करवाचौथ पर व्रत नहीं रख पाई कोरोना पॉजिटिव महिला, अस्पताल की तीसरी मंजिल से कूदकर दी जान
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में सैफई मेडिकल कॉलेज के कोविड वॉर्ड में भर्ती एक महिला अस्पताल की तीसरी मंजिल से कूद गई। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से अस्पताल में हड़कंप मच गया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन माना जा रहा है कि करवाचौथ पर व्रत और पूजा न कर पाने की वजह से उसने ऐसा कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Recommended Video

आईसोलेशन वॉर्ड में भर्ती थी महिला
मैनपुरी जिले की रहने वाली महिला को 27 अक्टूबर को सैफई मेडिकल कॉलेज के फीमेल न्यूरो सर्जरी विभाग में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। इससे पहले उसका कोविड टेस्ट हुआ था। 29 अक्टूबर को रिपोर्ट में महिला कोरोना पॉजिटिव मिली। इसके बाद महिला को अस्पताल की तीसरी मंजिल पर मौजूद आईसोलेशन वॉर्ड नंबर 5 में रखा गया था।

करवाचौथ की पूजा न कर पाने पर आत्महत्या का शक
करवाचौथ के दिन बुधवार को महिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर खिड़की से कूद गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अपर चिकित्सा अधीक्षक कोविड-19 इंचार्ज अनिल ऐरी ने महिला की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आत्महत्या के कारणों का भी पता किया जा रहा है। उधर, ऐसा माना जा रहा है कि महिला अस्पताल में भर्ती होने की वजह से करवाचौथ पर व्रत नहीं रख पाई और पूजा भी नहीं कर पाई, इसलिए उसने ऐसा कदम उठाया है।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
बता दें, सैफई मेडिकल कॉलेज में इससे पहले भी मरीजों की आत्महत्या के मामले सामने आते रहे हैं। इससे पहले साल 2017 में ओपीडी के चार नंबर फ्लोर पर भर्ती टीवी के मरीज मनोज कुमार ने आत्महत्या कर ली थी। साल 2016 में अस्पताल में भर्ती एक कैदी ने भी खिड़की से कूदकर जान दे दी थी।












Click it and Unblock the Notifications