रामदेव बनाम कांग्रेस: कौन सही कौन गलत
बैंगलोर। बाबा रामदेव का कहना है कि पतंजलि योगपीठ के कर्मचारी को 25- 30 लाख रूपये की चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया, इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। इसे अब एक अपहरण की घटना के तौर पर पेश किया जा रहा है। रामदेव ने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता में उनकी छवि को खराब करना चाह रही है। रामदेव ने यह भी आरोप लगाये कि सरकार कुछ देह व्यवसायिकों को मेरे आश्रम में प्रवेश करवाने की कोशिश कर रही है। जिससे कि उन्हें गिरफ्तार कर मुझ पर सेक्स रैकेट और ड्रग्स देने का आरोप लगाया जा सके।
वहीं मामले में अपहरण के शिकार पतंजलि योगपीठ के कर्मचारी नितिन त्यागी के परिवार ने उत्तराखंड सरकार से सीधे गुहार लगाई। जिसके बाद रामदेव के भाई रामभगत पर अपहरण का आरोप लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि रामभगत ने नितिन का अपहरण कर एक कमरे में बंद कर रखा था और उसे बुरी तरह पीटा भी था और अब वह फरार है। रामदेव ने सीधे गांधी परिवार पर निशाना साधा और कहा कि जब सीबीआई और ईडी उनके खिलाफ सबूत इकट्ठे नहीं कर पाई है तो केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर उनके पीछे पड़ गये हैं, साथ ही सवाल यह भी उठाये जा रहे हैं कि नितिन का परिवार सीधे मुख्यमंत्री तक कैसे पहुंच गया?
इसका एक पहलू यह भी है कि बाबा रामदेव इन दिनों भाजपा के लिए प्रचार कर रहे हैं, जिसमें उन्होने एक तरह से कांग्रेस विरोधी रूख अपना रखा है। पिछले दिनों छत्तीसगढ़ में अपने योग शिविर में भाजपा के लिए चुनाव प्रचार करने पर उन्हें चुनाव आयोग ने नोटिस भी जारी किया था। माना जा रहा है कि इसी का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। इतने लंबे समय तक विवादों में रहने के बावजूद रामदेव के खिलाफ सीबीआई को कुछ भी ऐसा नहीं मिला है, जिसके आधार पर रामदेव को कठघरे में खड़ा किया जा सके।
इस पूरे प्रकरण में रामदेव पर तो सवाल उठ ही रहे हैं, साथ ही रामदेव के प्रति सरकार के रवैये पर भी सवाल किये जा रहे हैं। इस पर आपका क्या कहना है, हमारे कमेंट बॉक्स में अपनी प्रतिक्रिया जरूर दें।

कांग्रेस मुझे बदनाम कर रही है
योग गुरु बाबा रामदेव ने मंगलवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह उनके खिलाफ साजिश रच रही है। उन्होंने यह प्रतिक्रिया पतंजलि आश्रम में एक व्यक्ति को बंधक बनाए जाने पर उनके भाई के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किए जाने के बाद दी है। रामदेव ने यहां संवाददाताओं से कहा, "मैं एक अपराधी की तरह पेश किया जा रहा हूं। यह पिछली कुछ घटनाओं से स्पष्ट हुआ है कि मेरा उत्तराखंड सरकार एवं केंद्र की कांग्रेस सरकार द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है और मुझे निशाना बनाया जा रहा है।"

रामदेव ने कहा कि कर्मचारी ने 25- 30 लाख रूपये की चोरी की
घटना का ब्यौरा देते हुए रामदेव ने कहा, "पतंजलि आश्रम के एक कर्मचारी को 25-30 लाख रुपये चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। उसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश मेरे विरोधियों ने इसे अपहरण की घटना के रूप में पेश किया।" रामदेव ने कहा कि उत्तराखंड की कांग्रेस सरकार पतंजलि आश्रम में देह व्यापारियों को प्रवेश कराने की कोशिश कर रही है, जिन्हें बाद में पकड़ा गया और उन्हें आरोपी के रूप में पेश किया जा रहा है।

कांग्रेसियों ने रामदेव को काले झंडे दिखाए
मध्य प्रदेश में इंदौर प्रवास पर आए योगगुरु रामदेव को काले झंडे दिखा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस लाठीचार्ज मंे दो कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। कांग्रेस नेताओं के खिलाफ रामदेव द्वारा की गई टिप्पणी से नाराज कार्यकर्ता मंगलवार को इंदौर प्रवास के दौरान उनका विरोध कर रहे थे।

घोटालों की एफआईआर के पीछे घोटाला
योग गुरु बाबा रामदेव ने एक बार फिर कांग्रेस नेतृत्व वाली केंद्र की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि किसी भी घोटाले की प्राथमिक सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) के पीछे भी घोटाला होता है। मध्य प्रदेश के जबलपुर में शुक्रवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए योग गुरु बाबा रामदेव से कोयला घोटाले में उद्योगपति के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने के सवाल पर कहा कि यह एफआईआर रुपयों की वसूली के लिए लिखी गई है। घोटाले की एफआईआर के पीछे भी घोटाला होता है।

भाजपा से आयोग वसूलेगा रामदेव पर हुआ खर्च
निर्वाचन आयोग ने बुधवार को बाबा रामदेव पर शिकंजा कसने का संकेत दिया है। छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुजूर ने कहा कि जिस तरह से रामदेव ने भाजपा के पक्ष में प्रचार किया है वह पेड न्यूज माना जाएगा और उनके कार्यक्रमों पर खर्च हुई सरकारी राशि की वसूली भाजपा से की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications