'आज पहली बार लगा, बिन सूरज के उगा सवेरा', मुलायम सिंह के जाने के बाद Akhilesh Yadav की भावुक पोस्ट
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के सिर से पिता मुलायम सिंह यादव का साया उठ गया है। इस दर्द को शब्दों में बयां कर पाना मुश्किल है, लेकिन तस्वीरें देखकर एक बेटे की पीड़ा समझी जा सकती। मंगलवार को पिता मुलायम को मुखाग्नि देने के बाद अखिलेश अल-सुबह तक चिता के पास ही डटे रहे। बुधवार की सुबह अखिलेश ने दो तस्वीरों के साथ बेहद भावुक कर देने वाली बात लिखी है।

पिता की चिता के पास हाथ जोड़े खड़े रहे अखिलेश
अखिलेश यादव ने दो तस्वीरें शेयर की हैं। एक तस्वीर में वे पिता मुलायम सिंह यादव की जलती चिता के पास हाथ जोड़कर अकेले खड़े हुए दिख रहे हैं। वहीं, दूसरी तस्वीर सुबह की है, जब मुलायम का शरीर राख में तब्दील हो चुका है। इस दौरान अखिलेश के साथ परिवार के कुछ और लोग भी मौजूद हैं।

'आज पहली बार लगा...बिन सूरज के उगा सवेरा'
इन दो तस्वीरों के साथ सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भावुक करने वाली पोस्ट लिखी है। उन्होंने लिखा, 'आज पहली बार लगा...बिन सूरज के उगा सवेरा'। सच है, ये सुबह अखिलेश के जीवन की सबसे 'अंधकार' वाली सुबह रही होगी।

सैफई में हुआ मुलायम का अंतिम संस्कार
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का मंगलवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अखिलेश यादव ने पिता मुलायम सिंह यादव को मुखाग्नि दी। पिता के जाने का गम अखिलेश के चेहरे पर साफ दिखा। कभी वह खुद को संभालते दिखे तो कभी उनके आंसू निकल पड़े। इस दौरान उनके सब्र का बांध उस वक्त टूट गया जब अनिल अंबानी ने उन्हें गले लगाया, अखिलेश यादव रो पड़े। शिवपाल सिंह यादव भी मुलायम के निधन के बाद बेहद भावुक दिखे। उन्होंने कहा, "नेताजी हमारे पिता समाने थे। बचपन से लेकर अब तक जितनी भी सेवा कर सकते थे, हमने उनकी सेवा की है। आज हमारे मन का संसार सिकुड़-सिकुड़ा सा लगता है। नेताजी ने पिछड़े, दलित, शोषित और अल्पसंख्यकों को ऊपर ले जाना का काम किया है, लेकिन वो आज हमारे बीच नहीं हैं।"












Click it and Unblock the Notifications