शिकार की तलाश में घर के अंदर घुस आया खूंखार मगरमच्छ, जानिए फिर क्या हुआ ?
रात के करीब 10 बज रहे थे। गांव में लगभग सभी घरों में लोग खाना खाने के बाद सोने चले गए थे। सन्नाटा पसर चुका था। तभी एक घर से अचानक आवाजें सुनाई देने लगीं। 'मगरमच्छ, मगरमच्छ', 'भागो, भागो' सुनकर गांव के लोग घरों से बाहर आ गए। देखा तो एक घर में 8 फीट लंबा मगरमच्छ घुसकर बैठा था। मगरमच्छ को देखते ही लोगों के शरीर में सिहरन दौड़ गई। मामला यूपी के इटावा जिले का है।

8 फीट लंबे मगरमच्छ को कमरे में किया बंद
बैदपुरा क्षेत्र स्थित महिला सेंट्रल जेल के सामने जैतिया गांव के हरनाम सिंह के घर में बीती रात 8 फीट लंबा मगरमच्छ घुस आया। परिवार के लोगों की नजर पड़ी तो चीख पड़े। सभी जान बचाकर भाग खड़े हुए। हरनाम सिंह ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को कमरे में ही बंद कर दिया।

एक घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ में आया मगरमच्छ
इसके बाद वन्यजीव विशेषज्ञ को सूचना दी गई। सुबह होने पर वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. आशीष त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और मगरमच्छ को पकड़ने की तैयारी। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने मगरमच्छ को पकड़ लिया। मगरमच्छ को वन विभाग एवं वाइल्डलाइफ की टीम के सुपुर्द कर दिया गया।

हमलावर और एग्रेसिव था मगरमच्छ
मगरमच्छ को पकड़ने वाले डॉ. आशीष त्रिपाठी ने बताया कि जुवेनाइल मगरमच्छ था। गांव वाले बहुत डरे हुए थे। मगरमच्छ बहुत ही हमलावर और एग्रेसिव स्वभाव का था। मगरमच्छ की लंबाई 8 फीट थी, उम्र लगभग डेढ़ से दो वर्ष। माना जा रहा है कि मगरमच्छ भोगनीपुर नहर से भोजन की तलाश में गांव की ओर चला आया होगा। मगरमच्छ को यमुना या चंबल के प्राकृतिक वास में छोड़ दिया जाएगा। हरनाम सिंह ने बताया कि मगरमच्छ की दहशत में वह और उनका पूरा परिवार रातभर जागता रहा।












Click it and Unblock the Notifications