Akshay Kumar: जब लगातार फ्लॉप फिल्मों से नहीं घबराए अक्षय, जानें किन फिल्मों ने दिया अक्षय को बड़ा झटका
Akshay Kumar: हाल ही में अपनी आने वाली फिल्म 'बड़े मियां छोटे मियां' के प्रमोशन के दौरान अक्षय कुमार ने बताया कि उनकी एक समय पर लगातार 16 फिल्में फ्लॉप थी लेकिन वो मेहनत करते रहे।
गौरतलब है कि बीते कुछ समय से अक्षय की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर चमत्कार नहीं दिखा पा रही, लेकिन ऐसा नहीं है कि अक्षय पहले कभी इस दौर से नहीं गुज़रे। आइए जानते हैं कि पिछले 15 सालों में अक्षय की कौन कौन सी फिल्में फ्लॉप/डिजास्टर रही हैं।

मिशन रानीगंज
अक्षय कुमार की फिल्म 'मिशन रानीगंज' ने बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षा से कमजोर प्रदर्शन किया और इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन इसके बजट से काफी कम रहा था। यह फिल्म 6 अक्टूबर, 2023 को रिलीज हुई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म को ₹55 करोड़ के बजट के साथ बनाया गया था और इसने मात्र ₹33.74 करोड़ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया।
अक्षय कुमार ने फिल्म के फ्लॉप होने को स्वीकार किया और इसकी जिम्मेदारी ली है। वैसे यह फिल्म आईआईटी धनबाद के एक बहादुर माइनिंग इंजीनियर जसवंत गिल पर आधारित है, जिन्होंने 1989 में रानीगंज कोयला क्षेत्र में फंसे 65 मजदूरों को बचाया था।
सम्राट पृथ्वीराज
अक्षय कुमार की फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' को बॉक्स ऑफिस पर बड़ा झटका लगा था। बहुत ज्यादा उम्मीद के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल नहीं कर पाई। साथ ही फिल्म प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा समेत सम्राट पृथ्वीराज के मेकर्स ने अक्षय कुमार को इस फिल्म के फ्लॉप होने के लिए जिम्मेदार ठहराया था।
कुछ लोगों का कहना है कि फिल्म को ₹300 करोड़ के बजट के साथ बनाया गया था, तो किसी का कहना है इसे ₹200 करोड़ के बजट के साथ। कुल मिलाकर इस फिल्म को बनाने में कम से कम ₹150 करोड़ खर्च किए गए, जबकि इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन मात्र ₹68.05 करोड़ था।
रक्षाबंधन
'रक्षाबंधन' फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कड़ी मशक्कत करने के बावजूद फ्लॉप हो गई। यह फिल्म 11 अगस्त, 2022 को रिलीज हुई थी। फिल्म की कास्ट द्वारा जबरदस्त प्रमोशन करने के बावजूद यह दर्शकों को आकर्षित करने में सफल नहीं रही और बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई।
इस फिल्म को ₹70 करोड़ के बजट के साथ बनाया गया था, जबकि इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन मात्र ₹44.39 करोड़ था। रक्षाबंधन की कहानी लाला केदारनाथ नाम के एक व्यक्ति के इर्द गिर्द घूमती है, जो अपनी मां से वादा करता है कि पहले वह उसकी बहनों को शादी कराएगा और उसके बाद खुद शादी करेगा।
बच्चन पांडे
अक्षय कुमार की फिल्म 'बच्चन पांडे' को बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिएक्शन नहीं मिला, जिसके कारण फिल्म को फ्लॉप घोषित कर दिया गया। बच्चन पांडे को ₹180 करोड़ के बहुत बड़े बजट के साथ बनाया गया था। लेकिन यह फिल्म विवेक अग्निहोत्री की 'द कश्मीर फाइल्स' के साथ रिलीज हुई, जो उस समय पर ब्लॉकबस्टर रही, जिसके चलते बच्चन पांडे ने लगभग ₹60 करोड़ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन ही किया। अक्षय कुमार की इस कॉमेडी-एक्शन फिल्म में कृति सैनॉन, जैकलीन फर्नांडीज, अरशद वारसी और पंकज त्रिपाठी जैसे प्रमुख सितारे भी थे।
सेल्फी
अक्षय कुमार और इमरान हाशमी की 'सेल्फी' बॉक्स ऑफिस पर चमत्कार दिखाने में विफल रही। यह फिल्म मलयालम फिल्म 'ड्राइविंग लाइसेंस' की रिमेक थी और दर्शकों का ध्यान अपनी ओर नहीं खींच पाई, जिसके चलते इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन मात्र ₹16.44 करोड़ ही हुआ, जबकि इस फिल्म को लगभग ₹110 करोड़ के बजट के साथ बनाया गया था। फिल्म राज मेहता द्वारा डायरेक्ट और करण जौहर द्वारा प्रोड्यूस की गई थी और 24 मार्च, 2023 को इसे रिलीज किया गया था। यह फिल्म एक आरटीओ इंस्पेक्टर और एक प्रमुख अभिनेता के बीच दुश्मनी के इर्द-गिर्द घूमती है।
बेल बॉटम
अक्षय कुमार की 'बेल बॉटम' फिल्म एक बहुत बड़ी फ्लॉप रही थी। लेकिन बेल बॉटम के फ्लॉप होने के पीछे कई कारण रहे जिसमें से सबसे बड़ा कारण यह था कि यह कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर के समय रिलीज हुई, जिसकी वजह से दर्शकों ने इस फिल्म को देखने में कम इच्छा जाहिर की। बेल बॉटम 19 अगस्त, 2021 को रिलीज हुई थी और इसे बहुत बड़ी स्टार कास्ट के साथ ₹150 करोड़ की बजट में बनाया गया था, लेकिन इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन लगभग एक तिहाई यानी कि ₹50 करोड़ ही हुआ, जिसकी वजह से इस फिल्म को फ्लॉप घोषित किया गया।
जोकर
31 अगस्त, 2012 को रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म 'जोकर' भी एक बहुत बड़ी फ्लॉप थी, यहां तक कि कई फिल्म क्रिटिक्स ने तो इस फिल्म को 'डिजास्टर' बताया। इस फिल्म के डायरेक्टर शिरीष कुंदर के साथ मतभेदों के कारण अक्षय कुमार ने फिल्म का प्रचार न करने का भी फैसला किया था।
इस फिल्म के खराब प्रदर्शन के लिए कई कारण सामने आए, जिसमें स्क्रिप्ट अच्छी ना होना, वीएफएक्स अच्छा न होना, और फिल्म का सही से प्रमोशन ना किया जाना शामिल था। फिल्म को ₹47 करोड़ के बजट के साथ बनाया गया था, जबकि इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन आधे से भी कम यानी लगभग ₹22 करोड़ ही किया।
एक्शन रिप्ले
'एक्शन रिप्ले' भी अक्षय कुमार की एक बहुत बड़ी फ्लॉप फिल्म थी। विपुल शाह द्वारा डायरेक्ट की गई और अक्षय कुमार और ऐश्वर्या राय की कास्टिंग के साथ यह फिल्म क्रिटिक्स और दर्शकों, दोनों को अपनी ओर आकर्षित नहीं कर पाई। इस फिल्म को एक 'आइडियल बॉलीवुड मसाला फिल्म' बनाने के लिए इसमें सभी चीजें डाली गई, लेकिन कई कारणों से यह कमजोर पड़ गई, जिसमें ओवर एक्टिंग, खराब जोक्स, और बोरिंग कहानी शामिल थी। इस फिल्म को ₹55 करोड़ के बजट के साथ बनाया गया था, जबकि इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन ही ₹29 करोड़ था।












Click it and Unblock the Notifications