Gold Smuggling: देश में बढ़ रही है गोल्ड तस्करी, बीते सालों में 12000 किलो अवैध सोना जब्त
देश में सोने की तस्करी सिर्फ हवाईअड्डों से ही नहीं बल्कि पानी और जमीन के रास्ते से भी होती है। गौरतलब है कि कस्टम विभाग द्वारा हर साल हजारों किलो सोना जब्त किया जाता है।

Gold Smuggling: मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बीते 11 महीनों में 604 किलो गोल्ड जब्त किया गया है। जिसकी कीमत ₹340 करोड़ आंकी गई है। वहीं दिल्ली एयरपोर्ट पर 374 किलो और चेन्नई एयरपोर्ट पर 306 किलो सोना जब्त किया जा चुका है। यह आंकड़े कस्टम विभाग ने जारी किये है जोकि अप्रैल 2022 से लेकर फरवरी 2023 तक के है।
वैसे सोने की तस्करी सिर्फ हवाईअड्डों से ही नहीं होती है। इसकी तस्करी सड़क और पानी से भी होती है। 'स्मगलिंग इन इंडिया 2021-22' की रिपोर्ट के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर बढ़ी निगरानी की वजह से तस्कर हवाईमार्ग की निर्भरता को छोड़ जमीनी मार्ग यानी चीन-म्यांमार-भारत सीमाओं के माध्यम से तस्करी कर रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक मणिपुर और मिजोरम वे प्रमुख राज्य हैं जहां बीते कुछ सालों में म्यांमार से गोल्ड की तस्करी हो रही है। म्यांमार से भारत में सोने की तस्करी के लिए दो फ्लैग्ड रूट हैं, म्यूज- मांडले- कलेवा- तेदीम- जोखवथार और म्यूजियम- मंडाले- कलेवा- तमु- नामफलोंग-मोरेह। पहला रूट मिजोरम से जुड़ा है और दूसरा रूट मणिपुर में खुलता है।
2021-22 में कितना सोना पकड़ा गया?
केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा डीआरआई (Directorate of Revenue intelligence) के 65वें स्थापना दिवस पर जारी की गई 'स्मगलिंग इन इंडिया 2021-22' रिपोर्ट से पता चलता है कि वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान 833 किलो सोने की तस्करी हुई थी, जिसकी कीमत ₹405.35 करोड़ थी। वहीं जब्त किये गये सोने का 37 प्रतिशत म्यांमार से आया था। 20 प्रतिशत हिस्सा मिडिल ईस्ट से, 7 प्रतिशत बांग्लादेश और बाकि की 36 प्रतिशत तस्करी अन्य जगहों से हुई है।
भारत में अवैध गोल्ड की ढुलाई
डीआरआई की इस रिपोर्ट के मुताबिक सबसे अधिक 21.37 प्रतिशत अवैध सोना वाहनों से जब्त किया गया। इसके बाद तस्करी का सोना कोरियर, कपड़े और बॉडी में छिपाकर लाया जाता है। रिपोर्ट में बताया गया कि ईंधन टैंक, डैशबोर्ड, एसी फिल्टर, सीटें, व्हील एक्सल, चेसिस कैविटी और पुराने टायर के लिए वाहनों में विशेष रूप से बनाये गये कैविटी (छेद, होल या खाली जगह) को तस्करी के सामान को छुपाने के उपयोग में लिया जाता है।
11 हजार किलो जब्त पांच सालों में
डीआरआई की 'स्मगलिंग इन इंडिया 2019-20' की रिपोर्ट के मुताबिक भारत हर साल करीब 800-850 टन सोने का आयात करता है। जबकि इसकी सालाना खपत करीब 1,000 टन से ज्यादा की है। इससे हम समझ सकते हैं कि भारत में हर साल लगभग 150-200 टन सोने की तस्करी की जा रही है। वहीं इस रिपोर्ट के मुताबिक 2015 से 2019 के बीच पूरे देश में भारतीय कस्टम द्वारा 11,725 किलो सोना जब्त किया गया था। जिसकी कीमत लगभग ₹3548 करोड़ थी।
संसद में सरकार का स्पष्टीकरण
सोने की तस्करी को लेकर भारत सरकार ने फरवरी 2023 में संसद में बताया था कि साल 2020 में कुल 2154.58 किलो, 2021 में 2383.38 किलो, 2022 में 3502.16 किलो, और जनवरी 2023 तक 384.71 किलो अवैध सोना देशभर से जब्त किया गया।
क्यों है विदेशी सोने की मांग?
जर्मन वेबसाइट DW की रिपोर्ट के मुताबिक तस्करी के जरिए देश में पहुंचने वाला सोना मुंबई के सर्राफा बाजार में बाजार मूल्य से तीन से चार प्रतिशत कम दर पर बेचा जाता है। वहीं इन तस्करी किये गये सोने को सीमा पार कराने पर छह से सात प्रतिशत का खर्च होता है। बावजूद इसके सोने के तस्कर इस पर छह से सात प्रतिशत का मुनाफा कमाते हैं। इसकी एक वजह देश में सोने पर टैक्स की ऊंची दर (जीएसटी समेत 18 प्रतिशत) है।
इस पर एसोसिएशन ऑफ गोल्ड रिफाइनरीज एंड मिंट्स के पूर्व सचिव जेम्स जोस के हवाले से DW अपनी रिपोर्ट में कहती है कि सोने की कीमत में सलाना 5 से 15 प्रतिशत तक उतार-चढ़ाव होता रहता है। जब तक सोने पर इम्पोर्ट ड्यूटी को मौजूदा 15 से घटाकर पांच प्रतिशत नहीं किया जाता, इसकी तस्करी फलती-फूलती रहेगी।
कितना है भारतीयों के पास सोना?
बता दें कि चीन के बाद भारत सोने का दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा इम्पोर्टर (खरीददार) और सोने की ज्वेलरी का सबसे बड़ा एक्सपोर्टर (बेचने वाला) देश है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) के अनुसार भारतीय घरों में 25,000 टन तक सोना जमा है। जबकि विश्वभर में सबसे ज्यादा सोना रखने वाले देशों की लिस्ट में भारत नौवें पायदान पर है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की आधिकारिक वेबसाइट (Goldhub) पर 28 जनवरी 2022 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार भारत के पास कुल 760.42 मिट्रिक टन सोने का रिजर्व है जिसकी कीमत $41 बिलियन है।
यह भी पढ़ेंः Gold Price today: सोने ने बनाया नया रिकॉर्ड, 61000 रुपए के पार पहुंचा भाव












Click it and Unblock the Notifications