Mainpuri byelection : अखिलेश-डिंपल ने चाचा शिवपाल से की मुलाकात, कहा- घर के बड़ों का आशीर्वाद साथ है
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और मैनपुरी उपचुनाव के लिए पार्टी की उम्मीदवार डिंपल यादव पीएसपी प्रमुख शिवपाल सिंह यादव से मिलने उनके आवास पहुंचे। चाचा शिवपाल यादव से मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए अखिलेश और डिंपल ने लिखा, 'नेता जी और घर के बड़ों के साथ-साथ मैनपुरी की जनता का भी आशीर्वाद साथ है।' बता दें, शिवपाल यादव ने बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को बहू डिंपल यादव को जिताने का निर्देश दिया था।

शिवपाल यादव से मिलने उनके आवास पहुंचे अखिलेश और डिंपल
सपा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। बीजेपी ने इस सीट पर रघुराज सिंह शाक्य को मैदान में उतारा है। वहीं, सपा ने मुलायम की बहू और अखिलेश की पत्नी डिपंल यादव को प्रत्याशी बनाया है। इस बीच प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव की भूमिका को सवाल उठ रहे थे। हालांकि, अब ये सस्पेंस भी खत्म हो गया है। शिवपाल ने बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को बहू डिंपल यादव को जिताने का निर्देश दिया था, जिसके बाद गुरुवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पत्नी डिंपल यादव के साथ सैफई स्थित शिवपाल यादव के आवास पर पहुंचे।
मैनपुरी उपचुनाव को लेकर रणनीति पर हुई चर्चा, बीजेपी ने कसा तंज
करीब एक घंटे चली मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव और शिवपाल ने मैनपुरी उपचुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव भी मौजूद रहे। इसके अलावा अखिलेश यादव ने यह भी संदेश दिया है कि नेताजी की विरासत को बचाने और डिंपल यादव को जिताने के लिए पूरा परिवार एक है। शिवपाल यादव से मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए अखिलेश और डिंपल ने लिखा, 'नेता जी और घर के बड़ों के साथ-साथ मैनपुरी की जनता का भी आशीर्वाद साथ है।' उधर, शिवपाल और अखिलेश की मुलाकात को लेकर बीजेपी नेता सिद्धार्थनाथ सिंह ने ट्वीट कर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के वक्त अखिलेश यादव को चाचा की याद आ ही गई। सिद्धार्थनाथ ने कहा कि इसे ही हार का डर कहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications