सैफई के नहर में दिखी डूबी हुई कार, सीट पर मिली नोएडा के युवक की लाश
इटावा। उत्तर प्रदेश के सैफई इलाके में एक नहर में मंगलवार की सुबह को डूबी हुई कार दिखी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कार को बाहर निकाला तो अंदर एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान नोएडा सेक्टर 4 निवासी गजेंद्र सिंह गुड़ावरिया के तौर पर हुई है। पुलिस ने इस मामले की आगे छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस इस केस के बारे में कुछ कह नहीं रही है कि यह हत्या है या हादसा? पुलिस ने इस मामले पर कहा कि गजेंद्र के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।

सैफई इलाके में हवाई पट्टी रोड के पास नहर में ग्रामीणों को डूबी हुई कार का पिछला हिस्सा नजर आया जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को बाहर निकलवाया तो दरवाजा खोलते ही सभी सन्न रह गए। कार की अगली सीट पर युवक की लाश थी। कार का नंबर यूपी 16 बीएम 0452 था। पता करने पर कार का रजिस्ट्रेशन नंबर नोएडा का निकला। छानबीन करने पर युवक की शिनाख्त हुई। मृतक 45 वर्षीय गजेंद्र सिंह गुड़ावरिया नोएडा सेक्टर 4 सी 29 के निवासी थे। पुलिस लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले में आगे कार्रवाई करने में जुट गई है।
नोएडा सेक्टर 15 में बुजुर्ग महिला की हत्या
नोएडा के सेक्टर 15 में स्थित एक घर में घुसकर बुजुर्ग महिला की हत्या कर बदमाशों ने महिला के शव को बाथरूम में बंद कर दिया और घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि प्रथमदृष्टया ऐसा लग रहा है कि प्रॉपर्टी विवाद के चलते महिला की हत्या की गई होगी। फिलहाल पुलिस ने पांच टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। केस का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications