Ayodhya News: अयोध्या के पवित्र राम पथ पर न तो मांस बिकेगा और न ही मदिरा, हटेंगे गुटखा और सिगरेट के भी पोस्टर
Ayodhya news: अयोध्या में श्रद्धा और आस्था की फिजा और सघन होने वाली है। शहर में पहले से ही मांस और शराब की बिक्री पर पाबंदी है, लेकिन अब इसे और कड़ा किया जा रहा है। अयोध्या नगर निगम ने नया प्रस्ताव पारित करते हुए राम पथ के पूरे 14 किलोमीटर के दायरे में इन चीजों की बिक्री पर रोक लगाने का ऐलान कर दिया है।
यह प्रस्ताव अयोध्या के मेयर गिरीश पति त्रिपाठी की अगुआई में गुरुवार को नगर निगम की कार्यकारी समिति की बैठक में पास हुआ। खास बात यह है कि इस प्रस्ताव का दायरा अब फैजाबाद शहर के उन इलाकों तक भी बढ़ा दिया गया है, जो राम पथ के भीतर आते हैं। राम पथ वही मार्ग है, जिस पर श्रीराम मंदिर स्थित है और हजारों श्रद्धालु रोज गुजरते हैं।

मेयर त्रिपाठी ने कहा कि यह फैसला शहर की धार्मिक गरिमा को और ऊंचा करने के मकसद से लिया गया है। इसके साथ ही पान मसाला, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट और इनरवियर जैसे उत्पादों के विज्ञापनों पर भी रोक लगेगी ताकि राम पथ का माहौल पूरी तरह से पवित्र और श्रद्धामय बना रहे।
राम पथ का हिस्सा फैजाबाद में, वहां भी बंद होंगी दुकानें
जानकारी के मुताबिक, सरयू तट से शुरू होकर फैजाबाद शहर तक फैला राम पथ का करीब पांच किलोमीटर लंबा हिस्सा अभी तक इस पाबंदी के दायरे में नहीं आता था। लेकिन नए प्रस्ताव के बाद इस हिस्से में चल रही मांस और शराब की दुकानों को भी बंद करना होगा। नगर निगम जल्द ही इसके अमल का तरीका और समयसीमा घोषित करेगा।
बैठक में नगर निगम की कार्यकारी समिति के 14 सदस्य मौजूद थे, जिनमें एकमात्र मुस्लिम पार्षद सुल्तान अंसारी भी शामिल हैं, जो बीजेपी से ताल्लुक रखते हैं। समिति ने सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पास कर दिया। नगर निगम का कहना है कि शहर की धार्मिक भावना और आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की श्रद्धा के अनुरूप यह कदम जरूरी था।
2025-26 का बजट भी पेश, विकास को मिलेगी रफ्तार
इस बैठक में निगम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ऐतिहासिक बजट भी पारित किया। मेयर त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुए इस सत्र में बताया गया कि अनुमानित आय 7 अरब 56 करोड़ 61 लाख 27 हजार रुपये होगी, जबकि खर्च 7 अरब 42 करोड़ 55 लाख 96 हजार रुपये रहेगा। यानी निगम को करीब 14 करोड़ रुपए का अधिशेष मिलेगा।
राम मंदिर बनने के बाद बढ़ी जिम्मेदारी
श्रीराम मंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। इसे देखते हुए नगर निगम अपनी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा है। राम पथ पर पवित्रता बनाए रखने का यह फैसला भी इसी दिशा में उठाया गया अहम कदम है।
नगर निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि राम पथ पर जहां-जहां पान मसाले, बीड़ी-सिगरेट और अन्य प्रतिबंधित उत्पादों के विज्ञापन लगे हैं, उन्हें जल्द हटाया जाएगा। निगम अधिकारियों की टीम इसके लिए विशेष अभियान चलाएगी।












Click it and Unblock the Notifications