Milkipur By-election 2025: सपा ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची, अखिलेश यादव समेत 40 नेताओं के नाम शामिल
Milkipur By-election 2025: उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी ने इस सीट पर अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कुल 40 नेताओं के नाम शामिल हैं।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव द्वारा यह सूची जारी की गई है। इसमें आजम खान, शिवपाल यादव, मैनपुरी सांसद डिंपल यादव, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं। सपा यह सीट किसी भी हाल में अपने पास रखना चाहती है।

सपा की जारी सूची में पार्टी के कई दिग्गज नेताओं के नाम दर्ज हैं। इनमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा, पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा, विधायक गौरव रावत, पूर्व मंत्री राजेंद्र कुमार, सांसद प्रिया सरोज और सांसद लालजी वर्मा के भी नाम शामिल हैं।
समाजवादी पार्टी की ओर से जारी सूची में उपरोक्त दिग्गज नेताओं के साथ पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव व विधायक रामअचल सहित 6 पूर्व मंत्री व 3 विधायकों समेत 40 लोगों के नाम शामिल हैं। इसे प्रतीत हो रहा है कि चुनाव दिलचस्प होने वाला है।
इसलिए खाली हुई थी यह सीट
दरअसल, विधानसभा चुनाव 2022 में इस सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अवधेश प्रसाद चुनाव जीतकर विधायक बने थे। हालांकि लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान समाजवादी पार्टी द्वारा अवधेश प्रसाद को फैजाबाद से सांसद प्रत्याशी बनाया गया और वह चुनाव जीत गए।
उनके चुनाव जीतने के बाद यह सीट खाली हो गई। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी गोरखनाथ द्वारा एक मामला न्यायालय में दाखिल किया गया था। जिसके चलते पूर्व में हुए उपचुनाव के साथ यहां यूपी चुनाव नहीं हो सका। अब यहां 5 फरवरी को मतदान होना है।
मिल्कीपुर में दिखाई दे रहा त्रिकोणीय मुकाबला
मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी और आजाद समाज पार्टी के बीच देखा जा रहा है। भाजपा ने चंद्रभान पासवान को मैदान में उतारा है, जबकि सपा ने अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद पर दांव लगाया है। वहीं, चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी से भी प्रत्याशी मैदान में हैं।
भाजपा ने दलित समुदाय के नेता चंद्रभान पासवान को उम्मीदवार बनाकर क्षेत्र में अपने वोट बैंक को मजबूत करने की कोशिश की है। वहीं, सपा ने युवा नेता अजीत प्रसाद को टिकट देकर युवा और क्षेत्रीय मतदाताओं को लुभाने का प्रयास किया है। चंद्रशेखर आजाद की पार्टी के प्रत्याशी ने इस मुकाबले को और भी चुनौतीपूर्ण बना दिया है।












Click it and Unblock the Notifications