Farrukhabad: 3 दोस्तों ने गंगा में लगाई मौत की छलांग, गहरे पानी में जाने से डूबकर हुई दर्दनाक मौत
गंगा नहाने गए चार दोस्तों में से तीन की गहरे पानी में डूबकर मौत हो गई। चौथा दोस्त भी नदी में छलांग लगाने ही वाला था। वहीं परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से भी इंकार कर दिया और शवों को लेकर गांव चले गए।

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जिसमे गंगा घाट पर मंगलवार को नहाने गए चार दोस्तों में तीन गहरे पानी में डूब कर लापता हो गए। बाहर खड़ा चौथा दोस्त जब अपने दोस्तों को डूबता देख चिल्लाया तो ग्रामीणों ने गंगा में कूदकर उन्हें ढूंढ़ने की कोशिश भी की, लेकिन किसी का कुछ पता नहीं चला। मौके पर दो गांव के लोगों की भीड़ लग गई। जिसके बाद करीब ढाई घंटे में तीनों शव बरामद हो गए।

गंगा में डूबकर 3 दोस्तों की मौत
बता दें कि मंगलवार की सुबह फर्रुखाबाद के कमालगंज में भोजपुर गंगा घाट पर गांव शेखपुर रुस्तमपुर निवासी 19 वर्षीय उजैव, 15 वर्षीय जोहेब अली, 11 वर्षीय अशरफ और 17 वर्षीय समीर नहाने के लिए गए थे। इस दौरान सामने घाट पर उजैव, जोहेब और अशरफ ने नहाने के लिए गंगा में छलांग लगाई। समीर भी गंगा में नहाने की तैयारी कर रहा था कि उसने देखा उजैव, जोहेब और अशरफ गहरे पानी में चले गए हैं। तीनों दोस्त पानी में संघर्ष कर रहे हैं लेकिन वे डूबते ही जा रहे हैं।

Recommended Video

ढाई घंटे बाद हुए शव बरामद, पोस्टमार्टम से किया मना
अपने तीनों दोस्तों को डूबता देख समीर उन्हें बचाने की गुहार लगाने लगा और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। मौके पर पहुंचे कुछ ग्रामीण उन्हें बचाने को गंगा में कूद गए। इतने में समीर ने फोन कर साथियों के परिजनों को सूचना दी। इस पर शेखपुर और भोजपुर गांव के ग्रामीण घाट पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर भोजपुर चौकी प्रभारी राघवेंद्र तिवारी भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
खोजबीन कर रहे ग्रामीणों ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पहले अशरफ और जोहेब का शव बरामद हुआ। जबकि उजैव का शव कुछ देर बाद गंगा से बरामद कर लिया गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया और शव को लेकर गांव चले गए।












Click it and Unblock the Notifications