रील बनाने के लिए अजीब हरकतें कर रहे हैं लोग, दिल्ली एनसीआर में दर्ज हुए केस
NCR Reels: बीते दिनों विपिन कुमार नाम के एक शख्स को इंस्टाग्राम रील बनाने के लिए अपनी बाइक से दिल्ली की एक सड़क को रोकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। विपिन उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर का 26 वर्षीय निवासी है।
उसे दिल्ली पुलिस ने तब पकड़ा, जब एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें उसे जीटी करनाल रोड के बीच में कुर्सी पर बैठे हुए दिखाया गया था और उसके बगल में उसकी बाइक खड़ी थी, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही थी।

विपिन कुमार की लापरवाही के कारण उसे गिरफ्तार कर लिया गया और पुलिस ने सबूत के तौर पर उसकी मोटरसाइकिल और फोन जब्त कर लिये। हालाँकि दिल्ली एनसीआर का यह पहला मामला नहीं था, जिसमें रील बनाने के पागलपन में लोगों ने सड़कों को ब्लॉक किया हो या सड़को पर खतरनाक स्टंट किए हो।
स्पाइडरमैन कपल का बाइक स्टंट
26 अप्रैल को नजफगढ़ में खतरनाक मोटरसाइकिल स्टंट करने के आरोप में स्पाइडरमैन कपल, आदित्य (20) और अंजलि (19) को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कपल ने "स्पाइडरमैन नजफगढ़ पार्ट 5" टाइटल से एक रील रिकॉर्ड की, जिसमें वे बिना नंबर प्लेट और हेलमेट के मोटरसाइकिल चलाते और सड़कों पर स्टंट करते नजर आए। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और कपल को गिरफ्तार कर लिया। उन पर मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत हेलमेट, लाइसेंस, नंबर प्लेट के बिना बाइक चलाने और खतरनाक ड्राइविंग के लिए मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस से 'बदला' लेने के लिए स्टंट
अप्रैल की शुरुआत में एक 20 वर्षीय युवक कृष्ण गौतम की केटीएम मोटरसाइकिल को अवैध पार्किंग के लिए दिल्ली पुलिस ने जब्त कर लिया था। जब वह जुर्माना भरने के बाद अपनी बाइक वापस लेने के लिए सुभाष नगर पुलिस चौकी गया, तो उसने पुलिस स्टेशन के बाहर व्हीली स्टंट करते हुए अपना एक वीडियो रिकॉर्ड कराया। पूछताछ में गौतम ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल जब्त करने के लिए पुलिस से "बदला" लेना चाहता था, और यह संदेश देना चाहता था कि "स्टंट करना कोई अपराध नहीं है"। हालाँकि, पुलिस ने गौतम को गिरफ़्तार कर लिया और उस पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया।
28 बाइकर्स रील बनाने के लिए हुए इकट्ठा
17 अप्रैल को दिल्ली पुलिस ने 28 बाइकर्स के एक ग्रुप को गिरफ्तार किया, जो लुटियंस दिल्ली क्षेत्र में, विशेष रूप से संसद मार्ग और कर्तव्य पथ के आसपास लापरवाही से और बिना हेलमेट के अपनी बाइक्स चला रहे थे। पूछताछ के दौरान बाइकर्स ने पुलिस को बताया कि वो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के लिए रील शूट करने के लिए इकट्ठा हुए और वहां पहुंचे। दिल्ली पुलिस ने बाइकर्स के खिलाफ मामला दर्ज किया और उनकी सभी 28 बाइक जब्त कर ली हैं। पुलिस ने कहा कि बाइकर्स तेज और लापरवाही से गाड़ी चला रहे थे, जिससे आम जनता को खतरा था।
होली के दिन स्कूटी पर बनाई अश्लील रील
होली के दिन नोएडा में स्कूटी पर रील बनाते हुए दो लड़कियों का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे एक टू व्हीलर पर एक-दूसरे के सामने मुंह कर बैठी हुई दिखाई दे रही थीं, और एक लड़का स्कूटी चला रहा था। लड़कियों को एक-दूसरे पर होली के रंग डालते और अश्लील हरकतें करते हुए देखा गया, साथ ही बैकग्राउंड में फिल्म 'गोलियों की रासलीला राम लीला' का गाना 'अंग लगा दे' बज रहा था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेज़ी से वायरल हुआ, जिसके कारण नोएडा पुलिस ने वीडियो में मौजूद तीनों युवाओं पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने के लिए ₹33,000 का जुर्माना लगाया।
रील शूट करने के लिए कार के बोनट पर शख्स को लेटाया
31 मार्च को ट्विटर पर एक पत्रकार ने एक रील शेयर की, जो बहुत तेजी से वायरल हुई। दरअसल, दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज पर रील बनाने के लिए यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई गई। फुटेज की शुरुआत में देखा जा सकता था कि कार के अंदर दो महिलाएं बैठी होती हैं, एक गाड़ी चला रही होती है और दूसरी पैसेंजर सीट पर बैठी होती है। दोनों महिलाएं एक व्यक्ति को इशारा करके मना करती हैं, जो गाड़ी के बोनट पर लेटा होता है और महिलाओं से माफ़ी मांगने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद कैमरा ज़ूम आउट करके कार को चलता हुआ दिखाया जाता है, जबकि व्यक्ति बोनट पर पेट के बल लेटा हुआ है।
लापरवाही से चलाई फॉर्च्यूनर, खुद को बताया बदमाश
मार्च 2024 की शुरुआत में एक रील बहुत तेज़ी से वायरल हुई, जिसमें एक व्यक्ति को राजौरी गार्डन-नजफगढ़ रोड पर बहुत खतरनाक तरीके से और लापरवाही से फॉर्च्यूनर चलाते हुए दिखाया गया है, जिस पर पुलिस वाहनों वाली लाल और नीली बत्ती लगी हुई है, गाड़ी पर काले शीशे है और नंबर प्लेट नहीं है। रील में युवक यह कहते हुए भी सुनाई दे रहा है कि "बदमाश है जी"। वाहन की पहचान छिपाने के बावजूद, सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद कार की पहचान हुई और जब्ती हो गई। वाहन का मालिक, नोएडा के एक निजी विश्वविद्यालय में कानून का छात्र था।
जलाया बैरिकेड और ब्लॉक की सड़क
मार्च 2024 के अंत में एक इंस्टाग्राम यूजर की सोशल मीडिया पर दो रील बहुत ज्यादा तेजी से वायरल हुई। पहले वीडियो में देखा जा सकता था कि एक युवक पुलिस के सायरन के साथ सुनहरे रंग की गाड़ी से उतरता है और दिल्ली पुलिस के बैरिकेड को आग लगा देता है। वीडियो के साथ हिंदी में कैप्शन दिया गया था, "तुम किसी से डरते क्यों नहीं" और जवाब था, "क्योंकि हम जाट हैं"।
इस युवक की एक और रील वायरल हुई, जिसमें वो और उसके साथ एक अन्य युवक अपनी गाड़ी को ट्रैफिक वाली सड़क पर बीच में रोक कर ट्रैफिक ब्लॉक कर रहे थे। इस मामले में कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड जलाने के लिए और चालू सड़क पर अपनी गाड़ी बीच में लगाकर ट्रैफिक को ब्लॉक करने के लिए आरोपी को गिरफ्तार किया था और साथ ही उसका ₹36,000 का चालान भी काटा।












Click it and Unblock the Notifications