दो साल बाद ही 2012 में उनसे भी तलाक ले लिया। उसके बाद ग्रीम्स नाम की महिला के साथ लिव-इन में रहे, पर अब उनसे भी अलगाव हो गया है।
पिछले कुछ वर्षों में ऐसे कई हाई प्रोफाइल लोगों ने शादियां तोड़कर या तो आजादी की जिंदगी शुरु की है या फिर एक नया जीवन साथी बना लिया है। इनमें कई दिग्गज खिलाड़ी, प्रसिद्ध अभिनेता और राजनेता भी हैं जिनका तलाक खबरों की सुर्खियों में रहा। अधिकांश तलाकों के प्रमुख कारण में एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर यानी शादी-शुदा जिंदगी में किसी तीसरे का आना रहा। कुछ मामलों में पर्सनालिटी क्लैश भी तलाश के कारण बने।












Click it and Unblock the Notifications