Zubeen Garg की मौत के केस में बड़ा मोड़, संगीतकार शेखर ज्योति गोस्वामी गिरफ्तार, मैनेजर के घर क्यों पड़ा छापा?
Zubeen Garg Death: बॉलीवुड के दिग्गज सिंगर जुबीन गर्ग की रहस्यमयी मौत की जांच कर रही असम पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने एक अहम कार्रवाई की है। अधिकारियों ने गत 25 सितंबर 2025 को संगीतकार शेखर ज्योति गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया है।
संगीतकार शेखर ज्योति गोस्वामी को किया गया गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि शेखर ज्योति गोस्वामी उस ग्रुप का हिस्सा थे, जो जुबीन गर्ग के साथ सिंगापुर यॉट ट्रिप पर गया था। इसी यात्रा के दौरान जुबीन की अचानक मौत हो गई थी।

पूछताछ के बाद संगीतकार की हुई गिरफ्तारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक शेखर ज्योति गोस्वामी को गत 25 सितंबर 2025 (गुरुवार) सुबह पूछताछ के लिए बुलाया गया था। लंबी पूछताछ के बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि अभी तक ये साफ नहीं है कि उनके खिलाफ कौन-कौन से आरोप तय होंगे और किन धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।
शेखर ज्योति गोस्वामी का जुबीन गर्ग से क्या था रिश्ता?
मीडिया रिपोर्ट्स में शेखर ज्योति गोस्वामी को जुबीन गर्ग का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है। कुछ रिपोर्ट्स में ये दावा किया गया है कि वह जुबीन गर्ग के बैंड में ड्रम बजाते थे। हालांकि, एसआईटी ने इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। यही वजह है कि उनके और जुबीन गर्ग के रिश्ते को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है।
सिंगर के मैनेजर के घर पर हुई छापेमारी
इस गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और भी बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि एसआईटी, सिंगापुर-असम असोसिएशन के कुछ सदस्यों को भी पूछताछ के लिए बुला सकती है। वहीं सिंगर जुबीन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा के घर में भी छापेमारी की गई थी। हालांकि, वहां से क्या बरामद हुआ या उनका इस केस में क्या रोल है, इसका खुलासा अभी तक नहीं किया गया है।
कैसे हुई थी जुबीन गर्ग की मौत?
-गत 19 सितंबर 2025 को सिंगर जुबीन गर्ग सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में परफॉर्म करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान वह दोस्तों के साथ स्कूबा डाइविंग के लिए गए थे। पानी में तैराकी के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी।
-ऐसे में सिंगर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया था। अस्पताल में ट्रीटमेंट के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद यॉट पर मौजूद सभी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिसमें सिंगर के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा का नाम भी मौजूद है।
राजकीय सम्मान के साथ हुआ था अंतिम संस्कार
जुबीन गर्ग के निधन की खबर से पूरे असम और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया था। इस दौरान मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल सहित हजारों लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे थे।












Click it and Unblock the Notifications