मधुबाला..जिसे नाकाम मोहब्बत ने दिल का मरीज बना दिया...
मधुबाला, उस मल्लिका का नाम है, जिसकी खूबसूरती शब्दों में बयां नहीं की जा सकती है।
मुंबई। बॉलीवुड की बेपनाह सुंदरता की मालकिन मधुबाला के हु्स्न की तारीफ क्या की जाए, उसे बयां करने के लिए तो शब्दकोश में शब्दों का अभाव हो जाता है।
आज मधुबाला भले ही हमारे बीच में नहीं हैं लेकिन उनकी अदायगी, उनका भोलापन, उनकी फिल्में और उनकी लाइफ से जुड़े कुछ राजों के बारे में हमेशा ही जिक्र होता रहता है।

दिलीप कुमार ने मधुबाला से शादी क्यों नहीं की?
ऐसा ही एक राज है कि फिल्मी कैनवस की इस सुंदरी से लंबे समय तक इश्क फरमाने वाले यूसूफ साहब यानी कि दिलीप कुमार ने मधुबाला शादी क्यों नहीं की? कहते हैं दोनों की ऐतिहासिक फिल्म 'मुगले-ए-आजम' के दौरान दोनों की मोहब्बत जवां हुई थी और इस फिल्म के बनते तक दोनों की मोहब्बत ने दम भी तोड़ दिया था। अफवाह थी कि दिलीप को पिता को दोनों का रिश्ता मंजूर नहीं था इसलिए दिलीप साहब ने मधुबाला से निकाह नहीं किया, इस बात में कितनी सच्चाई है ये आज तक पता नहीं चल पाया

36 साल में दुनिया को अलविदा कह दिया
गौरतलब है कि भारतीय फिल्म जगत में अपना एक अलग मुकाम रखने वाली मधुबाला ने हार्ट की बीमारी के चलते सिर्फ 36 साल में दुनिया को अलविदा कहा दिया था। बेबी मुमताज के नाम से चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप से अपना करियर शुरू करने वाली मधुबाला ने बहुत ही कम समय में नाम कमाया था। दौलत और शौहरत की मल्लिका मधुबाला का निजी जीवन काफी कष्टदायक रहा। वो अपने मां-बाप की 11 संतानों में से एक थीं। उन्ही की जीविका से उनके घर का चूल्हा जलता था लेकिन मधुबाला ने कभी भी अपनी इस जिम्मेदारी से मुंह नहीं मोड़ा।

100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया
फिल्म 'महल' से बतौर अभिनेत्री पर्दे पर नजर आने वाली मधुबाला ने एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया। फ़ागुन, हावरा ब्रिज, काला पानी, और चलती का नाम गाड़ी और मुगल-ए-आजम ने उनको भारतीय सिनेमा की महारानी बना दिया। मधुबाला ने 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। जो सुंदरता की देवी हो, दौलत और शौहरत जिनके कदम चूमती हो भला उससे कौन मुहबब्त नहीं करना चाहेगा।

मधुबाला का दिल दिलीप कुमार से हार गया
भारत भूषण, प्रदीप कुमार, दिलीप कुमार और किशोर कुमार..ये वो नाम है जिन्होंने मधुबाला से मुहब्बत कीं। लेकिन मधुबाला का दिल दिलीप कुमार से हार गया। अफसोस.. ये इश्क परवान नहीं चढ़ पाया और नाकाम मुहब्बत का दंश झेलते हुए मधुबाला दिल की मरीज हो गई।

सुंदरता की रानी ने दुनिया से विदाई ले ली
दिलीप कुमार के इंकार के बाद मधुबाला ने महान फनकार किशोर कुमार की दूसरी पत्नी बनना स्वीकार किया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उनका शरीर उनका साथ छोड़ रहा था और नौ साल की लंबी बीमारी के बाद अभिनय और सुंदरता की रानी ने दुनिया से विदाई ले ली।












Click it and Unblock the Notifications