नरेन्द्र मोदी : वडनगर का बीज बन गया वटवृक्ष

अहमदाबाद। नरेन्द्र मोदी मेहसाणा के एक छोटे से स्थान वडनगर से गांधीनगर, गांधीनगर से दिल्ली और दिल्ली से अमरीका-ब्रिटेन तक गूंज है इस नाम की। एक दिन नहीं, एक साल नहीं, बारह साल होने जा रहे हैं इस नाम की गूंज को। एक दशक नहीं, भाई द्वादश। जी हां। नरेन्द्र मोदी 7 अक्टूबर, 2013 यानी आज गुजरात में अपने शासन के 12 वर्ष पूर्ण कर रहे हैं। 7 अक्टूबर, 2001 को तत्कालीन मुख्यमंत्री केशूभाई पटेल को हटा कर मोदी को गुजरात की कमान सौंपी गई थी। बारह साल का यह कालखण्ड कोई छोटा नहीं है। अक्सर बड़े-बड़े अध्यायों को ऐसे ही कालखण्ड की जरूरत होती है।

गत वर्ष जब नरेन्द्र मोदी ने गुजरात में अपने शासन के 11 साल पूरे किए थे, तब 12 साल के शासन के बीच गुजरात विधानसभा चुनाव 2012 जैसा महत्वपूर्ण पड़ाव था, परंतु वे आज न केवल उस पड़ाव को पार कर चुके हैं, बल्कि बारह साल पहले गांधीनर में नरेन्द्र मोदी नामक जो वडनगर का बीज बोया गया था, वह आज बारह साल बाद वटवृक्ष बन गया है और उसकी शाखाएँ दिल्ली ही नहीं, बल्कि समग्र देश में फैल रही हैं। इतना ही नहीं, ये शाखाएँ अब दिल्ली के सिंहासन को छूने को भी आतुर हैं।

जनता की नब्ज को परखने वाले मोदी ने गुजरात में यह उपलब्धि यूँ ही नहीं हासिल की है। मोदी यदि गुजरात की सत्ता में 11 साल पूरे कर रहे हैं, तो वह किसी के रहमो-करम पर नहीं, अपने बल बूते पर कर रहे हैं। आम तौर पर किसी शासक के लम्बे शासनकाल के बाद आम जनता में विरोध के सुर उठने लगते हैं। शासक पार्टी के नेता जनता के बीच जाने से घबराते हैं, लेकिन गुजरात में मोदी आज भी अपने बूते भारी भीड़ जुटाते हैं। वे जनता के बीच ज्यादा और अपने ऑफिस में कम पाए जाते हैं। वे देश में अकेले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जो सीधे सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह पर निशाना साधते हैं। गुजरात के कांग्रेसी नेता शायद ही उनके निशाने पर होते हैं। गुजरात में 12 साल के शासन के बावजूद मोदी को लेकर कोई सामूहिक विरोध का सुर नहीं उठता दिखता।

भारतीय राजनीति की धुरि बन चुके हैं

प्रतिपक्ष कांग्रेस जहाँ मोदी पर हमला बोलती है, वहीं मोदी यह कसर यूपीए सरकार पर निकाल कर कांग्रेस के आरोपों की हवा निकालने से नहीं चूकते। जहाँ तक घरेलू चुनौती का सवाल है, तो पार्टी में तो उनके साथ खड़े रहने की किसी की हैसियत है नहीं। हाँ, केशूभाई पटेल और उनकी नई पार्टी के रूप में जो चुनौती थी, उसका मोदी मौन रह कर और विधानसभा चुनावों में पटखनी देकर सफलतापूर्वक सामना कर लिया।

कहने को मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री हैं, लेकिन अब वे भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार भी बन चुके हैं और आज सब कुछ उनके नाम के इर्द-गिर्द है। वे भारतीय राजनीति की धुरि बन चुके हैं। आम तौर पर धुरि शब्द पृथ्वी शब्द के आने पर हमारे पटल पर उभरता है, लेकिन न तो पृथ्वी धुरि का विरोध करती है और न पृथ्वी धुरि का, लेकिन भारतीय राजनीति में स्थिति विपरीत हैं। आज मोदी भारतीय राजनीति की धुरि तो हैं, लेकिन उनके धुर विरोधियों की कमी नहीं है।

हर अच्छे और बुरे काम के साथ उनके नाम की मुहर खुद-ब-खुद जुड़ जाती है। वे जहां गुजरात का पर्याय बन चुके हैं, वहीं उनका नाम उनके समर्थकों और विरोधियों के लिए किसी मिशन से कम नहीं है। मोदी एक मुख्यमंत्री के अलावा एक मिथक भी हैं। गुजरात में वे चौदहवें मुख्यमंत्री हैं और उनसे पहले तेरह मुख्यमंत्रियों में किसी ने भी गांधीनगर की सत्ता पर इतना लम्बा शासन नहीं किया।

इन बारह सालों में ऐसा कई बार लगा कि मोदी का खेल अब खत्म होने वाला है। फिर केशूभाई पटेल, गोरधन झडफिया, ए. के. पटेल जैसे लोगों का असंतोष हो, अटल बिहारी वाजपेयी जैसे कद्दावर नेता की राजधर्म की सीख हो या फिर लोकसभा चुनावों में कमजोर प्रदर्शन हो। हर बार मोदी पर संकट आया और वे उबर भी गए। हालांकि इस सबके पीछे लालकृष्ण आडवाणी का अभयदान उनके साथ रहता आया, तो आज उन्हीं आडवाणी के साथ उनके सम्बंधों पर सवाल भी खड़े किए जा रहे हैं। यह भी अपने आप में मोदी से जुड़े विवाद की एक और कड़ी है। 7 अक्टूबर, 2001 को पहली बार मुख्यमंत्री बनने से लेकर गोधरा कांड, कट्टर हिन्दुत्व की छवि और फिर सद्भावना मिशन तक मोदी के 12 पड़ाव कुछ यूं हो सकते हैं।

नरेंद्र मोदी से जुड़ी 12 अहम बातें इस प्रकार हैं-

टेस्ट नहीं, वन-डे, गोधरा कांड

टेस्ट नहीं, वन-डे, गोधरा कांड

नरेन्द्र मोदी ने 7 अक्टूबर, 2001 को सत्ता की बागडोर हाथ में लेने से पहले आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में कहा कि वे टेस्ट नहीं, बल्कि वन-डे खेलने आए हैं। मोदी ने केशूभाई पटेल के आशीर्वाद के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। संघ के स्वयंसेवक रहे मोदी ने पहली बार चुनाव लड़ा राजकोट-2 विधानसभा क्षेत्र से। इस उप चुनाव में मोदी को जीत मिली। चुनावी जीत की खुशी के बीच 27 फरवरी, 2002 को गोधरा कांड हुआ और गुजरात भयंकर दंगों की आग में झुलस गया। बस ये दंगे ही मोदी के लिए गले का ‘हार' बन गए। मोदी ने साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण का फायदा उठाने के लिए विधानसभा भंग की और दिसम्बर-2002 में विधानसभा चुनाव हुए। मोदी के बूते भाजपा को दो तिहाई बहुमत हासिल हुआ और दंगों को लेकर मोदी को लताडऩे वालों के मुंह कुछ समय के लिए बंद हो गए।

हार का ठीकरा

हार का ठीकरा

सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था, लेकिन सोलह महीने बाद हुए लोकसभा चुनाव-2004 ने सब कुछ उलट दिया। केन्द्र में सत्तारूढ़ अटल बिहारी वाजपेयी सरकार की इस चुनाव में लुटिया डूब गई। चौतरफा फीलगुड और इंडिया शाइनिंग अभियान की चमक के बावजूद वाजपेयी सरकार दोबारा सत्ता में न लौटी। यहां तक कि गुजरात में मोदी 26 में से सिर्फ 14 सीटें ही दिला सके। चुनावों में मिली इस हार का ठीकरा सीधे तौर पर मोदी पर फोड़ा गया। भाजपा के सहयोगी दलों ने साफ तौर पर कहा कि गुजरात दंगों में मोदी की तथाकथित भूमिका ही भाजपा और एनडीए की हार का कारण बने। इसके साथ ही मोदी के विरोधी लामबंद होना शुरू हो गए।

अमरीका का वीजा देने से इनकार

अमरीका का वीजा देने से इनकार

वैसे मोदी अक्सर इन मामलों में किस्मत के धनी रहे हैं। जब-जब उन पर शिकंजा कसा गया, वे मजबूत बन कर उभरे। विरोध के बीच न्यूयॉर्क से खबर आई कि अमरीका ने मोदी को वीजा देने से इनकार कर दिया। मोदी ने अमरीका के इस इनकार को गुजरात ही नहीं, देश के अपमान के तौर पर प्रचारित किया। यहां तक कि उनके विरोधी भी यह राय देने से नहीं चूके कि दंगे हमारे राज्य-देश का आंतरकि मामला है और इस आधार पर वीजा देने से इनकार करना उचित नहीं है। वीजा का यह इनकार भी मोदी के कद को बढ़ाने वाला ही साबित हुआ।

सिंहासन डोला

सिंहासन डोला

लोकसभा चुनाव-2002 में हार के बाद मोदी का सिंहासन डोलने लगा। दो साल पहले ही दो तिहाई बहुमत हासिल करने वाले मोदी को लेकर आम जनता में तो कोई विरोध नहीं दिख रहा था, लेकिन लोकसभा चुनाव में हार और हाईकमान के कई नेताओं व सहयोगी दलों की ओर से मोदी को घेरे जाने के साथ ही स्थानीय स्तर पर मोदी विरोधियों के पंख लगने लगे। सत्ता से हटाए जाने से दु:खी केशूभाई पटेल के अप्रत्यक्ष नेतृत्व में गोरधन झडफिया, ए. के. पटेल, सुरेश मेहता जैसे नेताओं ने बगावत के स्वर तेज कर दिए। मामला ए. के. पटेल के जन्म दिन की पार्टी से लेकर दिल्ली तक पहुंचा। लम्बा घमासान चला। एक बार तो पूरी भाजपा मानो मोदी पर सिमटी लगी, लेकिन आडवाणी के अभयदान ने मोदी के सिंहासन को हमेशा बचाया। यह बात और है कि आज मोदी और आडवाणी के सम्बंधों को प्रधानमंत्री पद की दावेदारी के कारण तंग माना जाता है।

नर्मदा बांध मुद्दे पर 51 घण्टे का उपवास

नर्मदा बांध मुद्दे पर 51 घण्टे का उपवास

मोदी जब-जब कमजोर होते दिखे, उनके हाथ कोई न कोई मजबूत मुद्दा अवश्य लगता दिखा। ऐसा ही एक मुद्दा था नर्मदा बांध का। केन्द्र की कांग्रेस नीत सरकार, सैफुद्दीन सोज और मेधा पाटकर की कथित मिलीभगत के चलते नर्मदा बांध की ऊंचाई खटाई में पड़ती दिखी, तो मोदी ने 17 अप्रेल, 2006 को 51 घण्टे का अनशन शुरू किया। जीएमडीसी ग्राउण्ड में शुरू हुआ यह हाईफाई अनशन 29 घण्टे में ही पूरा हो गया। केन्द्र सरकार को झुकना पड़ा और मोदी ने इसे गुजरात की अस्मिता से जोड़ दिया।

सबसे लम्बे शासन का रिकॉर्ड

सबसे लम्बे शासन का रिकॉर्ड

मोदी ने जून-2006 में गुजरात में सबसे लम्बे शासन का पूर्व मुख्यमंत्री माधवसिंह सोलंकी का रिकॉर्ड तोड़ कर एक नया रिकॉर्ड बनाया। यह उनके कार्यकाल का एक और बेहतर पड़ाव था। गुजरात में जीवराज मेहता से लेकर केशूभाई पटेल तक तेरह मुख्यमंत्री रहे। इनमें एकमात्र माधवसिंह सोलंकी ऐसे मुख्यमंत्री थे, जिन्होंने चुनाव से चुनाव तक का कार्यकाल पूरा किया था। वो भी पांच साल का नहीं था, लेकिन मोदी ने आगे चल कर न केवल सबसे लम्बे शासन का रिकॉर्ड बल्कि, चुनाव से चुनाव तक शासन का रिकॉर्ड बनाया और अब तो उन्होंने शासन के 12 साल पूरे कर लिए हैं।

मौत के नहीं, मतों के सौदागर

मौत के नहीं, मतों के सौदागर

विवादों के बीच विधानसभा चुनाव-2007 आए। इन चुनावों में फिर एक बार दंगों के नाम पर मोदी को कोसने का सिलसिला चला, तो अब सोहराबुद्दीन फर्जी मुठभेड़ जैसे मामले नए मुद्दों के रूप में जुड़ चुके थे। चुनाव प्रचार अभियान का आधे से ज्यादा हिस्से में मोदी ने जहां विकास को उजागर करने की कोशिश की, वहीं प्रतिपक्ष कांग्रेस का प्रचार मोदी की सरकार की कमियों की बजाए उनके विवादों पर केन्द्रित रहा और स्थानीय कांग्रेसियों की राह पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी चलीं। उन्होंने प्रचार अभियान के अंतिम चरण में सोहराबुद्दीन फर्जी मुठभेड़ प्रकरण को लेकर मोदी को मौत का सौदागर कह दिया और एक वाक्य के बल पर मोदी ने खुद को मतों का सौदागर साबित किया।

लोकसभा चुनाव में फिर भद पिटी

लोकसभा चुनाव में फिर भद पिटी

फिर एक बार सोलह महीने बाद लोकसभा चुनाव-2009 हुए और 2004 का पुनरावर्तन हुआ। मोदी लोकसभा सीटों में सिर्फ एक सीट का इजाफा करवा पाए और कांग्रेस की बाछें फिर खिलीं, लेकिन हर बार की तरह कांग्रेस लगातार उन्हें बुनियादी मुद्दों पर घेरने की बजाए विवादास्पद मुद्दों पर घेरती रही और उसे मुंह की खानी पड़ी। ऐसा ही हुआ। लोकसभा चुनाव में भाजपा की हार के सौ दिन बाद ही हुए राज्य में सात सीटों के उप चुनाव में पांच सीटें जीत कर मोदी ने फिर एक बार गुजरात पर अपनी पकड़ को साबित किया।

स्वर्णिम गुजरात और सद्भावना उपवास

स्वर्णिम गुजरात और सद्भावना उपवास

'पांच करोड़ गुजरातीओ' से शुरुआत करने वाले मोदी को न केवल 'छह करोड़ गुजरातीओं' बोलने का अवसर मिला, बल्कि इंदूलाल याज्ञिक के नेतृत्व में चले महागुजरात अभियान से बने गुजरात की स्वर्ण जयंती के सरताज बनने का भी उन्हें सौभाग्य प्राप्त हुआ। केन्द्रीय राजनीति, हाईकमान की राजनीति, अण्णा हजारे के उपवास आंदोलन जैसे ज्वलंत मुद्दों के बीच भी मोदी और विवाद चलते ही रहे। कांग्रेस ने गुजरात में मोदी को घेरने के लिए राजभवन का इस्तेमाल कर लोकायुक्त की नियुक्ति करवा दी। मोदी दंगे, संजीव भट्ट, हरेन पंड्या, जागृति पंड्या, फर्जी मुठभेड़ सहित कई अनसुलझे मुद्दों पर जब खुद को घिरा महसूस करने लगे। मोदी के अनशन को खुद को राष्ट्रीय स्तर पर उभरने की सीढ़ी के रूप में देखा गया। इस अनशन में कई अल्पसंख्यकों को भी लाकर मोदी ने सबका साथ-सबका विकास का नारा दिया। विवादों के बीच मोदी ने आज अपने शासन के 12 साल पूरे कर लिए।

विकास का मंत्र

विकास का मंत्र

विवादों के बीच नंबर वन का सिलसिला गोधरा कांड से लोगों का ध्यान हटाने के लिए विकास का रास्ता अपनाया। कई मामलों में गुजरात नंबर वन रहा। नंबर वन को मोदी ने मंत्र बना दिया। वाइब्रेंट गुजरात के नाम से जहां उत्सवों की श्रृंखला चलाई, वहीं अंतरराष्ट्रीय निवेशक सम्मेलनों के जरिए राज्य में अरबों का निवेश लाने की कवायद की। बड़े-बड़े उद्योगपतियों ने गुजरात की ओर रुख किया। मोदी ने इस दौरान समग्र राज्य में चारों तरफ विकास का माहौल बनाया। हालांकि समय-समय पर विवाद पैदा होते रहे, जिनका जवाब मोदी ने समय-समय पर हुए विभिन्न स्तरीय चुनावों से दिया। इतना ही नहीं मोदी गुजरात में ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने 2005 में अहमदाबाद महानगर पालिका चुनाव में प्रचार अभियान चलाया। अपने नए-नए तरीकों से गुजरात को ग्लोबल गुजरात बनाने वाले मोदी ही तो हैं।

वटवृक्ष में गुजरात की खाद

वटवृक्ष में गुजरात की खाद

इन बारह वर्षों में आई तमाम चुनौतियों में सफलता प्राप्त करने का यदि कोई सार है, तो वह है विकास। उसका प्रमाण ये है कि मोदी ने गुजरात विधानसभा में लगातार तीसरी बार जीत हासिल की। मोदी जानते थे कि विधानसभा चुनाव 2012 उनके लिए महत्वपूर्ण पड़ाव होगा और उसे जीत कर वे देश की राजनीति में प्रवेश कर सकेंगे और अनेक चुनौतियों के बीच वे ऐसा करने में सफल रहे। गुजरात की जीत के साथ ही गांधीनर में बोए गए वडनगर के बीज की शाखाओं के देश में फैलने का मार्ग प्रशस्त हो गया। आज मोदी देश की राजनीति में वटवृक्ष बन चुके हैं, तो इसके पीछे गुजरात का सबसे बड़ा योगदान है। गुजरात की खाद ने ही मोदी को इस मुकाम तक पहुँचाया है।

आखिरी डेटलाइन क्या?

आखिरी डेटलाइन क्या?

नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 12 साल का शासनकाल तो पूर्ण कर लिया है, लेकिन अब जबकि वे भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार घोषित हो चुके हैं, तब राजनीतिक हलकों में इन चर्चाओं ने जोर पकड़ा है कि मोदी के 7 अक्टूबर, 2001 को शुरू हुए कार्यकाल की अंतिम डेटलाइन क्या होगी। सामान्यतः लोकसभा चुनाव आगामी अप्रैल-मई 2014 में होने हैं और यदि मोदी के नेतृत्व में भाजपा वास्तव में केन्द्र की सत्ता में काबिज हो गी, तो निश्चित रूप से मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। बस सवाल यही है कि मोदी की आखिरी डेटलाइन क्या होगी?

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+