एयर इंडिया की फ्लाइट में बम की सूचना, अयोध्या एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग, 139 यात्री थे सवार
Ayodhya Airport Air India Flight Emergency Landing: मंगलवार को जयपुर से 139 यात्रियों को लेकर अयोध्या आ रहे एयर इंडिया के फ्लाइट में बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया। बम होने की सूचना मिलने के बाद अयोध्या एयरपोर्ट पर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करने के बाद फ्लाइट में सवार 139 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। यात्रियों को बाहर निकालने के बाद सुरक्षा एजेंसियों द्वारा फ्लाइट की जांच शुरू की गई। जयपुर से फ्लाइट टेक ऑफ होने के बाद उसमें बम होने की जानकारी मिली थी।

यात्रियों को फ्लाइट से उतरने के बाद जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। सीआईएसएफ के जवानों द्वारा यात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है तथा विमान में भी बीडीडीएस टीम द्वारा विस्फोटक सामग्री की तलाश की जा रही है।
देर शाम तक अयोध्या एयरपोर्ट पर यात्रियों को रोककर उनकी जांच की जाती रही तथा फ्लाइट में सीआईएसएफ और बम निरोधक दस्ता भी जांच करता रहा। वहीं एयरपोर्ट के बाहर यात्रियों के परिजन यात्रियों के बाहर निकलने का इंतजार करते रहे।
इस बारे में एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार द्वारा बताया गया कि फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली थी। जांच पड़ताल कराई जा रही है। फ्लाइट के अंदर से अभी तक कोई ऐसा सामान बरामद नहीं हुआ है हालांकि फ्लाइट को आइसोलेट कर दिया गया है।
जयपुर से अयोध्या आ रही थी फ्लाइट
दरअसल, मंगलवार को जयपुर एयरपोर्ट से 139 यात्रियों को लेकर एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX765 मंगलवार को दोपहर 12:55 बजे अयोध्या एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी। बताया जा रहा है की फ्लाइट आसमान में थी इसी दौरान फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली।
उसके बाद दोपहर 1:59 पर अयोध्या स्थित महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रनवे पर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद कुछ देर तक यात्रियों को विमान में रोक कर रखा गया। विमान की पूरी तरह से जांच की गई उसके बाद एक-एक यात्री को बाहर निकाला गया।
विमान से यात्रियों को बाहर निकालने के बाद रनवे के किनारे एप्रन पर ही उनको रोक दिया गया। इधर यात्रियों को रोकने के बाद सीआईएसएफ के जवानों और बम निरोधक दस्ते द्वारा फ्लाइट की जांच शुरू कर दी गई। काफी देर तक जांच पड़ताल के बाद भी कोई विस्फोटक सामग्री बराबर नहीं हुई। हालांकि देर शाम तक यात्रियों को एप्रन पर रोक कर रखा गया है। यात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications