फर्रुखाबाद: लेनदेन के विवाद में पूर्व सपा विधायक के बेटे ने दो भाइयों को मारी गोली
फर्रुखाबाद। यूपी के फर्रुखाबाद में लेनदेन के विवाद में पूर्व सपा विधायक उर्मिला राजपूत के बेटे पंचशील राजपूत ने अपने साथियों के साथ मिलकर सगे भाइयों को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए| उन्हें उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती किया गया। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल पर जाकर जांच पड़ताल की।

क्या है पूरा मामला
शहर कोतवाली क्षेत्र के बढ़पुर निवासी नीतेश कटियार पुत्र श्रीनिवास व उनका छोटा भाई मानव घर पर ही एसआर बिल्डिंग के नाम से दुकान पर बैठे थे। उनका आरोप है कि स्कार्पियो से सपा के पूर्व विधायक के पुत्र पंचशील राजपूत अपने साथियों के साथ आए और उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी, जिससे नीतेश और मानव के पैर में गोली लगी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना पर डायल 100 पुलिस मौके पर पंहुची। दोनों घायलों को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती किया गया। सूचना मिलने पर एसपी डॉ. अनिल कुमार मिश्रा, कोतवाल सुनील मिश्रा आदि फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और पड़ताल की।
क्या कहते हैं एसपी
घटना के पीछे लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है। एसपी डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि घटना में सपा की पूर्व विधायक के पुत्र व उनके साथियों का नाम सामने आया है। उनकी तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications