साल 2016 को समेटती देश की 16 खास तस्वीरें
साल 2016 अपने आखिरी दिनों में है.राजनीति,खेल,बॉलीवुड और भारतीय सेना के लिहाज से पूरा साल बड़ी घटनाओं से भरा रहा. इनमें से कई मुद्दे ऐसे थे,जो कई दिनों तक सुर्खियां बने रहे.
साल 2016 अपने आखिरी दिनों में है. राजनीति, खेल, बॉलीवुड और भारतीय सेना के लिहाज से पूरा साल बड़ी घटनाओं से भरा रहा. इनमें से कई मुद्दे ऐसे थे, जो कई दिनों तक सुर्खियां बने रहे. खबरें तो आपने पूरे साल खूब पढ़ी होंगी लेकिन तस्वीरों के आईने से देखिए, अलविदा कहते 2016 को. ये वो तस्वीरें हैं जिसने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा.


पठानकोट हमला
साल की शुरुआत हुई एक ऐसे आतंकी हमले से जिसने सभी को हिला कर रख दिया. जनवरी में पंजाब के पठानकोट स्थित वायुसेना के एयरबेस पर आतंकियों ने हमला किया था. हमले में 7 जवान शहीद हुए और हमले की एक तस्वीर ने मीडिया के हर सेक्शन में अपनी जगह बनाई. इस तस्वीर में NSG कमांडो एयरबेस की छत पर आतंकियों की तलाश में पैनी नजर बनाए हुए थे
पुत्तिंगल देवी मंदिर हादसा
अप्रैल 2016 में केरल के परवूर के पुत्तिंगल देवी मंदिर में आतिशबाजी के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ था. इस हादसे में 110 लोगों की मौत हुई थी. हादसा इतना भीषण था कि कई किलोमीटर दूर से इसकी आवाज और रोशनी को देखा जा सकता था. इस हादसे की तस्वीरों से इसकी भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है. ऐसी ही एक तस्वीर ये थी.

इरोम शर्मिला का टूटा अनशन
मानवाधिकार उल्लंघन और अफस्पा कानून के विरोध में मणिपुर की इरोम शर्मिला चानू लगभग 16 साल अनशन पर रहीं. 10 बेगुनाहों की हत्या के बाद साल 2000 से उनका शुरू हुआ और वो देशभर में विरोध का प्रतीक बन गईं. आम जनता की बेरुखी से निराश इरोम ने 9 अगस्त 2016 को अपना अनशन तोड़ा, जो साल 2016 की सबसे बड़ी तस्वीरों में से एक थी
बुरहान वानी
साल 2016 में कश्मीर में जिस शख्स का सबसे ज्यादा पोस्टर लहराया वो था हिजबुल मुजाहिद्दीन का कमांडर बुरहान वानी. आतंकी वानी को भारतीय सेना ने एक मुठभेड़ में 8 जुलाई 2016 को मार गिराया था. अलगाववादियों से लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने बुरहान की मौत पर सियासत की और उसे आजादी की जंग का पोस्टर ब्वॉय बनाया. उसकी तस्वीर पूरे साल वाट्सऐप और सोशल मीडिया साइट्स पर तैरती रही

कश्मीर और पैलेट गन
बुरहान वानी की मौत के बाद कश्मीर गुस्से की आग में भड़क उठा. हाथों में पत्थर और जुबां पर नारे लिए युवा सड़कों के ऊपर जवानों पर कहर बनकर टूट रहे थे. आमने-सामने की कार्रवाई में सेना ने भी पैलेट गन का इस्तेमाल किया. इसके कारण कई युवाओं को अपनी आंखें गंवानी पड़ी. इसी बीच एक युवा लड़के की तस्वीर ने सभी का ध्यान खींचा, जिसके चेहरे पर पैलेट गन के बेहद भयावह छर्रों के निशान थे
अंतरिक्ष में नई उड़ान
जून 2016 में इसरो ने अंतरिक्ष विज्ञान की दुनिया में एक और नया मुकाम छूकर अपनी ताकत का लोहा मनवाया. इसरो ने एक साथ 20 सैटेलाइट लॉन्च की. इसरो की ये तस्वीर भारत की उभरती ताकत को दिखाती है

भगदड़ में मौत
15 अक्टूबर 2016 के दिन बनारस के नजदीक एक धार्मिक कार्यक्रम में शरीक होने जा रहे 24 श्रद्धालुओं की भगदड़ में मौत हो गई थी. इस हादसे की तस्वीरों ने सभी को हिलाकर रख दिया था. देखिए ऐसी ही एक तस्वीर जिसने सभी को हादसे की हकीकत से रूबरू कराया
रियो ओलंपिक में महिला शक्ति
अगस्त में हुए रियो ओलंपिक 2016 में भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और रेसलर साक्षी मलिक ने पदक दिलाकर देश का दिल जीत लिया. पदक के बाद उनकी ये तस्वीर साल की बेहतरीन तस्वीरों में से एक रही.

कावेरी विवाद हंगामा
12 सितंबर 2016 को कावेरी जल विवाद पर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले से अचानक कर्नाटक के बंगलुरु में हिंसा भड़क गई. इसमें तमिलनाडु के निवासियों पर हमले हुए और सैकड़ों वाहनों में आग लगा दी गई. इस दौरान 22 बसों में एक साथ हुई आगजनी की तस्वीरों ने सबको हैरान कर दिया
उरी हमला
18 सितंबर 2016 को आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर के उरी में सेना के हेडक्वार्टर पर हमला कर पूरे देश को हिला दिया था. इस हमले में 19 जवान शहीद हुए और 4 आतंकी मारे गए. इस हमले की एक तस्वीर काफी चर्चा में रही, जहां पहाड़ियों के बीच सेना के कैंप से धुआं निकलता दिखाई दे रहा है

मोदी सरकार की नोटबंदी
साल 2016 के सबसे बड़े फैसलों में से एक नोटबंदी था. 8 नवंबर की शाम अचानक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के नाम संदेश और उसमें 1000-500 के नोट की रद्द करने की घोषणा ने सभी को चौंका दिया था. पीएम मोदी की घोषणा की ये तस्वीर साल की सबसे बड़ी महत्वपूर्ण तस्वीरों में से एक थी
शीतकालीन सत्र में हंगामा
साल 2016 का पूरा शीतकालीन सत्र नोटबंदी पर हुए विपक्ष के हंगामे की भेंट चढ़ गया. विपक्ष ने एकजुट होकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला और उनके विरोध प्रदर्शन की ये तस्वीर हर जगह छाई रही

जयललिता का निधन
5 दिसंबर 2016 में तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता की लंबी बीमारी के बाद मौत ने सबको स्तब्ध कर दिया था. पूरा प्रदेश जहां शोक में डूबा था, वहीं कई बड़े नेता भी दुख की घड़ी में शरीक हुए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी की तस्वीर बेहद खास रही
करुण नायर का तिहरा शतक
अपने क्रिकेट करियर के तीसरे ही टेस्ट मैच में तिहरा शतक (303*) जड़कर 25 वर्षीय करुण नायर ने तहलका मचा दिया. तिहरे शतक के बाद उनकी ये तस्वीर साल की दमदार तस्वीरों से एक रही.

पैरा-ओलंपिक
सितंबर 2016 में हुए पैरा-ओलंपिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने अपना जलवा बिखेरा. भारत ने इस प्रतियोगिता में 2 गोल्ड, 1 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल जीता. भारतीय पदकवीरों की तस्वीर साल की बेहतरीन तस्वीरों में से एक थी. खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि असक्षमता को ताकत बनाया जा सकता है
रेल हादसा कानपुर
नवंबर 2016 में कानपुर के पास साल का सबसे बड़ा रेल हादसा हुआ. इस हादसे में 150 लोगों ने जान गंवाई. हादसा कितना इतना भयावह था इसकी गवाही रेल हादसे की ये तस्वीर दे रही थी, जिसमें रेलगाड़ी के डिब्बे खिलौने की तरह पलटे हुए थे

बीते साल की झलकियां
इन तस्वीरों ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा. इनमें अच्छी और बुरी हर खबर थीं. इन्हीं तस्वीरों के जरिए साल 2016 को आसानी से समझा जा सकता है.












Click it and Unblock the Notifications