आमिर खान बर्थडे स्पेशल: चॉकलेटी हीरो से मिस्टर परफेक्शनिस्ट तक का सफर
आमिर खान आज 52 साल के हो रहे हैं उन्होंने आठ साल की उम्र में ही फिल्मों में अभिनय शुरू कर दिया था। ऐसे में उनका फिल्मी सफर भी 44 साल का हो चुका है।
नई दिल्ली। आमिर खान आज अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। आमिर खान बॉलीवुड के एक ऐसे एक्टर हैं, जिन्होंने फिल्मी दुनिया में ना सिर्फ अपना एक अलहदा नाम बनाया बल्कि एक्टिंग और फिल्मों को लेकर भी नए मानक सेट किए हैं। आमिर खान ऐसे अभिनेता हैं, जो एक ही फिल्म में खुद 25 साल के दिखते हैं और 55 के भी, जिसे देखने वाले भी हैरत में पड़ जाते हैं कि एक ही आदमी कैसे एक फिल्म के लिए इतनी मेहनत कर सकता है। हाल ही में दंगल में दर्शक ये जादू देख चुके हैं।

आमिर खान को बॉलीवुड का 'मिस्टर परफेक्शनिस्ट' कहा जाता है। वो अपने साथी कलाकार सलमान खान और अक्षय कुमार की तरह एक साल में 3-4 फिल्में नहीं करते हैं बल्कि एक से डेढ़ साल में उनकी फिल्म आती है लेकिन वो फिल्म कमाल कर जाती है, चाहे मामले कमाई का हो या फिर समीक्षकों की उम्मीदों पर खरा उतरने का।

आमिर को घर से ही मिला फिल्मी माहौल
1973 में पहली बार आमिर खान के पिता ताहिर हुसैन फिल्म प्रोड्यूसर थे, उनके अंकल नासिर हुसैन प्रसिद्ध प्रोड्यूसर, निर्देशक और अभिनेता थे। फिल्मों का माहौल घर में ही था। आमिर खान ने आठ साल की उम्र में अभिनय करना शुरू कर दिया था। उनकी पहली फिल्म नासिर हुसैन की यादों की बारात (1973) थी। 1988 में आमिर खान फिल्म 'कयामत से कयामत तक' में हीरो के तौर पर नजर आए फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई और आमिर खान चल निकले।
1988 से 2017 तक लगातार आमिर का जादू दर्शकों पर चलता रहा है। आमिर खान ने दिल, अंदाज अपना अपना, जो जीता वही सिंकदर, राजा हिन्दुस्तानी, सरफरोश, लगान, रंग दे बसंती, दिल चाहता है, गजनी, थ्री इडियट्स, पीके और बीते साल आई ब्लॉकबस्टर दंगल जैसी फिल्में अपने करियर में दी हैं। आमिर खान की फिल्मों के नाम कमाई के भी कई रिकॉर्ड हैं। उनकी दंगल और पीके ने 700 करोड़ से ज्यादा कमाया तो धूम-3 ने 500 करोड़ का आंकड़ा छुआ है।












Click it and Unblock the Notifications