फतेहपुर: दिनदहाड़े रेलवे इंजीनियर की गोली मारकर हत्या, बाइक से आए थे 5 बदमाश
Fatehpur

बदमाशों ने ओवरटेक कर रोकी बोलेरो
जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद के रहने वाले 28 वर्षीय अजय कुमार रेलवे की जीएमआर कंपनी में बतौर इंजीनियर काम कर रहे थे। रोज की तरह वह अपने साथियों के साथ बोलेरो से जा रहे थे। जैसे ही बोलेरो थरियांव थाने के एकारी मोड़ के पास परदेसी ढाबे के पास पहुंची तभी बाइक सवार पांच बदमाशों ने पीछे से बोलेरो को ओवरटेक कर रोक लिया। ड्राइवर श्यामू सिंह को बाहर आने को कहा और उसके बाहर निकलते ही एक व्यक्ति ने सिर पर डंडा मार दिया। ड्राइवर ने बोलेरो को सड़क पर छोड़ खेतों की ओर भाग कर जान बचाई।

इंजीनियर को मारी गोली
तभी एक बदमाश ने अजय कुमार को तमंचे से गोली मार दी, जिससे इंजीनियर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के चश्मदीद ड्राइवर श्यामू सिंह के अनुसार, वह रोज की तरह इंजीनियर अजय कुमार समेत चार लोगों को एकारी के पास बने रेलवे के प्लांट में लेकर जा रहा था। तभी पीछे से आए बाइक सवार हमलावरों ने बोलेरो सवार इंजीनियर की गोली मारकर हत्या कर दी।

हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक कैलाश सिंह, थरियांव थाना प्रभारी सहित अन्य अधीनस्थ मौके पर पहुंचे। एसपी ने घटना का निरीक्षण किया और हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित करते हुए जनपद की सीमाओं को सील करा दिया। उधर, घटना की सूचना पर देर शाम जनपद पहुंचे एडीजी एसएन साबत ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए क्राइम सीन की रिहर्सल कराई, साथ ही प्लांट का दौरा कर साथी कर्मचारियों व ड्राइवर से घटना के बाबत जानकारी जुटाई।












Click it and Unblock the Notifications