VIDEO : एक ऑटो में सवार होकर 27 लोग पढ़ने गए थे बकरीद की नमाज, पुलिस भी रह गई दंग
फतेहपुर, 11 जलाई: यूपी के फतेहपुर जिले में रविवार को एक हैरान कर देने वाला वाक्या हुआ। दावा किया जा रहा है कि यहां एक ऑटो रिक्शा को जब पुलिस ने रुकवाया तो उसमें से एक के बाद एक 27 लोग निकले। एक ऑटो में ड्राइवर सहित 27 लोग बैठे देख पुलिस भी दंग रह गई। सोशल मीडिया पर पूरा वीडियो वायरल हो गया है। बताया गया कि ऑटो सवार महरहा के रहने वाले हैं, सभी लोग घर से बकरीद की नमाज अदा करने बिंदकी आए थे।
Recommended Video

तेज रफ्तार में ऑटो चला रहा था ड्राइवर
मामला कोतवाली बिंदकी के ललौली चौराहे का है। खबरों के मुताबिक, बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में कुछ लोग एक ऑटो रिक्शा में सवार होकर निकले थे। ललौली चौराहे पर पुलिस की नजर तेज गति से जा रहे ऑटो पर पड़ी। ड्राइवर तेज रफ्तार में ऑटो चला रहा था। पुलिस ने दौड़ाकर ऑटो को रोक लिया। इसके बाद पुलिस ने एक-एक करके बच्चों और बड़ों को बाहर निकाला। पुलिस ने जब एक-एक गिनती की तो यह संख्या 27 निकली।

पुलिस ने ऑटो रिक्शा को सीज कर थाने भेजा
पुलिसवाले हैरान थे कि आखिर एक ऑटो में 27 लोग बैठे कैसे। यही नहीं इसमें कई बड़े लोग भी शामिल थे। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए ऑटो रिक्शा को सीज करके थाने भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी ऑटो को रुकवाते हैं, इसके बाद ऑटो से एक के बाद एक लोग निकलते रहते हैं। पुलिस इनकी गिनती करती है। इसके बाद सड़क किनारे खड़ा करके पूछताछ करती है। इसपर एक शख्स कहता है कि नमाज पढ़ने गए थे। शख्स की बात सुनते ही पुलिस अधिकारी उसे फटकार लगाता है।












Click it and Unblock the Notifications