मुलायम की पोती दीपाली की शादी में सैफई में जुटा पूरा कुनबा, कई हस्तियों के आने की संभावना
इटावा। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की पोती की शादी की तैयारी जोरशोर से सैफई में चल रही है। मुलायम सिंह के भतीजे स्वर्गीय रणवीर सिंह यादव की बेटी और पूर्व सांसद तेजप्रताप सिंह यादव की बहन दीपाली के विवाह में दिग्गजों का जमावड़ा होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि इस हाईप्रोफाइल शादी में कई बड़े नेता शामिल होंगे। शनिवार को भोज का आयोजन किया गया और रविवार को शादी की रस्में होंगी। मुलायम सिंह यादव, शिवपाल यादव और पूर्व सीएम अखिलेश यादव शनिवार को सैफई पहुंच चुके हैं।

मुलायम सिंह यादव की पोती दीपाली की शादी फिरोजाबाद जिले के गांव फरीदा निवासी अश्विनी यादव से होने जा रही है। अश्विनी चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में एसोसिएट प्रोफेसर हैं। इसी साल मार्च में दीपाली और अश्विनी की सगाई हुई थी। उस समय कोरोना महामारी को देखते हुए शादी की तिथि को आगे बढ़ाया गया था। रविवार को शादी होगी जिसमें शामिल होने के लिए मुलायम कुनबे के कई लोग पहले ही पहुंच चुके हैं। अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव बच्चों के साथ सैफई में ही हैं।

रविवार को दिन में 11 बजे से शादी की रस्में शुरू हो जाएंगी। कोरोना काल में शादी में ज्यादा भीड़ न हो इसका ध्यान रखते हुए शनिवार को ही आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए भोज का आयोजन हुआ। शनिवार को भोज के दौरान शिवपाल सिंह यादव ने लोगों का स्वागत किया। मुलायम सिंह यादव ने भी सैफई पहुंचकर सबसे मुलाकात की और इसके बाद वे इटावा स्थित अपनी कोठी पर लौट गए।

कोरोना महामारी की वजह से कम लोगों को ही शादी में निमंत्रित किया गया है। शनिवार शाम और रविवार तक इस शादी में दिग्गज नेताओं और हस्तियों के आने की संभावना है। मुलायम कुनबे के साथ लालू कुनबे का नजदीकी रिश्ता है। दीपाली के भाई पूर्व सासंद तेजप्रताप सिंह यादव की शादी लालू यादव की बेटी राजलक्ष्मी से हुई है। दीपाली की शादी में लालू और राबड़ी के साथ-साथ तेजस्वी और तेज प्रताप यादव भी आ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications