Indian Gamers: पीएम मोदी मिले देश के प्रमुख गेमर्स से, जानें इन गेमर्स की कुछ रोचक बातें
Indian Gamers: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में कुछ प्रमुख भारतीय गेमर्स के साथ मुलाकात की थी। प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात में मौजूद गेमर्स में अनिमेष अग्रवाल, नमन माथुर, मिथिलेश पाटणकर, पायल धारे, तीर्थ मेहता, गणेश गंगाधर और अंशु बिष्ट शामिल थे।
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने गेमिंग उद्योग के बढ़ते महत्व पर चर्चा की और गेमर्स के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने वीआर गेम, मोबाइल गेम और पीसी/कंसोल गेम, आदि विभिन्न गेम में अपना हाथ भी आजमाया।

प्रधानमंत्री से मुलाकात करने वाले सभी गेमर्स के नाम तो आपने सुने ही होंगे, लेकिन उनके बारे में ज्यादा जानकारी आपको शायद ही हो। आईए जानते हैं इन गेमर्स के बारे में कुछ खास बातें।
नमन माथुर
नमन माथुर, जिन्हें 'मोर्टल' या 'सोल मोर्टल' के नाम से जाना जाता है, प्रमुख भारतीय गेमिंग स्ट्रीमर और प्रोफेशनल ई-स्पोर्ट्स प्लेयर है। नमन को छोटी उम्र में ही गेमिंग में इंटरेस्ट आ गया था और उन्होंने 'कॉन्ट्रा' जैसे गेम खेले और बाद में अपने कॉलेज के दिनों में 'फोर्टनाइट' और 'मिनी मिलेशिया' जैसे मल्टीप्लेयर गेम्स की दुनिया में कदम रखा।
अपने गेमिंग करियर में नमन ने 'बैटलग्राउंड मोबाइल इंडिया प्रो सीरीज सीजन 1' में हिस्सा लिया था और वहां पहला स्थान हासिल कर $95,935 का पुरस्कार जीता। उन्हें 2020 और 2021 में 'स्ट्रीमर ऑफ द ईयर अवार्ड' और 2022 और 2023 में 'ई-स्पोर्ट्स पर्सनालिटी ऑफ द ईयर' के लिए भी नॉमिनेट किया गया था। आपको बता दें, नमन 'सोल' गेमर्स क्लैन के मालिक है।
अनिमेष अग्रवाल
'8बिट ठग' के नाम से मशहूर अनिमेष अग्रवाल एक मशहूर गेमर, युट्यूबर और '8बिट क्रिएटिव', भारत की एक प्रमुख ई-स्पोर्ट्स कंसलटिंग और टैलेंट एजेंसी और 'S8UL', गेमिंग कंटेंट और ई-स्पोर्ट्स हब के फाउंडर है। अनिमेष का यूट्यूब चैनल मुख्य रूप से गेमिंग पर केंद्रित है और उन्हें भारतीय गेमिंग स्पेस में सर्वश्रेष्ठ ई-स्पोर्ट्स खिलाड़ियों में से एक माना जाता है।
अनिमेष का मकसद भारतीय ई-स्पोर्ट्स को एक अच्छी पहचान दिलाना और ई-स्पोर्ट्स के कारोबार को आकार देना है। अनिमेष ने एक प्रमुख न्यूज़ चैनल के साथ अपने इंटरव्यू में बताया कि वह जब दसवीं कक्षा में थे तब उनके पास प्ले स्टेशन था और उस समय से ही उनके अंदर वीडियो गेम्स को लेकर रुचि जाग गई।
पायल धारे
पायल धारे जिन्हें पायल गेमिंग के नाम से भी जाना जाता है, एक प्रमुख युवा युट्यूबर और '8बिट क्रिएटिव' की गेमिंग क्रिएटर है। पायल देश की एकमात्र मशहूर महिला गेमर है। पायल ने ई-स्पोर्ट्स में 2019 में छत्तीसगढ़ के भिलाई में अपने कॉलेज के दौरान कदम रखा था। पायल ने 'पबजी मोबाइल' के साथ अपनी गेमिंग जर्नी की शुरुआत की और दर्शकों द्वारा अच्छा फीडबैक मिलने के बाद उन्होंने लगातार प्रगति की। आपको बता दें कि पहले भारतीय ई-स्पोर्ट्स में किसी महिला गेमर के न होने की वजह से जब पायल ने इसमें कदम रखा तो उन्हें काफी ट्रोल किया जाता था, लेकिन पायल ने इन सब पर ध्यान न देते हुए अपने काम पर ध्यान दिया।
मिथिलेश पाटणकर
मिथिलेश पाटणकर, जिन्हें 'मिथपेट' के नाम से भी जाना जाता है, मुंबई के एक यूट्यूबर, गेमिंग स्ट्रीमर और कंटेंट क्रिएटर है। मिथपेट की यूट्यूब जर्नी एक स्कूल ट्रिप से शुरू हुई, जहां उन्हें किसी ने 'अमित पेट' कहा, जो उन्हें बहुत अच्छा लगा और उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल के नाम के रूप में इसका इस्तेमाल करने का फैसला किया।
मिथपेट को उनके कंटेंट क्रिएशन के लिए भी पहचाना जाता है, उन्होंने 2021 में 'इंटरनेशनल क्रिएटर ऑफ़ द ईयर' के लिए स्ट्रीमिंग अवॉर्ड जीता था। इस उपलब्धि के लिए उन्हें अवनी ग्रेग, विल स्मिथ, बेली सेरियन, ड्रीम, डॉक्टर माइक और एडिसन राय जैसे प्रमुख और मशहूर विजेताओं की श्रेणी में रखा गया था।
गणेश गंगाधर
गणेश गंगाधर, जिन्हें 'SkRossi' नाम से भी जाना जाता है, 'ग्लोबल ई-स्पोर्ट्स' के लिए एक पेशेवर 'वेलोरेंट' वीडियो गेम खिलाड़ी है। गणेश साउथ एशियन स्पोर्ट्स इकोसिस्टम में बहुत ही ज्यादा मशहूर और मंजे हुए खिलाड़ी है। गणेश ने अपना गेमिंग सफर 'DOTA 2' से शुरू किया लेकिन बाद में एफपीएस गेम, खासकर 'काउंटर स्ट्राइक: ग्लोबल ऑफेंसिव' (CS:GO) में चले गए, जहां उन्होंने कई टॉप-रैंक्ड टीमों के लिए खेला। 2021 में गणेश ने ग्लोबल ई-स्पोर्ट्स के 'वेलोरेंट रोस्टर' में शामिल होकर एक जबरदस्त मुकाम हासिल किया।
अंशु बिष्ट
अंशु बिष्ट, जिन्हें 'गेमरफ्लीट' के नाम से भी जाना जाता है, एक मशहूर युट्यूबर है, जिन्हें उनके वीडियो गेम लाइव स्ट्रीम, लाइफ़स्टाइल व्लॉग और ट्रैवल व्लॉग के लिए जाना जाता है। उन्होंने 2017 में अपनी यूट्यूब जर्नी की शुरुआत की थी। हालांकि, शुरुआती दौर में अंशु को अपने वीडियोज़ के लिए व्यूज़ जुटाने के लिए संघर्ष करना पड़ा, लेकिन 2020 में जब कोरोना वायरस महामारी ने भारत समेत दुनिया भर को घरों में कैद कर दिया, तब अंशु के वीडियोज़ पर व्यूज़ में वृद्धि हुई। उन्हें गेमिंग, विशेष रूप से 'माइनक्राफ्ट' गेम का शौक है और वह अपने दर्शकों को जोड़ने के लिए विभिन्न गेमर्स और कॉमेडियंस के साथ कोलैबोरेशन करते रहते हैं।
तीर्थ मेहता
तीर्थ मेहता गुजरात के एक गेमर है, जिन्होंने 2018 में एशियन गेम्स के दौरान भारत के लिए पहला ई-स्पोर्ट्स पदक जीतकर इतिहास रच दिया था। वह ऑनलाइन कलेक्टीबल कार्ड गेम 'हार्टस्टोन' में तीसरे स्थान पर है और इसमें उन्होंने ब्रॉन्ज मैडल जीता था, हालांकि तीर्थ के इस मैडल को भारत की मैडल टैली में नहीं जोड़ा गया क्योंकि ई-स्पोर्ट्स 2018 के एशियन गेम्स में एक डेमोंसट्रेशन इवेंट था।
ई-स्पोर्ट्स में तीर्थ की यात्रा 2013 में शुरू हुई, जब उन्होंने ई-स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं और प्रोग्रामिंग कंपीटीशन में हिस्सा लेना शुरू किया था। अपनी ई-स्पोर्ट्स जर्नी शुरू करने के बाद से तीर्थ ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार प्रगति की है।












Click it and Unblock the Notifications