PM Kisan Nidhi: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि किसे मिलती है और किसे नहीं?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिनांक 27 जुलाई 2023 को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 14वीं किस्त जारी कर दी। जिसके तहत प्रधानमंत्री ने करीब 8.5 करोड़ किसानों के खाते में लगभग 17 हजार करोड़ रुपये ट्रांसफर किए।
दरअसल, पीएम किसान सम्मान निधि योजना भारत सरकार की 100 प्रतिशत फंडिंग वाली एक केंद्रीय योजना है। इसका क्रियान्वयन कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा होता है।

इस निधि की घोषणा 1 दिसंबर 2018 को हुई थी। जिसके तहत सभी भूमि धारक किसानों को तीन समान किस्तों (2000 रुपये प्रति किस्त) में प्रति वर्ष 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह धनराशि सीधे पात्र किसानों के खाते में केंद्रीय सरकार द्वारा भेजी जाती है। इस योजना के प्रारंभ में छोटे व सीमांत किसानों (2 हेक्टेयर भूमि से कम वाले किसान) को इस योजना का पात्र घोषित किया गया था। परंतु कुछ समय बाद इसको सभी भूमिधारक किसानों के लिए कर दिया गया।
प्रति किस्त सरकार का आर्थिक खर्च
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के पोर्टल के अनुसार वित्तीय वर्ष 2018-19 में किसानों को केवल एक किस्त भेजी गयी थी, क्योंकि योजना का प्रारंभ ही दिसंबर 2018 में हुआ था। जबकि 24 फरवरी 2019 को पहली किस्त में सरकार ने करीब 3.16 करोड़ किसानों के खाते में लगभग 6,322 करोड़ रूपये डाले थे। 2 मई 2019 को दूसरी किस्त किसानों को भेजी गयी। जिसमें करीब 6.63 करोड़ किसानों के खाते में लगभग 13 हजार करोड़ रूपये डाले गये। तीसरी किस्त 1 नवंबर 2019 को जारी की गयी, जिसमें तहत 8.76 करोड़ किसानों के खाते में करीब 17 हजार करोड़ रुपये भेजे गये। चौथी किस्त में 4 अप्रैल 2020 को 8.97 करोड़ किसानों के खाते में 18 हजार करोड़ रूपये सरकार द्वारा डाले गये।
पांचवी किस्त 25 जून 2020 को जारी की गयी और करीब 10.49 करोड़ किसानों के खाते में लगभग 21 हजार करोड़ रूपया भेजा गया। 9 अगस्त 2020 को छठी किस्त भेजी गयी। जिसमें करीब 10.23 करोड़ किसानों को लगभग 20.4 हजार करोड़ रूपया सरकार द्वारा भेजा गया। 7वीं किस्त 25 दिसंबर 2020 को जारी हुई और करीब 10.24 करोड़ किसानों को लगभग 20.47 हजार करोड़ रूपये भेजे गये। 14 मई 2021 को जारी 8वीं किस्त में 11.17 करोड़ किसानों के खाते में 22.3 हजार करोड़ रूपये भेजे गये।
10 अगस्त 2021 में किसानों को 9वीं किस्त का भुगतान हुआ, जिसके तहत 11.19 करोड़ किसानों को करीब 22.3 हजार करोड़ रूपये भेजे गये। 10वीं किस्त 1 जनवरी 2022 को भेजी, जिसमें 11.17 करोड़ किसानों के खाते में करीब 22.32 हजार करोड़ रूपये डाले गये। 11वीं किस्त 1 जून 2022 में जारी हुई और 11.28 करोड़ किसानों के खाते में लगभग 22.56 हजार करोड़ रूपये डाले गये। 18 अक्टूबर 2022 को पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 12वीं किस्त के रूप में 9.53 करोड़ किसानों के खाते में करीब 18 हजार करोड़ रूपये भेजे गये तथा 13वीं किस्त 27 फरवरी 2023 को जारी की गई, जिसमें 8.80 करोड़ किसानों के खाते में लगभग 17.6 हजार करोड़ रूपये भेजे गये।
इस योजना के लिए अगर पंजीकृत किसानों की बात करें तो 26 अप्रैल 2023 तक पीएम किसान सम्मान निधि हेतु लगभग 12.72 करोड़ किसानों ने पंजीकृत किया है। जिसमें सबसे कम 463 किसान चण्डीगढ़ से पंजीकृत है, वहीं सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश से करीब 2.83 करोड़ किसान आते हैं।
13वीं किस्त का फंड ट्रांसफर प्रतिशत
अगर निधि स्थानांतरण (फंड ट्रांसफर) प्रतिशत की बात करें तो वित्तीय वर्ष 2023 की अंतिम तिमाही (जनवरी-मार्च तक) में कर्नाटक राज्य सबसे आगे है, जहां 88 प्रतिशत फंड ट्रांसफर हुआ है। वहीं मणिपुर में कोई भी फंड ट्रांसफर नहीं हुआ है। फंड ट्रांसफर प्रतिशत से तात्पर्य है कि पंजीकृत किसानों में कितने प्रतिशत को फंड ट्रांसफर हुआ। जैसे पंजाब में 100 किसानों का पीएम किसान सम्मान निधि योजना में पंजीकरण हुआ और 85 किसानों को फंड ट्रांसफर हुआ। इस प्रकार वहां 85 प्रतिशत फंड ट्रांसफर हुआ।
अगर 80 से 100 प्रतिशत फंड ट्रांसफर वाले राज्यों की बात करें तो करीब 7 राज्य ऐसे है जहां सर्वाधिक फंड ट्रांसफर हुआ। जबकि 16 राज्य ऐसे है जहां फंड ट्रांसफर 60 से 80 प्रतिशत के बीच रहा है। वहीं 4 राज्यों में फंड ट्रांसफर 40 से 60 प्रतिशत की बीच रहा है। गौरतलब है कि 3 राज्य ऐसे है जहां पर फंड ट्रांसफर 20 से 40 प्रतिशत रहा और केवल दो राज्यों मेघालय व मणिपुर में फंड ट्रांसफर 0 से 20 प्रतिशत ही रहा।
क्यों आवश्यकता पड़ी पीएम किसान सम्मान निधि योजना की
भारत में खेती आज भी सबसे ज्यादा रोजगार देने वाला क्षेत्र है, लेकिन उसमें लगे व्यक्ति/किसानों की हालत आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं है। किसान परिवार की आय बढ़ाने व उनकी आर्थिक स्थिति को सुधारने के लक्ष्य को लेकर ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिसंबर 2018 में पीएम किसान सम्मान निधि योजना की घोषणा की। यह योजना पूर्णतय केंद्र सरकार समर्थित योजना है, जो 100 प्रतिशत केंद्र सरकार द्वारा वहन की जाती है। इसमें किसी भी राज्य का कोई अंशदान नहीं होता।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना हेतु अयोग्य किसान
- वे भूमिधारक किसान जो किसी भी विभाग में सरकारी पद पर हैं या रिटायर्ड हो चुके हैं, इसके अपात्र है। उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल सकता है।
- जो किसान इनकम टैक्स अदा करते हैं, वे भी पीएम किसान सम्मान निधि योजना के पात्र नहीं बन सकते।
- मंत्री या फिर किसी संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्ति/किसान, पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं ले सकते।
- 10,000 रुपये अधिक की मासिक पेंशन पाने वाले व्यक्ति/किसान भी पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं ले सकते।












Click it and Unblock the Notifications