Anand Mahindra: छुपी हुई उपलब्धियों के बड़े प्रचारक हैं उद्योगपति आनंद महिन्द्रा
Anand Mahindra: आनंद महिन्द्रा देश के नामी उद्योगपति हैं। पर वह ज्यादा सुर्खियां बटोरते हैं छोटी छोटी बातों को बड़ा महत्व दिलाने में। वह अपने ट्वीट या बयान में कुछ ऐसे लोगों की खोज या उपलब्धियों की चर्चा करते हैं, जिनका आम तौर पर कोई बड़ा नाम नहीं होता और वे छोटे कस्बे या गांवों में रहते हैं। आनंद महिन्द्रा देश के कुछ उन उद्योगपतियों मे शामिल हैं, जो दिल खोल कर समाजसेवा भी करते हैं।
अभी दो दिन पहले इंजीनियर्स डे था। हम सभी जानते हैं कि सर विश्वेश्वरैय्या के जन्मदिन पर हम इंजीनियर्स डे मनाते हैं। पर आनंद महिन्द्रा ने इस दिन दशरथ मांझी को याद किया, जो बिहार के गया जिले के पास एक गांव में रहते थे और उन्होंने अकेले पहाड़ काट काट कर 22 सालों में एक मार्ग बनाया था। आनंद महिन्द्रा ने अपने ट्वीट में लिखा- हम उस आदमी के लिए अपना सिर झुकाते हैं, जो इंजीनियर तो नहीं था। उसने किसी तकनीकी संस्थान से कोई डिग्री भी नहीं ली थी। वह कंप्यूटर भी नहीं जानता था। उसने किसी मशीन को भी ईजाद नहीं किया। लेकिन उसके अंदर वही विश्वास था जो हर इंजीनियर में होता है- कुछ भी असंभव नहीं।' उनके इस पोस्ट को कुछ ही घंटे में एक लाख 60 हजार लोगों ने देखा था।

आनंद महिन्द्रा ने 14 सितंबर को उत्तरप्रदेश के हरदोई के इरफान के बारे में ऐसा ही एक ट्वीट किया था। इरफान ने 12 साल की मेहनत से जमीन के अंदर दो मंजिला मकान खुद बनाया है। इस मकान में 11 कमरे हैं। एक मस्जिद है। गैलरी है और ड्राइंग रूम भी है। आनंद महिन्द्रा ने इरफान के बारे में लिखा- यह तो अनोखा है। हमें और ऐसे आर्टिकेक्ट की जरूरत है।
आनंद महिंद्रा ने हाल ही में भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव के लिए एक नया नाम सुझाया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा - क्या हम उनकी गेंदबाजी शैली का नाम चाइनामैन से बदलकर यादव तांडव कर सकते हैं'।
श्वेता की शानदार कहानी और आनंद महिंदा का ट्वीट
श्वेता कट्टी कमाठीपुरा में पली बढ़ी। उन्होंने न्यूयॉर्क के बार्ड कॉलेज से पूरी छात्रवृत्ति हासिल की और विदेश में पढ़ाई करने वाली भारतीय रेड लाइट एरिया की पहली लड़की बन गईं। श्वेता कट्टी का जन्म और पालन पोषण एशिया के सबसे कुख्यात रेडलाइट इलाकों में से एक कमाठीपुरा में हुआ था। वह परिवार में तीन बेटियों में सबसे बड़ी थी और 16 साल की उम्र तक वेश्यालय में पली-बढ़ी। 2012 में वह क्रांति नामक एक गैर सरकारी संगठन से जुड़ीं जो मुंबई के रेड लाइट इलाकों की लड़कियों को सामाजिक परिवर्तन का एजेंट बनने के लिए सशक्त बनाता है।
हाशिए पर रहने वाली लड़कियों के लिए अपने काम के कारण श्वेता को न्यूज़वीक की अंडर 25 महिलाओं की सूची में शामिल किया गया था। उन्हें न्यूयॉर्क के बार्ड कॉलेज से पूरी छात्रवृत्ति भी मिली और वह विदेश में पढ़ाई करने वाली भारतीय रेड लाइट एरिया की पहली लड़की बन गईं। उन्हें राष्ट्र युवा साहस पुरस्कार भी मिला। पर उनके बारे में पूरा देश तब जाना जब आनंद महिंद्रा ने ट्वीट कर कहा - जब आप श्वेता की कहानी पढ़ेंगे तो भविष्य के बारे में आप किसी भी तरह से निराशावादी नहीं हो पाएंगे। और यदि आपने अच्छा प्रदर्शन करने का लक्ष्य बना लिया है ताकि आप श्वेता जैसे अन्य लोगों को आगे बढ़ने में सक्षम बना सकें तो हर दिन रविवार जैसा महसूस होगा।
शशि भडवाल को बताया था अपनी प्रेरणा का स्त्रोत
महिन्द्रा इंजीनियरिंग कालेज से जुड़ी शशि भडवाल की भी ऐसी ही कहानी है। लड़की होने के कारण शशि के परिवार ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई का विरोध किया। पर शशि ने अपनी रुचि से कोई समझौता नहीं किया और आज वह मैकेनिकों और इंजीनियरों की एक टीम का नेतृत्व करती हैं जो हर जगह महिलाओं के लिए आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त कर रही हैं। इस पर आनंद महिंद्रा ने 6 अप्रैल 2021 को ट्वीट कर लिखा था कि आज मंगलवार है इसलिए मैं इसे अपना मंडे मोटिवेशन नहीं कह सकता लेकिन इस सप्ताह के बाकी दिनों में शशि अभी भी मेरी प्रेरणा का स्रोत हैं।
इसरो का रोचक तरीके से आभार
मशहूर उद्योपति आनंद महिंद्रा ने चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग के लिए अपने अलग अंदाज में इसरो का धन्यवाद किया। उनका ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस ट्वीट में देखा जा सकता था कि उनकी कंपनी की कार चांद पर उतर रही है। इस वीडियो को देखने के बाद लोग पूरी तरह से हैरान थे कि ये क्या हो रहा है। हालांकि वह एक एनिमेशन वीडियो था और इसे महिंद्रा एंड महिंद्रा के एक अधिकारी ने बनाया था।
10 साल की कड़ी मेहनत को शाबाशी
आनंद महिंद्रा सोशल मीडिया पर लोगों को अक्सर मोटिवेट करते रहते हैं। सी अशोक कुमार नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा था कि 10 साल की कड़ी मेहनत के बाद नई महिंद्रा 700 खरीदी है। आपके आशीर्वाद की जरूरत है। आनंद महिंद्रा ने उनके ट्वीट का जवाब दिया, जिसने लोगों का दिल जीत लिया। अशोककुमार के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा कि धन्यवाद लेकिन यह आप ही हैं जिन्होंने हमें अपनी पसंद का आशीर्वाद दिया है। कड़ी मेहनत से मिली आपकी सफलता के लिए बधाई। हैप्पी मोटरिंग।












Click it and Unblock the Notifications