Fertility Rate: 20 देशों में तेजी से कम हो रही प्रजनन दर, कोरिया और जापान में आधी रह जाएगी आबादी
Fertility Rate: दुनिया में 20 देश ऐसे हैं, जहां की महिलाएं बच्चा पैदा करना ही नहीं चाहती। 2023 में दक्षिण कोरिया, ताइवान और सिंगापुर ऐसे देश रहे हैं जहां प्रजनन दर सबसे कम है।
बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार 2023 में दक्षिण कोरिया की जन्मदर में पिछले साल के मुकाबले 8 प्रतिशत की गिरावट आई और अब यह 0.72 प्रति महिला पर आ गई है। प्रजनन दर ताइवान में 0.80 और सिंगापुर में 0.97 प्रति महिला पर आ गई है। जनसंख्या को स्थिर रखने के लिए प्रजनन दर प्रति महिला 2.1 होनी चाहिए।

करियर आगे और परिवार पीछे
वर्ष 2023 के आंकड़ों के अनुसार हाँगकाँग और मकाउ मे 1.23, इटली में 1.24, स्पेन में 1.29, मॉरीशस में 1.35, जापान में 1.39, ग्रीस में 1.4, पोलैंड मे 1.41, चीन में 1.45 और सर्बिया एवं क्रोशिया में 1.46 है। आमतौर पर, 15 से 45 वर्ष की आयु वाली की महिला को उसके बच्चे पैदा करने की उम्र मे गिना जाता है।
विकासशील देशों में आमतौर पर प्रजनन दर अधिक होती है। महिलाएं आमतौर पर घर के कामकाज में जुटी रहती हैं। काम में हाथ बंटाने और बुढ़ापे में देख भाल के लिए महिलाएं एक से ज्यादा बच्चों को जन्म देती हैं। लेकिन विकसित देशों में, प्रजनन दर और जन्म दर बहुत कम होती है। महिलाएं अक्सर मां बनने से पहले अपना करियर चुनती हैं और इस कारण बच्चे पैदा करने की उम्र निकल जाती है। हांगकांग में तो महिलाएं पितृसत्तात्मक ढांचे को छोड़कर एकल जीवन अपना रही हैं और अपने करियर पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं। अमेरिका में प्रति महिला 2.08 बच्चों का औसत है।
कोरिया में जबर्दस्त जनसंख्या संकट
दक्षिण कोरिया में अगले 50 वर्षों में, कामकाजी उम्र के लोगों की संख्या आधी हो जाएगी। देश की अनिवार्य सैन्य सेवा में भाग लेने के योग्य लोगों की संख्या 58 प्रतिशत कम हो जाएगी, और लगभग आधी आबादी 65 वर्ष से अधिक उम्र की होगी। यह कोरिया की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा के लिए बुरा संकेत है।
कोरिया की सरकार ने घटती जन्म दर को राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है। जिन जोड़ों के बच्चे हैं, उन्हें मासिक सहायता से लेकर रियायती आवास और मुफ्त टैक्सियों तक का उपहार दिया जा रहा है। जन्म दर बढ़ाने के लिए आईवीएफ उपचार के खर्च भी कवर किए जा रहे हैं।
यहाँ पुरुष और महिला दोनों अपने बच्चे के जीवन के पहले आठ वर्षों के दौरान एक साल की छुट्टी के हकदार हैं। पर बावजूद इसके करियर में उन्नति और बच्चों के पालन-पोषण की वित्तीय लागत के बारे में चिंतित महिलाएं बच्चे के जन्म में देरी करने या बच्चे पैदा ही नहीं करने का फैसला करती हैं। 2006 के बाद से दक्षिण कोरिया बाल देखभाल पर सब्सिडी के रूप में 360 ट्रिलियन वोन (270 बिलियन डॉलर) से अधिक का खर्च कर चुका है, फिर भी कम प्रजनन दर को बढ़ाने में विफल रहा है।
2015 में दक्षिण कोरिया में प्रजनन दर 1.24 थी, लेकिन 2018 के बाद से, दक्षिण कोरिया 1 से नीचे की दर पर आ गया है। राजधानी, सियोल में तो पिछले साल सबसे कम प्रजनन दर 0.55 थी। 2023 में लगातार चौथे वर्ष प्रजनन दर में गिरावट आई है। इसका प्रमुख कारण महिलाओं का अपनी कमाई पर ज्यादा ध्यान रखना है।
कोरियाई महिलाएं पुरुषों की तुलना में लगभग दो-तिहाई आय घर लाती हैं। महिलाएं आम तौर पर अपने करियर में ऊंचे पद तक पहुंचने के लिए बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी से बचना चाहती हैं। दक्षिण कोरिया का जनसांख्यिकीय संकट आर्थिक विकास और सामाजिक कल्याण प्रणाली के लिए सबसे बड़ा जोखिम बन गया है, देश की 51 मिलियन की आबादी इस सदी के अंत तक आधी होने की राह पर है। भारत की तरह दक्षिण कोरिया में भी परिवार व्यवस्था है। यहाँ भी बच्चे पैदा करने के लिए शादीशुदा होना पूर्व शर्त के रूप में देखा जाता है। पर अब यहाँ शादियां भी कम हो रही हैं।
जापान में भी प्रजनन दर खतरे के निशान से नीचे
दक्षिण कोरिया इस क्षेत्र में अकेला नहीं है जो तेजी से बढ़ती उम्र की आबादी से जूझ रहा है। पड़ोसी देश जापान में भी 2023 में पैदा होने वाले शिशुओं की संख्या लगातार आठवें साल गिरकर एक नए निचले रिकॉर्ड स्तर पर आ गई है। जापान की प्रजनन दर 2022 में 1.26 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई, जबकि चीन में 1.09 दर्ज की गई, जो एक रिकॉर्ड निचला स्तर भी है।
जापान में कुल पैदा हुए बच्चों की संख्या एक साल पहले की तुलना में 5.1 प्रतिशत गिरकर 758,631 रह गई है, जबकि होने वाले विवाहों की संख्या भी 5.9 प्रतिशत घटकर 489,281 रह गई । 90 वर्षों में पहली बार यह संख्या 500,000 से कम रही है।
जापान में भी बिना विवाह के बच्चे के जन्म को मान्यता नहीं मिलती। जापान भी घटती जन्मदर से निपटने के लिए बाल देखभाल योजना में विस्तार और युवा श्रमिकों के लिए वेतन वृद्धि करने जा रही है। वहाँ जन्मदर में गिरावट एक गंभीर स्थिति में है। जापान में 2030 तक युवाओं की संख्या तेजी से घटेगी।












Click it and Unblock the Notifications