Coffee: चाय के विशाल बाजार के सामने बढ़ रही है कॉफी की लोकप्रियता
Coffee: ज़ेरोधा के को-फाउंडर निखिल कामथ ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर भारत के उभरते हुए कॉफ़ी उद्योग के बारे में कुछ दिलचस्प जानकारी शेयर की। कामथ की पोस्ट इस बात पर ज़ोर देती है कि भारत कैसे स्पेशल कॉफी ब्रांड्स की और रुख़ कर रहा है और नए युग में प्रवेश कर रहा है। कामथ ने एक चौंकाने वाली बात शेयर की कि भारत में उत्पादित 70% बिना भुनी कॉफ़ी का निर्यात किया जाता है।
भारत की कॉफी इंडस्ट्री कितनी बड़ी
भारत 2020 में वैश्विक उत्पादन के लगभग 3% हिस्से के साथ टॉप 10 कॉफी उत्पादक देशों में से एक था। कस्टम मार्केट इनसाइड की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2022 में भारतीय कॉफी बाजार की कीमत 478 मिलियन अमरीकी डॉलर थी और इसकी कीमत 2024-2033 के दौरान 9.87% की सीएजीआर के साथ 2032 तक 1,227.47 मिलियन अमरीकी डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है।

भारतीय कॉफी बोर्ड के अनुसार, 2023-2024 के दौरान पूरे भारत में कॉफी की खपत 60 किलोग्राम के 12,35,000 बैग थी, जो कि 2020 में 11,80,000 बैग थी। आपको बता दें कि जूट की बोरी का इस्तेमाल कॉफ़ी बीन्स को भरने के लिए किया जाता है। अक्सर, इसमें 60 किलोग्राम की मात्रा होती है। इस प्रकार के बैग की शुरुआत ब्राज़ील में हुई और यह दुनिया भर में एक मानक बन गया।
भारत से निर्यात होती है कितनी कॉफी
वित्त वर्ष 2022 के दौरान वैश्विक उत्पादन में 6% की हिस्सेदारी के साथ भारत 2021-22 के दौरान दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा कॉफी निर्यातक (एक्सपोर्टर) बन गया था। वर्ष 2023 तक भारतीय कॉफी का निर्यात 1.12 बिलियन अमेरिकी डॉलर का था। वर्ष 2023 के लिए कॉफी निर्यात वर्ष 2022 के 1.02 बिलियन अमेरिकी डॉलर की तुलना में अधिक था और वाणिज्य मंत्रालय द्वारा तय 1.08 बिलियन अमेरिकी डॉलर के लक्ष्य को पार कर गया था।
ज़्यादा कीमतों और रूस और तुर्की जैसे देशों से इंस्टेंट कॉफी की बढ़ती मांग के कारण अप्रैल-जुलाई 2023 के दौरान भारतीय कॉफी निर्यात में 6% की वृद्धि हुई थी और यह 451.94 मिलियन अमेरिकी डॉलर पहुंच गया था। भारत अपनी कॉफ़ी का लगभग 71% जर्मनी, फ्रांस, रूस, स्पेन, स्लोवेनिया, बेल्जियम, नीदरलैंड, ग्रीस, यूएसए और यूनाइटेड किंगडम जैसे देशों को निर्यात करता है।
देश के किस राज्य में कॉफी का सबसे ज्यादा उत्पादन
भारत में सबसे बड़ा कॉफ़ी उत्पादक राज्य कर्नाटक है, जो देश के कॉफ़ी उत्पादन का 71% हिस्सा है। कर्नाटक का कोडागु जिला अकेले भारत की 33% कॉफ़ी का उत्पादन करता है। अगला सबसे ज़्यादा कॉफ़ी उत्पादन करने वाला राज्य केरल है, जो भारत की लगभग 21% कॉफ़ी का उत्पादन करता है।
कर्नाटक और केरल दोनों मिलकर भारत में उत्पादित कुल कॉफ़ी का लगभग 90% उत्पादन करते हैं। तमिलनाडु भारत का तीसरा सबसे ज़्यादा कॉफ़ी उत्पादन करने वाला राज्य है, जो देश में उत्पादित कुल कॉफ़ी का 5% उत्पादन करता है। इनके अलावा पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भी कॉफी उगाई जाती है।
भारत में मुख्य रूप से दो तरह की कॉफी उगाई जाती है, अरेबिका और रोबस्टा। अरेबिका बीन्स को आमतौर पर अच्छी क्वालिटी वाला और अधिक महंगा माना जाता है, जबकि रोबस्टा बीन्स अधिक मजबूत, कड़वे होते हैं, और अक्सर कॉफी ब्लेंड्स में फिलर या कॉफी की कीमत कम करने के लिए उपयोग किए जाते हैं।
देश में क्यों बढ़ रही कॉफी की डिमांड
भारत में कॉफी की मांग कई कारणों की वजह से बढ़ रही है, जिसमें देश के बदलते स्वाद और पसंद, लोगों की बदलती लाइफस्टाइल और देश भर में तेज़ी से बढ़ रही कॉफी चैन्स और कैफ़े शामिल है। भारतीय रिटेल कॉफी बाज़ार ने पिछले दो वर्षों में लगभग 20% की वृद्धि देखी है, और अगले कुछ वर्षों में बाजार में 20% से अधिक की प्रतिवर्ष वृद्धि होने की उम्मीद है।
देश में बढ़ते इस्टेंट कॉफी के चलन ने भी कॉफी की घरेलू खपत में वृद्धि को बढ़ावा दिया है। कॉफी की खपत में वृद्धि केवल मेट्रो शहरों तक ही सीमित नहीं है। भारतीय कॉफी बाजार रिपोर्ट 2022 में बताया गया कि भारत में खुदरा कॉफी बाजार का मूल्य 2021 में लगभग ₹1,700 करोड़ था और अगले कुछ वर्षों में 20% से अधिक की वार्षिक वृद्धि दर से बढ़ने की उम्मीद है।
देश में कॉफी ब्रांड्स का मार्केट शेयर!
नेस्ले इंडिया की 'नेस्कैफे' 2022 में लगभग 40% के मार्केट शेयर के साथ भारतीय कॉफी बाजार पर हावी था। कंपनी के पास प्रतिदिन लगभग 700 मिलियन कप गर्म और ठंडी कॉफी बेचने का रिकॉर्ड है। हिंदुस्तान यूनिलीवर के 'ब्रू' कॉफ़ी ब्रांड ने 2022 में दूसरा सबसे बड़ा मार्केट शेयर हासिल किया था। ब्रू भारत में नेस्कैफ़े के बाद सबसे लोकप्रिय और खपत किए जाने वाले कॉफ़ी ब्रांड में से एक है। वर्तमान में भारत के टॉप कॉफ़ी ब्रांड में से एक ब्रू भारत में कॉफ़ी उद्योग के 32.45% मार्केट शेयर पर कब्ज़ा करता है।
इसके अलावा, स्टारबक्स, कॉफी कैफे डे, ब्लू टोकाई, स्लीपी आउल और रेज कॉफी जैसी कॉफी चेन भारत के कॉफी बाजार में उभरते हुए खिलाड़ी के रूप में काम कर रही हैं। ये कॉफी चेन भारत भर के टियर 1 और टियर 2 शहरों में तेजी से विस्तार कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications