पत्नी और दिव्यांग बच्चे को छोड़ शिक्षक ने कर ली दूसरी शादी, कचहरी में भिड़ गई दोनों पत्नियां, फाड़े पति के कपड़े
फर्रुखाबाद, 16 सितंबर : उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कचहरी के बाहर एक शख्स की दो पत्नियां आपस में भिड़ गईं। मारपीट को रोकने के लिए शिक्षक पति बीच में आया तो पहली पत्नी ने पति को खरीखोटी सुनाते हुए उसके कपड़े फाड़ डाले। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस और कुछ लोगों ने मामले को शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों को सख्त हिदायत देते हुए छोड़ दिया गया। वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया। पति और उसकी दूसरी पत्नी के साथ महिला की मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

क्या है पूरा मामला ?
जहानगंज प्राथमिक स्कूल में तैनात शिक्षक प्रदीप कुमार शुक्ला पर आरोप है कि उन्होंने अपनी पत्नी और एक विकलांग बच्चे को सरकारी नौकरी लगने के बाद छोड़ दिया था। इसके बाद दूसरी शादी कर भी ली थी। इसी बात का विवाद पहले भी महिला आयोग की सदस्य मिथिलेश अग्रवाल के पास रखा गया था। उन्होंने परिवार परामर्श केंद्र को इस मामले को सुनने के लिए कहा था। गुरुवार को सुनवाई के लिए दोनों ही परिवार परामर्श केंद्र पहुंचे थे।

शिक्षक की दोनों पत्नियां आपस में भिड़ीं
इसी दौरान शिक्षक की पहली पत्नी किसी बात पर भड़क गई और शिक्षक की दूसरी पत्नी से भिड़ गई। देखते ही देखते दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। हंगामा देख लोगों की भीड़ लग गई। दोनों महिलाओं को लड़ते देख कचहरी में मौजूद वकीलों ने भी बीच-बचाव की कोशिश की।

पत्नी ने फाड़ डाले पति के कपड़े, वीडियो वायरल
जब दोनों के अलग करने के लिए शिक्षक पति बीच में आया तो पहली पत्नी ने उसपर भी हाथ छोड़ दिया। यही नहीं, पहली पत्नी ने पति के कपड़े तक फाड़ डाले। पति और उसकी दूसरी पत्नी के साथ महिला की मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications