मधुबाला के प्रेम में गिरफ्तार युसुफ खान ने रचाई 22 साल छोटी सायरा से शादी,जानिए दिलचस्प प्रेम कहानी
Happy Birthday Dilip Kumar: फिल्मी पर्दे पर मौन 'इश्क' के जरिए लोगों को अपना दीवाना बनाने वाले हिंदी सिनेमा के महान नायक दिलीप कुमार आज 98वां जन्मदिन मना रहे हैं, हालांकि हाल ही में कोरोना वायरस की वजह से अपने दो छोटे भाईयों को खोने वाले दिलीप कुमार आज अपना बर्थडे सेलिब्रेट नहीं कर रहे हैं लेकिन सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा है। बॉलीवुड के पहले 'देवदास' ने सिल्वर स्क्रीन पर 'मुगल-ए-आजम' के रूप में मोहब्बत की ऐसी अमर दास्तां लिखी है, जिसे लिखना हर किसी के बस की बात नहीं है लेकिन क्या आपको पता है कि इस दास्तां को लिखते वक्त फिल्मी पर्दे के 'सलीम' यानी कि दिलीप कुमार को फिल्म की 'अनारकली' यानी कि मधुबाला से सच में बेपनाह मोहब्बत हो गई थी।

मधुबाला को हमसफर बनाना चाहते थे दिलीप कुमार...
इस ऐतिहासिक फिल्म को बनने में 14 साल लगे थे और इन 14 सालों में दिलीप कुमार को प्यार हुआ, हद से ज्यादा हुआ लेकिन शादी तक उनका रिश्ता पहुंच नहीं पाया और फिर दिलीप कुमार की जिंदगी में उस लड़की की एंट्री हुई जो कि उम्र में उनसे 22 साल छोटी थी। उम्र के इस फासले को देखते हुए उस वक्त हर किसी ने कहा था कि ये शादी सफल नहीं होगी लेकिन ये शादी सफल ही नहीं हुई बल्कि आज लोगों के लिए मिसाल बन गई है।

मधुबाला के पिता को पसंद नहीं थे दिलीप कुमार
अपनी 'बॉयोग्राफी' में दिलीप कुमार ने खुलासा किया था कि वो मधुबाला के प्यार में गिरफ्तार थे, उन्होंने मधुबाला जैसी खूबसूरत, हंसमुख और जिंदादिल जैसी महिला पहले कभी नहीं देखी थी, वो उनकी एक्टिंग के कायल थे, उनके साथ काम करते-करते दिलीप कुमार का दिल कब उनपर आ गया उन्हें पता ही नहीं चला।
अधूरी रह गई दिलीप-मधुबाला की प्रेम कहानी
दिलीप कुमार ने 'बॉयोग्राफी' में स्वीकारा है कि एक वक्त था जब बॉलीवुड में बहुत सारे लोग मधुबाला के करीब आने का ख्वाब देखते थे लेकिन वो अपने आप को किस्मत वाला मानते थे क्योंकि मधुबाला भी उनसे बेपनाह प्यार करती थीं लेकिन ये लवस्टोरी अधूरी ही रह गई क्योंकि दिलीप कुमार को मधुबाला के पिता पसंद नहीं करते थे।
Recommended Video

35 साल की उम्र में मधुबाला ने किया दुनिया को अलविदा
वो इस शादी के खिलाफ थे और इसी वजह से दिलीप-मधुबाला एक नहीं हो पाए। हालांकि दोनों ने अपने रास्ते अलग कर लिए थे लेकिन मधुबाला, दिलीप कुमार को दिल से कभी निकाल नहीं पाईं। 35 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाली मधुबाला ने अंतिम दिनों में दिलीप कुमार से मिलने की इच्छा जताई थी, जिसे कि दिलीप कुमार ने पूरा भी किया था।
'मेरे शहजादे को शहजादी मिल ही गई'
कहते हैं जब दिलीप कुमार, जिंदगी और मौत से जंग लड़ रही मधुबाला से मिलने गए थे तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा था कि आखिरकार मेरे शहजादे को शहजादी मिल ही गई। दरअसल मधुबाला से रिश्ता टूटने के बाद दिलीप कुमार की लाइफ में 22 साल छोटी बेहद खूबसूरत अदाकारा सायरा बानो की एंट्री हो गई थी, इसी वजह से मधुबाला ने ये बात कही थी।

दिलीप कुमार ने रचाई 22 साल छोटी सायरा से शादी
मालूम हो कि सायरा बानो से दिलीप कुमार ने साल 1966 में शादी की थी, शादी के वक्त दिलीप कुमार 44 साल के और सायरा 22 साल की थीं। तब उस वक्त अभिनेत्री सायरा ने कहा था कि 12 साल की उम्र में पहली बार उन्होंने एक दिन दिलीप कुमार की 'आन' फिल्म देखीं और उन्हें दिलीप साहब से प्यार हो गया था लेकिन तब उन्हें ये नहीं पता था कि एक दिन वो उनकी सच में बेगम बन जाएंगी।
12 साल की उम्र से सायरा प्यार करती हैं दिलीप कुमार से
सायरा की नजर में दिलीप कुमार एक रीयल हीरो हैं जो कि बेहद लविंग और केयरिंग हैं। दिलीप कुमार को अपनी सांस मानने वाली सायरा बानो ने कहा था कि वो अपने जीवन की कल्पना दिलीप साहब के बिना कर ही नहीं सकती हैं। दोनों का रिश्ता आज प्रेम, त्याग और समर्पण की मिसाल बन चुका है।

दिलीप कुमार ने की हैं यादगार फिल्में
मालूम हो कि भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार ने अपने छह दशक के करियर में कई महत्वपूर्ण फिल्में दी हैं। 'ज्वार भाटा', 'मेला', 'नया दौर', 'तराना', 'देवदास', 'गंगा जमुना', 'लीडर', 'मुगल-ए आजम', 'शक्ति', 'कर्मा', 'सौदागर' उनकी सर्वश्रेष्ठ फिल्मों में से हैं। उनकी आखिरी फिल्म 'किला' (1998) थी।












Click it and Unblock the Notifications