Banks in USA: अमेरिका में वर्ष 2000 से अब तक 564 बैंक हो गए दिवालिया, औसत 25 बैंक हर साल
अमेरिका जैसे आर्थिक रूप से विकसित देश में बैंक का दिवालिया घोषित होना एक सामान्य प्रक्रिया बन चुकी है।

10 मार्च को अमेरिका के सबसे बड़े बैंकों में से एक सिलिकॉन वैली बैंक ने खुद को दिवालिया घोषित कर दिया। साल 2008 के बाद इसे दूसरी सबसे बड़ी बैंक विफलता माना जा रहा है। अमेरिकी सरकार ने अब इस बैंक को फेडरल डिपॉजिट इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन (एफडीआईसी) के हाथों सौंप दिया है। अब एफडीआईसी सिलिकॉन वैली बैंक की संपत्ति को बेचकर बैंक ग्राहकों और लेनदारों को उनके पैसों का भुगतान करेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक सिलिकॉन वैली बैंक इसलिए दिवालिया घोषित हुआ क्योंकि उसके पास बैंक चलाने की पूंजी खत्म हो गई थी।
अमेरिका में बैकों का दिवालियापन
साल 2000 के बाद से अमेरिका में अब तक कुल 564 बैंक दिवालिया घोषित हो चुके हैं। इसमें सबसे हाल का बैंक जो दिवालिया घोषित हुआ वह सिलिकॉन वैली बैंक है। जबकि वर्ष 2000 में बैंक ऑफ होनोलूलू सबसे पहले दिवालिया हुआ था। इस दौरान अमेरिका में सालाना 24 से 25 बैंक दिवालिया हो चुके है। सिलिकॉन वैली बैंक से पहले 23 अक्टूबर 2020 को अलमेना स्टेट बैंक दिवालिया घोषित हुआ था।
दिवालिया बैंकों में कितना डिपॉजिट
सिलिकॉन वैली बैंक में लगभग $175.4 बिलियन के डिपॉजिट्स थे। साल 2000 के बाद से अमेरिका में जो 564 बैंक दिवालिया घोषित हुए हैं उन सबका कुल डिपॉजिट मिलाकर $522.43 बिलियन था। अगर बात की जाए दिवालिया घोषित होने से पहले इनकी संपत्ति की तो इन सभी बैंकों की दिवालिया घोषित होने से पहले कुल संपत्ति $721.07 बिलियन थी। जबकि सिलिकॉन वैली बैंक की दिसंबर 2022 में कुल संपत्ति $209 बिलियन थी।
सबसे बड़ा बैंक फेलियर
सिलिकॉन वैली बैंक का दिवालिया घोषित होना अमेरिका का अब तक का दूसरा सबसे बड़ा बैंक फेलियर है। जबकि सबसे बड़ा बैंक फेलियर साल 2008 में हुआ था। इस दौरान वॉशिंगटन म्यूचुअल बैंक ने खुद को दिवालिया घोषित कर किया था। दिवालिया घोषित होने के समय वॉशिंगटन म्यूचुअल बैंक की कुल संपत्ति $307 बिलियन थी। तीसरा सबसे बड़ा फेलियर साल 2009 में कोलोनियल बैंक का था। जब यह बैंक दिवालिया घोषित हुआ तब इसकी कुल संपत्ति $25 बिलियन से भी अधिक थी।
अमेरिका में किस वर्ष सबसे ज्यादा बैंक दिवालिया घोषित हुए
अमेरिका में सबसे ज्यादा बैंक साल 2010 में दिवालिया घोषित हुए। उस साल अमेरिका में कुल 157 बैंक दिवालिया घोषित हुए थे। इन बैंकों की कुल संपत्ति $96.5 बिलियन थी। हालांकि साल 2005, 2006, 2018, 2021 और 2022 में वहां एक भी बैंक दिवालिया घोषित नहीं हुआ। अमेरिका में मंदी के समय साल 2008 के आसपास और उसके बाद सबसे ज्यादा बैंक दिवालिया घोषित हुए हैं। जैसे साल 2008 में 25 बैंक, साल 2009 में 140 बैंक, साल 2010 में 157 बैंक, साल 2011 में 92 बैंक, साल 2012 में 51 बैंक और साल 2013 में 24 बैंक।
क्या होता है बैंक दिवालिया होने पर
यदि कोई बैंक अमेरिका में दिवालिया हो जाता है, तो फेडरल डिपॉजिट इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन (एफडीआईसी) उसका अधिग्रहण कर लेता है। एफडीआईसी एक सरकारी एजेंसी है जो बैंक के दिवालिया होने के बाद ग्राहकों के धन की सुरक्षा करती है।
अधिग्रहण के बाद एफडीआईसी बैंक की संपत्ति और देनदारियों का मूल्यांकन करती है। फिर एफडीआईसी द्वारा बैंक में जमा राशि के भुगतान की प्रक्रिया शुरू करती है। एफडीआईसी बैंक की संपत्ति का उपयोग बैंक के खातों वाले ग्राहकों को प्रति खाता $2,50,000 की सीमा तक भुगतान करने के लिए करता है। फिर बैंक की संपत्ति बेची जाती है एफडीआईसी जमाकर्ताओं और लेनदारों को भुगतान करने के लिए जितना संभव हो उतना पैसा वसूल करने के लिए बैंक की संपत्ति बेच देता है।












Click it and Unblock the Notifications