दीवाली की धूम- बाजारों में चीनी झालरों की बहार

दीपावली पर्व को देखते हुए बाजार में साज-सज्जा की दुकानें सज गई हैं। दुकानों पर विभिन्न प्रकार के सजावट के आइटम हैं। दो वर्ष के अंदर घरेलू साज-सज्जा के सामानों की दुकानें यकायक बढ़ गई हैं। सदर बाजार, कचहरी रोड, बजाजा बाजार, करहल रोड पर कई दुकानों पर इन दिनों सजावटी सामान खरीदने के लिए लोगों की भीड़ लग रही है। लोगों में घर के लिए सजावट का सामान खरीदने की खासी उत्सुकता नजर आ रही है।
रंग-बिरंगे बल्बों वाले ग्लोब, झूमर, घंटियां भी
एक गिफ्ट एंपोरियम संचालक नीरज बैजल ने बताया कि दीपावली पर्व के लिए लोग बड़े-बड़े गुलदस्ते, सीनरी, धार्मिक और फिल्मी पोस्टरों की खरीदारी कर रहे हैं। इस बार झाड़ फानूस लोगों की पहली पसंद बनी हुई है। बाजार में झाड़ फानूस एक हजार रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक के हैं।
बाजार में इलेक्ट्रानिक सजावटी सामान भी लोगों को खूब भा रहे हैं। जलते-बुझते रंग-बिरंगे बल्बों वाली भगवान गणेश-लक्ष्मी की छोटी से बड़ी प्रतिमाएं भी लोगों की पसंद बनी हुई हैं। सौ रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक में ऐसी प्रतिमाएं बाजार में उपलब्ध हैं। रंग-बिरंगे बल्बों वाले ग्लोब, झूमर, दरवाजों पर टांगने के लिए छोटी-छोटी घंटियां लगी झालरें भी ग्राहकों को लुभा रहीं हैं। इनकी कीमत सौ रुपये से लेकर 300 रुपये तक है।
एक गिफ्ट एंपोरियम के संचालक शकील सिद्दीकी का कहना है कि दीपावली के मौके पर घरेलू सजावट वाले आइटमों की अच्छी बिक्री हो रही है। दुकानों पर मध्यम वर्ग के लिए भी कई आइटम मौजूद हैं। दीपावली पर सभी अपने घरों को अच्छे से अच्छे ढंग से सजाने के लिए सजावटी सामानों की खरीदारी कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications