Etawah News: यादव कथावाचक से जाति पूछकर की गई अभद्रता, पैर पर रगड़वाई नाक और जबरन कटवा दिए बाल, जानें मामला
Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा ज़िले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। थाना बकेवर क्षेत्र के दान्दरपुर गांव में कथा के दौरान कथावाचक और उनकी टीम के साथ जातीय भेदभाव की घटना हुई।
मुकुटमणि नामक कथावाचक गांव में श्रीमद्भागवत कथा के लिए आए थे। पहले दिन विधिवत कलश स्थापना के बाद भोजन हुआ। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने कथावाचक की जाति पूछ ली, जिससे विवाद की शुरुआत हुई।

जैसे ही कथावाचक की जाति यादव और अनुसूचित जाति के रूप में सामने आई, कुछ ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उन्होंने कथावाचक से कथावाचन पर सवाल उठाने शुरू कर दिए और वहां का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इस मामले में सपा ने भी कार्रवाई की मांग की है। सपा ने एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि "योगीराज में अत्याचार की सभी सीमाएं पार, PDA से छीना जा रहा हर अधिकार!
इटावा में सत्ता संरक्षित दबंगों के द्वारा कथा वाचक मुकुट मणि यादव के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए उनके सिर के बाल और चोटी काटने तथा हारमोनियम और वाद्ययंत्र को तोड़े जाने की घटना, बेहद शर्मनाक!
भाजपा के राज में समाज का कोई वर्ग सुरक्षित नहीं। दोषियों के खिलाफ़ हो कड़ी कार्रवाई।
जबरन बाल कटवाए, नाक रगड़वाई
विवाद बढ़ते-बढ़ते अपमानजनक हरकतों में बदल गया। कथावाचक और उनकी टीम के सदस्यों को ग्रामीणों ने जबरन पकड़ लिया और पहले उनके बाल कटवाए। इसके बाद उन्हें नाक रगड़ने के लिए मजबूर किया गया।
इतना ही नहीं, कथावाचक से कथित 'शुद्धिकरण' की प्रक्रिया भी कराई गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कथावाचक ने अपनी जाति छिपाई थी, इसलिए वे कथा सुनाने के योग्य नहीं थे।
देखें Video-
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया। वीडियो में कथावाचक को अपमानित करते दृश्य सामने आए, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया।
घटना के बाद समाजवादी पार्टी के नेताओं ने मोर्चा संभाल लिया। सपा सांसद जितेंद्र दोहरे, विधायक राघवेंद्र गौतम और जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य समेत कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
SSP ने दिए जांच के आदेश
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वीडियो की जांच कराई जा रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर भी दी गई है, जिस पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
एसपी ग्रामीण को मामले की तह तक जाकर जांच सौंपी गई है। प्रशासन का कहना है कि जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।












Click it and Unblock the Notifications