Beautycare Chains: सौंदर्य की दुनिया की ये कंपनियां, जिनका नाम बिकता है
अच्छा दिखना मनुष्य की फितरत है और उसके लिए वह तमाम जतन भी करता है। आजकल फैशन और ब्यूटी इंडस्ट्री में काफी नामी गिरामी कंपनियां है जिनके प्रोडक्ट की बाजार में खूब मांग है और उनकी सर्विस के प्रति लोग उत्सुक रहते हैं।

यों कहें कि इन कंपनियों का नाम बिकता है, तो गलत नहीं होगा। इनका अपना ट्रेंड है और बिजनेस की अलग व दिलचस्प अवधारणा है। ये कंपनियां फ्रेंचाइजी के जरिए लाखों कमाती है।अच्छी जगह का चुनाव, सुंदर डिज़ाइन वाले सेंटर की स्थापना, आकर्षक एवं आरामदायक माहौल तैयार करना और कुशल कारीगरों को चुनना इनकी कमाई में विशेष महत्व रखता है। सौंदर्य उद्योग की दुनिया में तेजी से बढ़ रही इन कंपनियों पर एक नजर डालते हैं।
जावेद हबीब हेयर एंड ब्यूटी लिमिटेड
जावेद हबीब देश के जाने माने केश सौंदर्य के विशेषज्ञ हैं। इन्होंने 2006 में अपनी कंपनी स्थापित की और 2014 से वह फ़्रेंचाइज़िंग व्यवसाय से भी जुड़े हुए हैं। उन्होंने अभिनेत्री प्रियंका घोष के साथ मिलकर मेकअप उद्योग में कदम रखा है। प्रियंका घोष और जावेद हबीब ने मेकअप और हेयरस्टाइल के क्षेत्र में महिलाओं को प्रशिक्षण देने और उन्हें सशक्त बनाने लिए सेमिनारों और कार्यशालाओं की श्रृंखला भी शुरू की है।
इस समय जावेद हबीब की फ़्रैंचाइज़ इकाइयों की संख्या लगभग 500 है और वह हर फ़्रैंचाइज़ से रॉयल्टी शुल्क के रूप में 2500 तक हर महीने लेते हैं। जावेद हबीब हेयर एंड ब्यूटी लिमिटेड देश में हेयर एंड ब्यूटी सैलून श्रृंखलाओं की अग्रणी कंपनी है। जो गुणवत्ता और ब्रांड वैल्यू के कारण बाल और सौंदर्य सेवा के क्षेत्र में लोगों की पहली पसंद बनी हुईं है।
स्टूडियो11 सैलून एंड स्पा
स्टूडियो 11 सैलून एंड स्पा ब्लूमवेल हेल्थ एंड वेलनेस लिमिटेड की प्रीमियम सैलून श्रृंखला है। वर्तमान में भारत में इसके 200 से अधिक सैलून हैं। ग्राहकों की सम्पूर्ण संतुष्टि ,बुटीक माहौल, शानदार सेवा के साथ यह प्रीमियम सैलून और स्पा ब्रांड के साथ यह कंपनी तेजी से शीर्ष स्थान प्राप्त करने की ओर अग्रसर है। स्टूडियो11 सैलून एंड स्पा की स्थापना 2013 में कल्याण क्षेत्र में हुईं थी।
ट्रूफ़िट एंड हिल
ट्रूफ़िट एंड हिल लंदन की सबसे पुरानी नाई की दुकान की श्रृंखला है। जिसने भारत में भी अपने व्यवसाय का विस्तार किया है। 1805 में स्थापित, लॉयड्स लक्ज़रीज़ लिमिटेड (एलएलएल) ने ट्रूफिट एंड हिल के लिए मास्टर फ्रैंचाइज़ लाइसेंस 2015 में देना शुरू किया। वर्तमान में पुरुषों से संबंधित विभिन्न लक्जरी ब्रांडों में यह एक अत्यंत चर्चित ब्रांड है। इस समय भारत में इसकी फ्रैंचाइज़ की संख्या 200 के आसपास है और यह कंपनी रॉयल्टी के रूप में कुल आय का 10 प्रतिशत चार्ज करती है।
शहनाज़ हुसैन ग्रुप
शहनाज़ हुसैन ग्रुप प्राकृतिक सौंदर्य और बुढ़ापा रोधी उपचार के क्षेत्र में भारत की अग्रणी कंपनी है। कंपनी की प्रोमोटर शहनाज़ हुसैन कॉस्मेटिक थेरेपी और कॉस्मेटिक विज्ञान की एक्सपर्ट हैं। उन्होंने बहुत कम पूंजी के साथ अपने घर से ही खुद का हर्बल क्लिनिक शुरू किया।
आयुर्वेदिक प्रणाली के आधार पर त्वचा, बाल और शरीर की देखभाल के लिए खुद के नाम से उत्पाद तैयार किए उनके फॉर्मूलेशन और उपचार प्राकृतिक सौंदर्य को निखारने वाले हैं। शहनाज़ ने सौंदर्य संस्थान, वुमन्स वर्ल्ड इंटरनेशनल भी शुरू किया है।
1993 में, उन्होंने मेन्स वर्ल्ड इंटरनेशनल की शुरुआत की। शहनाज़ हुसैन समूह की भारत और विदेश में 200 से अधिक फ्रेंचाइज हैं। समूह के पास हर्बल ब्यूटी सैलून और अंतर्राष्ट्रीय सौंदर्य प्रशिक्षण क्षेत्र में भी फ्रेंचाइज़ के अवसर उपलब्ध हैं। शहनाज हुसैन समूह रॉयल्टी शुल्क के रूप में आय का 10 प्रतिशत चार्ज करता है।
लक्मे सैलून
सौंदर्य उद्योग में लक्मे बहुत ही प्रतिष्ठित नाम है। सौंदर्य प्रसाधनों, त्वचा देखभाल उत्पादों और सौंदर्य सैलून की एक इसकी एक विस्तृत श्रृंखला है। यूनिलीवर की यह कंपनी लक्मे भारतीय महिला की जरूरतों की गहन समझ रखती है।
अंतरराष्ट्रीय कॉस्मेटिक तकनीक के संयोजन से लक्मे अपने उपभोक्ताओं को उत्पादों और सेवाओं का एक विस्तृत रेंज उपलब्ध कराती है। 1952 में स्थापित यह कंपनी 1998 से फ़्रैंचाइज़ दे रही है। इस समय इसकी इकाइयों की संख्या लगभग 270 हैं और यह कंपनी रॉयल्टी शुल्क के रूप में आय का 5 प्रतिशत लेती है।
लक्मे सैलून अत्याधुनिक तकनीक, पेशेवर हेयर स्टाइलिस्ट और सौंदर्य विशेषज्ञों की टीम के साथ देश के प्रीमियम सैलून की सेवा दे रही है। लक्मे का दावा है कि उसके साथ 2200 से अधिक विशेषज्ञों की एक टीम है, जो दस लाख ग्राहकों को सेवा दे रही है।
ग्रीन ट्रेंड्स यूनिसेक्स
ग्रीन ट्रेंड्स यूनिसेक्स हेयर एंड स्टाइल सैलून देश में सबसे तेजी से बढ़ते सैलून ब्रांडों में से एक है, जो किफायती दरों पर बालों और संपूर्ण त्वचा की देखभाल करती है। ग्रीन ट्रेंड्स फैमिली सैलून कॉन्सेप्ट में एक अग्रणी कंपनी है, जो सौंदर्य व ग्रूमिंग समाधानों की पूरी श्रृंखला पेश करती है। 1989 में इस कंपनी का गठन हुआ और 2003 से यह फ़्रेंचाइज़ व्यवसाय में है। इस समय देश में इसकी लगभग 120 फ्रेंचाइजी इकाइयां हैं।
लुक्स
लुक्स सैलून सौंदर्य उद्योग में भारत की शीर्ष 10 ब्रांडों में से एक है। ब्रांड प्रत्येक सैलून में सेवाओं की प्रीमियम गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह पेशेवर अप्रोच अपनाती है। लुक्स यूनिसेक्स सैलून अपनी फ्रैंचाइज़ी को प्रशिक्षण और उत्पादों का भी पूरा ख्याल रखती है।
लुक्स सैलून फ्रैंचाइज़ी टीम अपने मानकों के अनुसार इकाई स्थापित करने में मदद करती है और इसे प्रभावी ढंग से चलाने में पूरा सहयोग करती है। कंपनी की स्थापना 2000 में हुईं और इसने फ़्रेंचाइज़ व्यावसाय 2006 से शुरू किया। इस समय इसकी फ़्रैंचाइज़ इकाइयों की संख्या 400 से ऊपर है और यह फ़्रेंचाइज़ शुल्क के रूप में 5 लाख रुपये चार्ज करती है।












Click it and Unblock the Notifications