Milkipur by-election: सपा की साख बनाम भाजपा की चुनौती, 5 फरवरी को मतदान और 8 फरवरी को आएगा परिणाम
Milkipur by-election: उत्तर प्रदेश की अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीख का ऐलान हो गया है। चुनाव आयोग ने मंगलवार को घोषणा करते हुए बताया कि मिल्कीपुर में मतदान पांच फरवरी 2025 को होगा, जबकि मतगणना आठ फरवरी 2025 को संपन्न होगी।
चुनाव की घोषणा के साथ ही उत्तर प्रदेश में सियासी पारा एक बार फिर चढ़ने लगा है। सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी रणनीतियां बनाने में जुट गए हैं। सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी सपा के बीच मिल्कीपुर उपचुनाव में सीधी टक्कर की संभावना है।

हार का बदला लेना चाहेगी बीजेपी
लोकसभा चुनाव 2024 में अयोध्या सीट जीतने के बाद सपा का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। वहीं, भाजपा इस उपचुनाव को जीतकर अपनी पिछली हार की निराशा को मिटाना चाहती है। पिछले उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था।
ऐसे में भारतीय जनता पार्टी किसी भी हाल में मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान लोकसभा चुनाव 2024 का बदला लेना चाहती है। वहीं, बसपा सुप्रीमो मायावती पहले ही उपचुनाव में हिस्सा न लेने का ऐलान कर चुकी हैं, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
इस चलते खाली हुई थी सीट
2022 के विधानसभा चुनाव में सपा के अवधेश प्रसाद ने मिल्कीपुर सीट पर जीत हासिल की थी। 2024 में सपा ने उन्हें अयोध्या लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाया, जहां उन्होंने शानदार जीत दर्ज की। इसके बाद मिल्कीपुर विधानसभा सीट खाली हो गई, जिसके लिए अब उपचुनाव हो रहा है।
मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर भाजपा और सपा अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गई हैं। सपा अपनी हालिया जीत को बरकरार रखना चाहती है, जबकि भाजपा हर हाल में सीट पर कब्जा जमाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इस उपचुनाव का असर 2027 के विधानसभा चुनावों पर भी दिख सकता है।
मिल्कीपुर यूपी चुनाव की महत्वपूर्ण तिथियां
- अधिसूचना- 10 जनवरी
- नामांकन की आखिरी तारीख- 17 जनवरी
- नामांकन पत्रों की जांच- 18 जनवरी
- नाम वापसी की आखिरी तारीख- 20 जनवरी
- मतदान- 5 फरवरी
- परिणाम- 8 फरवरी












Click it and Unblock the Notifications