Delhi Court Firing: कभी धमाका तो कभी फायरिंग, दिल्ली की अदालतों में 5 सालों में 7 बड़ी घटनाएं
Delhi Court Firing: दिल्ली के एक कोर्ट में एकबार फिर से फायरिंग का मामला सामने आया है। 5 जुलाई 2023 की दोपहर करीब 1.30 बजे तीस हजारी कोर्ट में वकीलों के दो गुटों में बहस के बाद झगड़ा हो गया, इसके बाद एक वकील ने फायरिंग कर दी। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें देखा जा सकता है कि फायरिंग हवा में हुई थी। कोर्ट परिसर में तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।
इस घटना को लेकर दिल्ली पुलिस के जॉइंट कमिश्नर (सेंट्रल रेंज) परमादित्य ने कहा कि कोर्ट कैंपस से पांच खाली राउंड बरामद किये गये हैं। दिल्ली के कोर्ट परिसरों में गोली चलने का यह कोई पहला मामला नहीं है। बीते कुछ सालों में कोर्ट परिसरों में गोलीबारी की कई घटनाएं दर्ज की गयी हैं।

साकेत कोर्ट के गेट पर महिला को मारी गोली
21 अप्रैल 2023 को साकेत डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में एक वकील ने एक महिला पर चार राउंड फायरिंग की। महिला को दो गोलियां पेट में और एक हाथ में लगी। पुलिस ने घटना के बाद जांच पड़ताल की तो हमलावर वकील ने दावा किया कि पीड़ित महिला को ₹25 लाख दिये थे और वह अब पैसा लौटाने में आनाकानी कर रही थी। दरअसल, महिला फाइनेंशियल विवाद से जुड़े एक मामले की सुनवाई के लिए कोर्ट पहुंची थी। तभी कोर्ट परिसर के लॉयर्स ब्लॉक के बाहर दोनों के बीच कहासुनी हो गयी। इसी बीच आरोपी वकील कामेश्वर प्रसाद सिंह उर्फ बिनोद सिंह महिला पर गोलियां चला दी।
एनकाउंटर के डर से चलायी गोली
3 दिसंबर 2022 को एक गैंगस्टर ने दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट के गेट नंबर चार पर हवाई फायरिंग की। घटना के बाद कोर्ट की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने 21 वर्षीय अरमान नाम के शख्स को पकड़ लिया। वह दिल्ली से सटे मेरठ स्थित हसनपुर गांव का रहने वाला है। जांच की गयी तो खुलासा हुआ कि अरमान ने यूपी पुलिस की मुठभेड़ से बचने के लिए कड़कड़डूमा कोर्ट के बाहर गोली चलायी थी। हालांकि, गोली चलते ही वहां हड़कंप मच गया था। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल बरामद किया था।
रोहिणी कोर्ट में वकीलों पर फायरिंग
22 अप्रैल 2022 को दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में फायरिंग की एक घटना हुई थी। खबरों के मुताबिक सुबह 9.40 बजे रोहिणी कोर्ट के बाहर दो वकीलों संजीव चौधरी, ऋषि चोपड़ा और एक अन्य व्यक्ति रोहित बेरी के बीच झगड़ा हो रहा था। झगड़े के दौरान वे सभी कोर्ट के गेट नंबर 8 में घुस गये। जहां उनके बीच हाथपाई होने लगी।
कोर्ट के गेट पर सुरक्षा में तैनात नागालैंड सशस्त्र पुलिस के जवानों ने बीचबचाव करने का प्रयास किया। बात नहीं बनी तो वकील और सुरक्षाकर्मी भी आपस में उलझ गये। जब वे नहीं माने तो एक पुलिसकर्मी ने गोली चला दी। जिसमें दो वकील घायल हो गये।
बम के धमाकों से दहला रोहिणी कोर्ट
9 दिसंबर 2021 को रोहिणी कोर्ट परिसर के अंदर कोर्ट नंबर 102 में एक बम धमाका हुआ था। इस धमाके के बाद चारों तरफ अफरा-तफरी मच गयी और धुआं-धुआं हो गया। यह धमाका तब हुआ जब कोर्ट रूम में सुनवाई चल रही थी। तभी कोर्ट रूम नंबर 102 में लैपटाप बैग में कम तीव्रता का विस्फोट हुआ। इस लैपटाप बैग में टिफिन बम रखा हुआ था। कम क्षमता वाला बम होने के कारण ब्लास्ट के दौरान किसी की जान का नुकसान नही हुआ। इस घटना के बाद पुलिस ने भारत भूषण नाम के शख्स को गिरफ्तार किया था। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने जानबूझकर साजिश के तहत कोर्ट रूम में IED प्लांट किया था। वह अपने विरोधी वकील अमित वशिष्ठ को मारना चाहता था जो उस वक्त कोर्ट रूम में मौजूद था।
गैंगस्टर जितेंद्र गोगी पर कोर्ट में फायरिंग
24 सितंबर 2021 को वकीलों के भेष में दो शूटर रोहिणी कोर्ट परिसर के अंदर घुसे। उन्होंने दिल्ली के मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की भरी अदालत में गोली मारकर हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दोनों हमलावरों को भी मार गिराया था। इस घटना के दौरान गैंगस्टर और उसके हत्यारों समेत कुल तीन लोगों की जान गयी थी। जबकि चार लोग घायल हो गये। उस दिन गैंगस्टर जितेद्र गोगी पेशी के लिए कोर्ट में आया था। जहां वकील की यूनिफॉर्म में पहले से मौजूद दो हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
तीस हजारी में जब मचा तांडव
3 नवंबर 2019 को दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में पार्किंग को लेकर पुलिसकर्मियों और वकीलों में झड़प हो गयी। मामला इतना बिगड़ गया कि वकीलों और पुलिस के वरिष्ठ अफसरों के बीच मारपीट होने लगी। इसी बीच पुलिस ने फायरिंग कर दी जिससे एक वकील घायल हो गया।
वकील के गोली लगने से मामला और तूल पकड़ गया और उन्होंने पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। कई घंटो तक जमकर बवाल मचा और कोर्ट परिसर एक तरह से युद्ध का मैदान बना गया। इस पूरी घटना में 20 पुलिसकर्मी, एक एडिशनल डीसीपी, 2 एसएचओ को गंभीर चोटें आईं थी। जबकि आठ वकील चोटिल हुए थे। इसके अलावा 12 मोटरसाइकिल, एक क्यूआरटी पुलिस जिप्सी और आठ जेल वैन जलकर खाक हो गयी।












Click it and Unblock the Notifications