Zubeen Garg के मैनेजर सिद्धार्थ सरमा का शॉकिंग बयान, सिंगर की मौत और पैसों को लेकर सामने रखा ऐसा सच
Zubeen Garg Manager: बॉलीवुड के दिग्गज सिंगर जुबीन गर्ग की रहस्यमयी मौत की जांच के लिए असम पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया गया है। ये स्पेशल टीम फिलहाल सिंगर की मौत के मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
संगीतकार शेखर ज्योति गोस्वामी हुए गिरफ्तार
इसी कड़ी में टीम के अधिकारियों ने गत 25 सितंबर 2025 को संगीतकार शेखर ज्योति गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि शेखर ज्योति गोस्वामी उस ग्रुप का हिस्सा थे, जो जुबीन गर्ग के साथ सिंगापुर यॉट ट्रिप पर गया था।

जुबीन गर्ग के करीबी सहयोगी थे शेखर ज्योति गोस्वामी
इसी यात्रा के दौरान जुबीन गर्ग की अचानक मौत हो गई थी। शेखर ज्योति गोस्वामी को जुबीन गर्ग का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है। कुछ रिपोर्ट्स में ये दावा किया गया है कि वह जुबीन गर्ग के बैंड में ड्रम बजाते थे।
जुबीन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ सरमा के घर पर पड़ा था छापा
इसके साथ ही सिंगर जुबीन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ सरमा के घर में भी छापेमारी की गई थी। हालांकि वहां से क्या बरामद हुआ या उनका इस केस में क्या रोल है, इसका खुलासा अभी तक नहीं किया गया है।
जुबीन गर्ग के मैनेजर का शॉकिंग बयान
वहीं अब सिंगर जुबीन गर्ग की दुखद मौत के कुछ दिनों बाद, उनके मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा ने आखिरकार एक बयान जारी कर गायक के विशाल कैटलॉग के स्वामित्व (Ownership) और उनके रचनात्मक कार्यों से होने वाली कमाई को स्पष्ट किया है।
मैनेजर ने ओपेन लेटर में लिखा सबकुछ
-मैनेजर सिद्धार्थ सरमा ने एक ओपेन लेटर में लिखा है कि आम धारणा के विपरीत, जुबीन गर्ग के 38,000 रिकॉर्ड किए गए गानों में से ज्यादातर का स्वामित्व विभिन्न प्रोडक्शन हाउस और संगीत कंपनियों के पास है।
-दिवंगत सिंगर के मैनेजर सिद्धार्थ सरमा ने अपने ओपेन लेटर में लिखा है- जुबीन गर्ग के लगभग सभी गाने, यहां तक कि सबसे बड़े ब्लॉकबस्टर गाने भी, मेरे उनके जीवन में आने से पहले ही बन चुके थे।
'जुबीन गर्ग को सुपरहिट गानों के लिए कम पैसे दिए गए थे'
-मैनेजर ने लिखा है- जुबीन गर्ग अक्सर इस बात पर अफसोस जताते थे कि उन्हें इन गानों के लिए कितने कम पैसे दिए गए थे जबकि गाने के प्रोड्यूसर्स और लेबल करोड़ों कमा रहे थे। इसकी पुष्टि उन कंपनियों से सीधे की जा सकती है।
-मैनेजर सिद्धार्थ सरमा ने ये भी बताया है कि साल 2021 में सिंगर ने जुबीन गर्ग म्यूजिक एलएलपी की स्थापना करके अपने कुछ बाद के कार्यों पर स्वामित्व बनाने का फैसला किया था। मैनेजर ने ये बताया कि इसी व्यावसायिक इकाई में सिंगर के साथ उन्होंने भी भागीदारी की थी।
'जुबीन गर्ग के पास कंपनी का 60 फीसदी हिस्सा था'
-मैनेजर ने आगे लिखा है- एलएलपी ने अब तक केवल कुछ हजार रुपये मासिक रूप से कमाए हैं। पूरी राशि कंपनी के खाते में ही रहती है, जिसमें से कोई निकासी नहीं होती। जुबीन गर्ग के पास कंपनी का 60 फीसदी हिस्सा था और मैं ये सुनिश्चित करना अपना कर्तव्य समझता हूं कि उनके परिवार को ये हिस्सेदारी सही ढंग से विरासत में मिले।
-मैनेजर सिद्धार्थ सरमा ने ये भी खुलासा किया है कि संगीतकार और गीतकार के रूप में जुबीन गर्ग को जो भी कमाई हुई, वह सीधे उनके निजी बैंक अकाउंट में ही जाती थी और अब वह सिंगर की पत्नी गरिमा को ट्रांसफर होगी।
'मैं जुबीन गर्ग की मौत की जांच में सहयोग कर रहा हूं'
-जुबीन गर्ग की आस्था या वित्तीय संसाधनों के दुरुपयोग के आरोपों का खंडन करते हुए, मैनेजर ने कहा- ये अफवाहें निराधार और बेहद आहत करने वाली हैं। मैंने सिंगर की मौत की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) के साथ सहयोग किया है और आगे भी करता रहूंगा।

-सिद्धार्थ सरमा ने जुबीन गर्ग के फैंस से गलतफहमी न फैलाने का अनुरोध करते हुए अपनी बात कही है। उन्होंने कहा- ये एक इंसान से दूसरे इंसान के लिए एक अनुरोध है। जांच बिना किसी भय या पूर्वाग्रह के आगे बढ़े। जुबीन दा की स्मृति के प्रति हमारा ये कर्तव्य है कि हम गरिमा के साथ सच्चाई का पीछा करें।
जुबीन गर्ग की मौत के बाद से घर पर नहीं हैं मैनेजर
-सिद्धार्थ सरमा का ये बयान विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा गुवाहाटी के दतालपारा इलाके में उनके आवास पर छापेमारी के एक दिन बाद आया है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों की एक टीम गत 26 सितंबर 2025 की सुबह सिंगर के मैनेजर के घर पहुंची थी लेकिन तलाशी शुरू करने से पहले लगभग दो घंटे तक बिल्डिंग के बाहर इंतजार करती रही।
-जब एसआईटी टीम दिवंगत सिंगर जुबीन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ सरमा के अपार्टमेंट की तलाशी लेने पहुंची, तो पाया कि वह बंद था। फिर ताला तोड़ा गया और एक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर की तलाशी ली गई।
-कथित तौर पर जुबीन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ सरमा और उनका परिवार साल 2019 से इस अपार्टमेंट में रह रहे थे। हालांकि, पड़ोसियों ने बताया कि सिंगर की मौत के 2 दिन बाद से उन्हें नहीं देखा गया था।
जुबीन गर्ग की मौत कब और कैसे हुई?
-जुबीन गर्ग का गत 19 सितंबर 2025 को निधन हो गया है। जुबीन गर्ग स्कूबा डाइविंग के लिए समंदर में उतरे थे लेकिन पानी में उतरते ही उनके साथ एक हादसा हो गया। इसके बाद सिंगर को सिंगापुर पुलिस ने समंदर से बचाया था और तुरंत पास के एक अस्पताल ले गए थे।
-जुबीन गर्ग को आईसीयू में भर्ती कराया गया था जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति पर नजर रखी हुई थी और ट्रीटमेंट किया जा रहा था। तमाम कोशिशों के बावजूद, सिंगर ने दम तोड़ दिया था। आपको बता दें कि सिंगर जुबीन गर्ग नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में हिस्सा लेने के लिए सिंगापुर गए थे, जहां उन्हें 20 सितंबर 2025 को परफॉर्म करना था।












Click it and Unblock the Notifications