Foreign Universities: विदेशी विश्वविद्यालय जो हैं भारतीय छात्रों में सबसे ज्यादा लोकप्रिय
हर साल पढ़ाई के लिए विदेश जाने वाले भारतीय छात्रों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। कुछ दिनों पहले केंद्र सरकार ने लोकसभा में बताया कि साल 2022 में भारत से 7 लाख से भी अधिक छात्र विदेशों में पढ़ाई के लिए गये थे।

Foreign Universities: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री भारती पवार ने लोकसभा में जानकारी दी है कि विदेशों में लगभग 12 लाख भारतीय छात्र पढ़ाई कर रहे हैं जिसमें साल 2022 में 7,50,365 छात्र विदेश गए। वहीं फॉरेन स्टडी के लिए सबसे पॉपुलर देशों की बात करें तो भारतीय युवा अब ऑस्ट्रेलिया (Australia), यूके (UK) और कनाडा (Canada) को प्राथमिकता दे रहे हैं। लेकिन इन देशों में भी कुछ कॉलेज और यूनिवर्सिटी ज्यादा ही लोकप्रिय हैं। ऐसी ही कुछ यूनिवर्सिटीज के बारे में आपको जानकारी देते हैं।
कैंब्रिज यूनिवर्सिटी (यूनाइटेड किंगडम)
कैंब्रिज यूनिवर्सिटी दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में से एक है। यह उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले भारतीय छात्रों में पसंदीदा विश्वविद्यालय है। एकेडमिक एक्सीलेंस का कैंब्रिज विश्वविद्यालय का लंबा इतिहास रहा है जबकि एडवांस्ड रिसर्च और बेहतरीन एजुकेशनल प्रोग्राम्स इसे छात्रों के लिए एक आकर्षक विकल्प बनाते हैं। एक्सीलेंस के लिए अपनी वैश्विक प्रतिष्ठा के साथ, कैम्ब्रिज की डिग्री को दुनियाभर में बहुत महत्व दिया जाता है। 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक कैंब्रिज विश्वविद्यालय में लगभग 1900 भारतीय छात्र पढ़ रहे हैं।
द यूनिवर्सिटी ऑफ मेलबर्न (ऑस्ट्रेलिया)
मेलबर्न यूनिवर्सिटी ऑस्ट्रेलिया के सबसे टॉप विश्वविद्यालयों में से एक है। यह विश्वविद्यालय अपने नये प्रकार के पाठ्यक्रम, अलग-अलग देशों की विविधता वाले सेंटर, अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए सहायता, मजबूत उद्योग संबंधों के लिए जाना जाता है। साल 2022 की एक रिपोर्ट के मुताबिक मेलबर्न यूनिवर्सिटी में भारत के 2000 से भी ज्यादा छात्र पढ़ रहे हैं। यहां भारत के 100 छात्रों में से 70 छात्रों के चयनित होने की संभावना होती है।
कोलंबिया यूनिवर्सिटी (अमेरिका)
कोलंबिया यूनिवर्सिटी भारत सहित दुनियाभर के छात्रों को आकर्षित करती है। कोलंबिया यूनिवर्सिटी की ऐसी कई खासियतें हैं जो भारतीय छात्रों को बहुत पसंद आती है जैसे प्रतिष्ठित नाम, अच्छे एजुकेशनल प्रोग्राम्स, लोकेशन (न्यूयॉर्क), और अंतरराष्ट्रीय छात्रों को सुविधाएं। साल 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत के 1100 से भी ज्यादा छात्र पढ़ रहे हैं। जबकि कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारतीय छात्रों के सेलेक्ट होने के चांसेस 100 में से सिर्फ 6 है।
यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो (कनाडा)
टोरंटो यूनिवर्सिटी भारतीय छात्रों में लोकप्रिय है। इसकी कई विशेषताएं भारतीय छात्रों को अपनी ओर आकर्षित करती है जैसे यूनिवर्सिटी की प्रतिष्ठा, विविधताएं, टोरंटो जैसी बहुत हाईटेक और विकसित जगह में मौजूदगी, और कैरियर के अपार स्कोप। टोरंटो यूनिवर्सिटी भारतीय छात्रों को इसलिए भी इतनी पसंद आती है क्योंकि टोरंटो में पहले से लाखों भारतीय रहते हैं जो भारतीय छात्रों को वहां पर एडजस्ट करने में मदद करते हैं। वर्ष 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक टोरंटो यूनिवर्सिटी में भारत के लगभग 2,100 छात्र पढ़ रहे हैं। टोरंटो यूनिवर्सिटी में भारत के 100 छात्रों में से 43 छात्र सेलेक्ट होने के चांस होते हैं।
एडिलेड यूनिवर्सिटी (ऑस्ट्रेलिया)
एडिलेड यूनिवर्सिटी विभिन्न विषयों में कोर्सेज की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदान करती है। एडिलेड को दुनिया के सबसे सुरक्षित शहरों में से एक माना जाता है और विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए सहायक वातावरण भी प्रदान करता है। वर्ष 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक एडिलेड विश्वविद्यालय में लगभग 9,000 से भी ज्यादा छात्र पढ़ रहे हैं और यहां पर भारतीय छात्रों के सेलेक्ट होने के चांसेस 100 में से 75 है।
मैकमास्टर यूनिवर्सिटी (कनाडा)
मैकमास्टर यूनिवर्सिटी को कनाडा में अपनी हाई क्वालिटी एजुकेशन के लिए जाना जाता है। यहां भारतीय छात्रों को पढ़ाई के दौरान अधिक सहज और अच्छा वातावरण मिलता है। साल 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक मैकमास्टर यूनिवर्सिटी में 1,200 से भी अधिक भारतीय छात्र पढ़ रहे हैं और यहां पर भारत के 100 छात्रों में से 59 छात्रों के सेलेक्ट होने के चांसेज हैं।
वाटरलू विश्वविद्यालय (कनाडा)
वाटरलू यूनिवर्सिटी अपनी हाई क्वालिटी एजुकेशन, प्रसिद्ध अनुसंधान सुविधाओं, अपने वर्ल्ड क्लास कैंपस और फैकल्टी के लिए भारतीय छात्रों के बीच बहुत मशहूर है। साल 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक वाटरलू यूनिवर्सिटी में 1,000 से भी ज्यादा भारतीय छात्र पढ़ रहे हैं। वाटरलू यूनिवर्सिटी में भारतीय छात्रों के सेलेक्ट होने के 100 में से 53 चांसेज होते है।
न्यू साउथ वेल्स यूनिवर्सिटी (ऑस्ट्रेलिया)
न्यू साउथ वेल्स यूनिवर्सिटी (UNSW) कई कारणों से भारतीय छात्रों के पसंदीदा विकल्पों में से एक है। सबसे पहले, यह विश्व स्तर पर एक उच्च रैंक वाला विश्वविद्यालय है और अपनी एजुकेशनल एक्सीलेंस और रिसर्च फैसिलिटीज के लिए जाना जाता है। इसके अलावा, यहां विभिन्न विषयों में पाठ्यक्रमों की एक विस्तृत श्रृंखला मिलती है, जिससे छात्रों को अपने पसंदीदा सब्जेक्ट को चुनना आसान हो जाता है। साल 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक न्यू साउथ वेल्स यूनिवर्सिटी में भारत के 1,200 से अधिक छात्र पढ़ रहे हैं और यहां भारतीय छात्रों के सेलेक्ट होने के चांस 100 में से 30 होते है।
यूनिवर्सिटी ऑफ वोलोंगोंग (ऑस्ट्रेलिया)
वोलोंगोंग यूनिवर्सिटी (UOW) ऑस्ट्रेलिया की सबसे प्रसिद्ध यूनिवर्सिटीज में से एक है। हाई क्वालिटी एजुकेशन, एडवांस्ड रिसर्च फैसिलिटीज और अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए सहायक वातावरण जैसे कई कारणों की वजह से यह भारतीय छात्रों के पसंदीदा विकल्पों में से एक है। वोलोंगोंग यूनिवर्सिटी इंजीनियरिंग, व्यवसाय, विज्ञान, कला और प्रौद्योगिकी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में एजुकेशनल प्रोग्राम्स प्रदान करता है। वर्ष 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक वोलोंगोंग यूनिवर्सिटी में भारत के 1,000 से भी ज्यादा छात्र पढ़ते है और यहां पर भारत के 100 छात्रों में से 30 छात्रों के सेलेक्ट होने के चांसेस होते हैं।
वॉरविक यूनिवर्सिटी (यूनाइटेड किंगडम)
वॉरविक यूनिवर्सिटी यूनाइटेड किंगडम की टॉप यूनिवर्सिटीज में शुमार है और अपने एजुकेशनल प्रोग्राम्स, विश्व स्तरीय सुविधाओं और बेस्ट टेक्नोलॉजी के लिए जाना जाता है। वर्ष 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक वॉरविक यूनिवर्सिटी में भारत के 800 से भी अधिक छात्र पढ़त रहे हैं और यहां पर भारत के छात्रों के सेलेक्ट होने के चांस 100 में से सिर्फ 14 हैं।
यह भी पढ़ें: Lithium in J&K: भारत में मिला लिथियम का बहुमूल्य खजाना, जानें इसकी खासियत












Click it and Unblock the Notifications